App

5-0 से क्लीन स्वीप का टारगेट: पहली गेंद से बाउंड्री या गेम को डीप ले जाना? टीम इंडिया के उपकप्तान ने बताया प्लान

भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है. उसकी नजर 5-0 से क्लीन स्वीप करने पर है. इसे लेकर उपकप्तान तिलक वर्मा ने अपना और टीम का प्लान सबको बताया है.

5-0 से क्लीन स्वीप का टारगेट: पहली गेंद से बाउंड्री या गेम को डीप ले जाना? टीम इंडिया के उपकप्तान ने बताया प्लान
Image Credit: तिलक वर्मा. BCCI

न्यूजीलैंड के कठिन दौरे की शुरुआत भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार अंदाज में की है. उसने 5 टी20 मैचों की सीरीज को अपने नाम कर लिया है. क्राइस्टचर्च में दो और वेलिंगटन में एक मैच जीतकर 3-0 से वह आगे हो गया है. भारत ऑकलैंड और हैमिल्टन में बाकी बचे दो मुकाबलों को जीतकर टीम इंडिया सीरीज में कीवियों का सूपड़ा साफ करना चाहेगी. उपकप्तान तिलक वर्मा ने अगले दो मैचों की योजना को लेकर खुलकर बात की है और उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें किसी भी क्रम पर बल्लेबाजी करने में कोई भी समस्या नहीं है.

तिलक वर्मा ने सीरीज में क्लीन स्वीप करने पर कहा कि टीम के पास इस सीरीज में पूरी तरह न्यूजीलैंड का सफाया करने का शानदार मौका है. टीम अगला लक्ष्य भारतीय प्रशंसकों को 5-0 की सीरीज जीतते देखने का मौका देना है. दोनों टीमो के बीच सीरीज का चौथा मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 12:30 बजे से खेला जाएगा. अब देखना है कि ऑकलैंड में भारतीय टीम 4-0 की बढ़त हासिल कर पाती है या नहीं.

निचले क्रम में बल्लेबाजी करने पर तिलक ने क्या कहा?

तिलक पिछले कुछ टी20 मैचों में तीसरे से लेकर छठे नंबर तक बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं. उन्होंने क्रम को लेकर लगातार बदलने पर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि निचले क्रम (नंबर 5 और 6) में बल्लेबाजी के कारण उन्हें अपनी रणनीति में बदलाव करने पड़े हैं. तिलक अब क्रीज पर उतरते ही पहली गेंद से बाउंड्री लगाने के मौके तलाशते हैं. उनका मानना है कि यह बदलाव अंधाधुंध शॉट खेलने के लिए नहीं, बल्कि सही समय पर जोखिम उठाने और पारी को आगे बढ़ाने की कला से जुड़ा है.

नंबर-3 पर कैसा रहता है बल्लेबाजों का तरीका?

तिलक ने कहा चौथे टी20 मैच से पहले मीडिया से बात की और कहा, ''नंबर-3 पर खेलने की तुलना में उन्हें नंबर 5 या 6 पर खेलने की चुनौती एकदम अलग होती है. नंबर-3 पर बल्लेबाज को सेट होने का समय मिलता है. वे पहली गेंद पर चौका-छक्का तभी लगाने की सोचते हैं जब गेंद इसके लायक होती है. अगर ऐसा नहीं होता है तो बल्लेबाज सिंगल और डबल लेने की ही सोचते हैं.''

तिलक वर्मा ने किया था मैच फिनिश

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में तिलक वर्मा ने मैच को फिनिश किया था. 181 रन के टारगेट के सामने टीम इंडिया ने एक समय 70 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे. उसके बाद नंबर-6 पर आए तिलक ने 26 गेंद पर नाबाद 51 रन ठोक दिए. ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी के साथ उन्होंने नाबाद 69 रनों की साझेदारी की थी. नीतीश ने 13 गेंदों पर नाबाद 26 रन बनाए थे.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More