App

CSK स्टार उर्विल पटेल का धमाका: रणजी ट्रॉफी में ठोका करियर का पहला दोहरा शतक, 227 गेंदों पर कूट दिए 210 रन

उर्विल पटेल ने रणजी ट्रॉफी में दोहरा शतक लगाकर सबका ध्यान खींचा. उन्होंने गुजरात के लिए खेलते हुए केरल के खिलाफ अपने प्रथम श्रेणी करियर में पहली बार 200 रनों का आंकड़ा पार किया. उन्होंने 227 गेंदों पर नाबाद 210 रन की पारी खेली.

CSK स्टार उर्विल पटेल का धमाका: रणजी ट्रॉफी में ठोका करियर का पहला दोहरा शतक, 227 गेंदों पर कूट दिए 210 रन
Image Credit: उर्विल पटेल. BCCI

चेन्नई सुपरकिंग्स के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज उर्विल पटेल ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में तहलका मचा दिया. टी20 क्रिकेट के स्पेशलिस्ट उर्विल ने रेड बॉल क्रिकेट में अपनी क्लास दिखाई. अपनी जबरदस्त स्ट्रोकप्ले के लिए जाने जाने वाले गुजरात के इस बल्लेबाज ने दोहरा शतक ठोक दिया. उन्होंने 227 गेंदों पर नाबाद 210 रन बनाए. अपनी पारी के दौरान उर्विल ने 17 चौके और छह छक्के लगाए. उन्होंने 214 गेंदों पर ही अपनी डबल सेंचुरी पूरी की.

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात ने 534/9 के स्कोर पर अपनी पहली पारी को घोषित की. उर्विल जब बल्लेबाजी के लिए उतरे तो गुजरात की टीम ने पांच विकेट गंवा दिए थे. उनकी यह पारी मैच की परिस्थितियों को देखकर शानदार थी. उन्होंने मैदान पर उतरने के बाद खुद जिम्मेदारी उठाई और स्कोरबोर्ड को लगातार आगे बढ़ाए रखा. उर्विल ने अपनी पारी के दौरान सिर्फ 91 गेंदों पर शतक पूरा किया था. इसके बाद भी वह रुके नहीं और लगातार चौके-छक्के लगाते रहे.

आईपीएल 2026 में कैसा था प्रदर्शन?

2026 आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए उन्होंने 10 मैचों में 205.21 की स्ट्राइक रेट से 197 रन बनाए थे. उन्होंने सीजन में 20 छक्के और 11 चौके लगाए. सीजन में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 10 मई को लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ आया था. उन्होंने आईपीएल इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक की बराबरी कर ली थी. उर्विल ने 13 गेंदों पर फिफ्टी पूरी की थी. वह उस मैच में 23 गेंदों पर 65 रन बनाए थे. इस मैच में छह छक्के और सात चौके लगाए थे. उन्होंने सबसे तेज अर्धशतक लगाने के मामले में यशस्वी जायसवाल की बराबरी की थी.

शानदार फॉर्म में उर्विल

उर्विल ने उस टूर्नामेंट में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 12 गेंदों पर 24 और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नौ गेंदों पर 17 रन ठोके थे. इसके बाद लखनऊ के खिलाफ उन्होंने असली पावर हिटिंग को दिखाया था. रणजी ट्रॉफी में दोहरे शतक ने यह भी साबित कर दिया कि उनके क्रिकेट में टी20 की आतिशबाजी से ज्यादा भी कुछ है. उन्होंने इसी रणजी सीजन में ओडिशा के खिलाफ 85 और महाराष्ट्र के खिलाफ 72 गेंदों पर 96 रन की पारी खेली थी.

रिटेन होने की ओर बढ़ाए कदम

अब केरल के खिलाफ दोहरा शतक लगाकर उर्विल ने क्रीज पर टिकने की अपनी क्षमता को भी दिखा दिया. उन्होंने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ मिलकर गुजरात को 500 रनों के पार पहुंचाया. आईपीएल में 13 गेंदों पर अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज का अलग रुप दुनिया ने देखा. आईपीएल के आगामी सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 16 दिसंबर को होनी है. उससे पहले टीमों को 17 नवंबर तक रिटेंशन लिस्ट तैयार करनी है. उर्विल ने अपने दोहरे शतक रिटेन होने की ओर कदम बढ़ा दिए हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More