कोई नहीं है टक्कर में... भारत ने रचा इतिहास, 200 T20I मैच जीतने वाला बना दुनिया का पहला देश
टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में 4 विकेट से जीत दर्ज कर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में इतिहास रच दिया. भारत 200 टी20 इंटरनेशनल मैच जीतने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है.
भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शनिवार को क्राइस्टचर्च में खेले गए दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में 4 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की है. इसी के साथ ही श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने कीवियों के खिलाफ पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में 2-0 से बढ़त बना ली है. टी20 इंटरनेशनल सीरीज का तीसरा मुकाबला मंगलवार 27 अक्टूबर को वेलिंगटन में खेला जाएगा. भारत अगर यह मैच भी जीत लेता है, तो वह इस टी20 इंटरनेशनल सीरीज पर कब्जा जमाते हुए 3-0 से अजेय बढ़त हासिल कर लेगा.
भारत ने शनिवार को क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में जीत के साथ ही इतिहास रच दिया है. भारत ने एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है, जिसे अभी तक उसके अलावा दुनिया का कोई भी देश नहीं बना पाया है. दरअसल, क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे T20I मैच में भारत की जीत उसकी 200वीं टी20 इंटरनेशनल जीत थी. भारत दुनिया का पहला ऐसा देश बन गया है, जिसने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 मैच जीते हैं.
ये भी पढ़ें- पावरप्ले में छक्कों का शतक, दुनिया में पहली बार हुआ ऐसा, अभिषेक शर्मा ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
भारत ने रचा इतिहास
भारत ने अभी तक 300 टी20 इंटरनेशनल मैचों में से 200 मैचों में जीत हासिल की. भारत को 83 टी20 इंटरनेशनल मैचों में हार मिली, 7 मैच टाई रहे और 10 मैचों का कोई परिणाम नहीं निकला. भारत का जीत-हार का अनुपात 2.409 है, जिसका मतलब है कि उन्होंने हारने की तुलना में दोगुने से भी अधिक मैच जीते हैं.
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले देश
1. भारत - 300 T20I मैचों में 200 जीत
2. पाकिस्तान - 304 T20I मैचों में 176 जीत
3. न्यूजीलैंड - 269 T20I मैचों में 135 जीत
4. दक्षिण अफ्रीका - 235 T20I मैचों में 129 जीत
5. इंग्लैंड - 233 T20I मैचों में 128 जीत
भारत की टक्कर में कोई भी टीम नहीं
पाकिस्तान ने कुल मिलाकर सबसे ज्यादा 304 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, लेकिन उन्होंने 176 जीत दर्ज की हैं. भारत ने पाकिस्तान से 4 मैच कम खेले हैं, फिर भी जीत की संख्या के मामले में वह उनसे आगे है. न्यूजीलैंड ने 269 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और 135 में जीत हासिल की है. कुल जीत की लिस्ट में साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड भी टॉप 5 टीमों में शामिल हैं. भारत की 200 जीत उन्हें अन्य प्रमुख टीमों से काफी आगे रखती हैं.
ये भी पढ़ें- कोई और होता तो पक्का OUT था... ग्लेन फिलिप्स को 'हवा में तैरते' देख सन्न हुए सैमसन, मजेदार रिएक्शन हो गया VIRAL
तिलक वर्मा और नीतीश रेड्डी ने दिलाई जीत
बता दें कि भारत ने शनिवार को न्यूजीलैंड के 180/5 के स्कोर का पीछा करते हुए एक गेंद बाकी रहते जीत दर्ज की. भारत ने यह मुकाम शानदार अंदाज में हासिल किया. महज 70 रन पर 5 विकेट गंवाने के बाद, भारत ने न्यूजीलैंड के 180/5 के स्कोर का पीछा करते हुए एक गेंद बाकी रहते जीत दर्ज की. यह जीत तिलक वर्मा की 26 गेंदों पर नाबाद 51 रन और नीतीश कुमार रेड्डी की 13 गेंदों पर नाबाद 26 रन की पारियों की बदौलत संभव हो सकी. सातवें विकेट के लिए उनकी 69 रनों की साझेदारी ने भारत को 19.5 ओवर में 181/6 के स्कोर तक पहुंचा दिया.