IND vs NZ: 996 गेंद पर 720 रन... 70 चौके और 14 छक्के, 6 फिप्टी प्लस स्कोर, भारत ने ऐतिहासिक रिकॉर्ड से चौंकाया
भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट में 720/9 रन बनाकर इतिहास रच दिया है. केएल राहुल (136 रन) और ऋषभ पंत (128 रन) के शतकों की बदौलत टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड की धरती पर टेस्ट क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर बना दिया.
न्यूजीलैंड की धरती पर टीम इंडिया ने अपनी बल्लेबाजी से ऐसी तबाही मचाई कि टेस्ट क्रिकेट का पूरा इतिहास ही बदल गया. वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेले जा रहे पहले टेस्ट में भारतीय बल्लेबाजों ने कीवी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाकर रख दी. केएल राहुल और ऋषभ पंत के तूफानी शतकों की बदौलत भारत ने अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 720 रन बनाकर डिक्लेयर कर दी. इसके साथ ही टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड में टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
भारत ने पहली पारी के आधार पर 352 रन की विशाल बढ़त हासिल की. न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 368 रन बनाए थे. भारत की ओर से पहली पारी में केएल राहुल ने 136 रन और ऋषभ पंत ने 128 रन की शानदार पारियां खेलीं. वहीं, कप्तान शुभमन गिल ने 98 रन, यशस्वी जायसवाल ने 85 रन, देवदत्त पडिक्कल ने 80 रन और ध्रुव जुरेल ने 78 रन बनाए.
भारत ने 996 गेंद पर ठोके 720 रन
टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ इस टेस्ट मैच की पहली पारी में कुल 996 गेंदें खेलीं और 9 विकेट गंवाकर 720 रन बनाए. टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने कुल मिलाकर इस पारी में 70 चौके और 14 छक्के उड़ाए. भारत की तरफ से 6 फिप्टी प्लस के स्कोर बने, जिसमें 2 शतक शामिल हैं. भारत ने 720/9 के स्कोर पर अपनी पहली पारी डिक्लेयर करने के साथ ही न्यूजीलैंड की धरती पर टेस्ट क्रिकेट का सबसे बड़ा टीम स्कोर बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया.
भारत ने न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड तोड़ा
इससे पहले यह रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के नाम था. कीवी टीम ने साल 2019 में हैमिल्टन में बांग्लादेश के खिलाफ 715/6 रन बनाकर पारी घोषित की थी. भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के नाम था, जिन्होंने साल 1995 में वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में 660 रन का स्कोर बनाया था.
पहली 6 साझेदारियों में से हर एक में कम से कम 50 रन जुड़े
इस मैच से पहले भारत ने न्यूजीलैंड में किसी टेस्ट पारी में केवल एक बार 500 रनों का आंकड़ा पार किया था. 2009 में हैमिल्टन में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत ने 520 रन बनाए थे. भारत की इस पारी में एक अनोखा बल्लेबाजी रिकॉर्ड भी बना. उनकी पहली 6 साझेदारियों में से हर एक में कम से कम 50 रन जुड़े. टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ऐसा केवल चार बार हुआ है. सबसे पहले, 1960-61 में ब्रिस्बेन में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ ऐसा कारनामा किया था.
भारत के टॉप पांच बल्लेबाजों ने कम से कम 80 रन बनाए
साल 2015 में खुलना में बांग्लादेश के खिलाफ पाकिस्तान ने भी कुछ ऐसा ही कारनामा किया था. साल 2023 में अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत ने भी यह उपलब्धि हासिल की. वेलिंगटन में किए गए इस प्रदर्शन के साथ, टीम इंडिया ऐसा करने वाली पहली टीम बन गई है जिसने दो बार यह कारनामा किया है. एक और अनोखा रिकॉर्ड भारत के टॉप पांच बल्लेबाजों के नाम रहा, जिनमें से हर एक ने कम से कम 80 रन बनाए. टेस्ट क्रिकेट में ऐसा अब तक केवल दो बार ही हुआ है.
भारत ने पांच बार 700 या उससे अधिक रन का स्कोर बनाया
इससे पहले साल 2014 में ऐसा हुआ था, जब अबू धाबी में न्यूजीलैंड के खिलाफ पाकिस्तान के टॉप पांच बल्लेबाजों ने अपनी पारी में 80 या उससे अधिक रन बनाए थे. उस मैच में पाकिस्तान ने 566/3 के स्कोर पर पारी डिक्लेयर कर दी थी. टेस्ट क्रिकेट में भारत का 720/9 का स्कोर, उनका पांचवां ऐसा स्कोर है जो 700 रन के पार गया है. अब भारत उन टीमों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर है, जिन्होंने सबसे ज्यादा बार 700 से अधिक रन बनाए हैं. इस लिस्ट में श्रीलंका सबसे ऊपर है, जिसने सात बार 700 से अधिक रन बनाए हैं.
भारत का अब तक का सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर
भारत के नाम टेस्ट क्रिकेट में पांच बार 700 या उससे अधिक रन का स्कोर बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है, जबकि इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज ने चार-चार बार ऐसा किया है. भारत का अब तक का सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर 759/7 है, जो उन्होंने साल 2016 में चेन्नई में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था. भारत की 720 रनों की पारी, टेस्ट इतिहास की 18वीं सबसे बड़ी पारी है. टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़े टीम स्कोर का वर्ल्ड रिकॉर्ड अभी भी श्रीलंका के नाम है, जिसने 2 अगस्त 1997 को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत के खिलाफ 952/6 का स्कोर बनाया था.