SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सूमो के देश में सटासट बैटिंग! टीम इंडिया के सामने पहली बार उतरेगा जापान, 37 साल पुराना है सफर

Japan vs India: 19वीं सदी से लेकर जापान क्रिकेट की अब तक की पूरी कहानी जानिए. 22 सितंबर 2026 को भारत के खिलाफ होने वाले जापान के पहले ऐतिहासिक टी20 इंटरनेशनल मुकाबले से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां.

Written By Rohit Raj
Published: Sep 21, 2026, 03:00 PM IST | Updated: Sep 21, 2026, 03:08 PM IST
Image Credit: भारत बनाम जापान टी20 मैच.
Join

Japan vs India T20I 2026: क्रिकेट का वैश्विक विस्तार अब उन देशों तक पहुंच रहा है जहां कभी इस खेल का नाम तक अनजान था. जापान इसमें तेजी से उभरता हुआ नाम है. एशियाई खेलों और द्विपक्षीय सीरीज के बीच 22 सितंबर 2026 का दिन जापानी क्रिकेट इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होने जा रहा है. यहां की पुरुष क्रिकेट टीम पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आईसीसी के किसी भी पूर्ण सदस्य देश का सामना करेगी. उसका मुकाबला तीन बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले देश भारत से होगा.

यह मैच भारत और जापान के बीच डिप्लोमैटिक रिश्तों के 75 साल पूरे होने और एशियन गेम्स की तैयारी के तौर पर खेला जाएगा. टीम इंडिया 28 सितंबर को एशियन गेम्स में अपने अभियान की शुरुआत करेगी. उसका पहला मुकाबला क्वार्टर फाइनल में अफगानिस्तान, नेपाल या जापान से हो सकता है. तीनों टीमें ग्रुप ए में हैं और इसमें दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम भारत के खिलाफ मैदान पर उतरेगी.

 

 

जापान में क्रिकेट की शुरुआत

जापान में क्रिकेट की शुरुआत की बात करें तो 19वीं सदी के अंत में ब्रिटिश प्रवासियों द्वारा इस खेल को बढ़ाया गया था. हालांकि, यह काफी समय तक केवल सीमित आयोजनों तक ही सीमित रहा. इसके बाद जापान क्रिकेट एसोसिएशन (JCA) की स्थापना 1984 में हुई. जापान को 1989 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की सदस्यता मिली और वर्तमान में यह एक आईसीसी एसोसिएट सदस्य के रूप में कार्य कर रहा है.

बेसबॉल के देश में क्रिकेट ने कैसे बनाई अपनी पहचान?

सूमो, बेसबॉल और फुटबॉल के प्रभुत्व वाले देश में JCA ने सानो और निशिन जैसे शहरों में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, टर्फ विकेट और स्कूल-स्तरीय कार्यक्रम विकसित करके क्रिकेट को एक नई पहचान दी है. इस विकास की सबसे बड़ी उपलब्धि साल 2020 में आई, जब जापान की अंडर-19 टीम ने पहली बार अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप के लिए क्वालीफाई करके वैश्विक स्तर पर हलचल मचा दी थी.

जापानी टीम का प्रदर्शन कैसा रहा?

पिछले कुछ वर्षों में जापान की पुरुष टीम ने एसोसिएट क्रिकेट में अपनी स्थिति काफी मजबूत की है. मई 2024 में मंगोलिया के खिलाफ खेलते हुए जापान ने 205 रन और 180 रन के विशाल अंतर से ऐतिहासिक जीत दर्ज की. इसके अलावा फरवरी 2024 में चीन के खिलाफ 180 रन की शानदार जीत हासिल की. इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया, फिलीपींस, थाईलैंड, वानुअतु और फिजी जैसी टीमों के खिलाफ भी जापान का प्रदर्शन निरंतर बेहतरीन रहा है.

जापान का टी20 इंटरनेशनल में रिकॉर्ड
मैच- 62
जीत- 41
हार- 19
टाई- 1
नतीजा नहीं- 1

किन मजबूत टीमों से जापान को मिली चुनौती?

क्षेत्रीय वर्चस्व के बावजूद जापान को यूएई, ओमान, कतर और हांगकांग जैसी मजबूत एसोसिएट टीमों के खिलाफ कठिन प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ा है. इन कड़े मुकाबलों ने टीम को अपनी कमजोरियों को समझने और बहुमूल्य अनुभव प्राप्त करने का मौका दिया है.

ये भी पढ़ें: चीफ सेलेक्टर का खत्म होने वाला है कार्यकाल, अजीत अगरकर की विदाई तय? रोहित-कोहली से लेकर सूर्या तक लिए बड़े फैसले

भारत के खिलाफ मैच से जापान को क्या हासिल होगा?

यह जापानी क्रिकेट इतिहास में पहला मौका होगा जब टीम किसी टेस्ट खेलने वाले पूर्ण सदस्य देश के खिलाफ मैदान पर उतरेगी. विश्व स्तर के स्टार खिलाड़ियों से सजी भारतीय टीम से भिड़ना जापानी खिलाड़ियों के क्षमता की सबसे बड़ी परीक्षा होगी. भले ही अनुभव और रैंकिंग के मामले में भारत का पलड़ा भारी दिख रहा हो, लेकिन यह मैच जापान के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी मजबूत छाप छोड़ने और भविष्य की नींव रखने का ऐतिहासिक अवसर है.

 

 

जापान बनाम भारत टी20 मैच लाइव कहां देखें?

जापान और भारत के बीच टी20 मैच की लाइव स्ट्रीमिंग भारत में फैनकोड (FanCode) पर उपलब्ध होगी. स्टार स्पोर्ट्स 1 टीवी चैनल पर सीधा प्रसारण किया जाएगा. इसे स्टार स्पोर्ट्स 1 हिंदी पर भी लाइव दिखाया जाएगा.

ये भी पढ़ें: IIT कानपुर से जापान की क्रिकेट टीम तक पहुंचा बिहार का लाल, भारत के खिलाफ मैच से पहले हो रहे नाम के चर्चे

मैच के लिए दोनों टीमें इस प्रकार हैं:

भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, यश ठाकुर, विप्रज निगम.

जापान: केंडल कडोवाकी फ्लेमिंग (कप्तान), चार्ली हारा हिंजे, बेंजामिन इटो डेविस, एलेस्टर कडोवाकी फ्लेमिंग, कोहेई कुबोटा, जेक कुसुदा नैर्न, वतारू मियाउची (विकेटकीपर), रेओ सकुरानो थॉमस, एलेक्स शिराई पैटमोर (विकेटकीपर), शोमा सुगाया स्लेटर, डेक्लान सुजुकी मैककॉम्ब, त्सुयोशी ताकाडा, इब्राहिम ताकाहाशी, माकोतो तानियामा, लाचलन यामामोटो लेक.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES