कप्तानी गई, टीम से भी कटा पत्ता: 'मेरी बैटिंग में कोई खराबी नहीं...', सूर्यकुमार का छलका दर्द, वापसी का बताया प्लान
सूर्यकुमार यादव ने भारतीय टी20 टीम से बाहर निकाले जाने पर अपनी चुप्पी तोड़ी है. लगातार पांच साल तक खेलने के बाद अचानक बाहर होने से सूर्या निराश हैं और उनका दर्ज छलक गया है.
भारत के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टीम इंडिया से बाहर किए जाने पर बड़ी बात कही है. उन्होंने चुप्पी तोड़ते हुए दोहराया कि लगातार पांच सालों तक भारतीय टीम के लिए खेलने के बाद बाहर किए जाने पर दर्द होता है. हालांकि, उन्होंने माना कि खेल में ऐसा ही होता है. यह सबको बहुत कुछ सिखाता है. सूर्या टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जीत के बाद भारतीय टीम के लिए एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं. टीम इंडिया लगातार दूसरी और कुल तीसरी बार खिताब जीतने में सफल रही थी.
सूर्या को बाहर किए जाने के बाद उनके भविष्य को लेकर सवाल खड़े हो गए. टी20 और वनडे में उनकी वापसी पर संशय है. एक समय भारतीय टी20 टीम के अहम सदस्य माने जाने वाले सूर्या का प्रदर्शन 2025 में खराब रहा. वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी सिर्फ एक ही अर्धशतक लगा पाए थे. खराब फॉर्म के कारण उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा और अंतत: उनकी जगह टीम से चली गई.
सूर्या ने क्या कहा?
सूर्यकुमार ने नागपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान अपना दर्द शेयर करते हुए कहा, ''भारतीय टीम से दूर रहना तकलीफदेह है. आप लगातार पांच साल खेलते हैं और आपको अचानक टीम में जगह नहीं मिलती. यह दर्द देता है, लेकिन खेल की यही सच्चाई है.'' सूर्या ने 113 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 3272 रन बनाए हैं. उनका औसत 36.35 और स्ट्राइक रेट 162.94 का रहा है.
ये भी पढ़ें: क्राइस्टचर्च टेस्ट में फंसा भारत: 200 से ज्यादा रन चेज करना न्यूजीलैंड में टेढ़ी खीर, 1968 के बाद से नहीं हुआ करिश्मा
कहां व्यस्त हैं सूर्यकुमार?
सूर्यकुमार की प्लानिंग सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करके जोरदार वापसी करने पर है. वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की टीम की कमान संभाल रहे हैं. सोमवार को मुंबई का मुकाबला नागपुर में आंध्र प्रदेश से होगा. सूर्या ने खेल से मिले अनुभवों के बारे में बात करते हुए कहा कि यह खेल आपको बहुत कुछ सिखाता है. उन्होंने कहा, ''पिछले दो सालों में और आईपीएल के बाद भी मुझे इसने काफी चीजें सिखाई हैं. जिंदगी में बहुत कुछ सीखने को मिलता है और जैसा कि कहा जाता है कि हर अंधेरी सुरंग के अंत में एक रोशनी जरूर होती है."
ये भी पढ़ें: क्राइस्टचर्च टेस्ट में 'बदले' की आग: आकाश दीप के हेलमेट पर मारी दो बाउंसर, फिर जेमीसन ने दिया चौंकाने वाला बयान
ज्यादा दूर की नहीं सोच रहे सूर्या
सूर्यकुमार यादव ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह बहुत दूर की नहीं सोच रहे हैं. वह फिलहाल मौजूदा जिम्मेदारियों पर ही ध्यान दे रहे हैं. उन्होंने कहा, ''आईपीएल अभी काफी दूर है. उससे पहले भी कई टूर्नामेंट खेले जाएंगे. मुश्ताक अली ट्रॉफी के बाद विजय हजारे ट्रॉफी और रणजी ट्रॉफी का दूसरा चरण है.'' उन्होंने अपनी बल्लेबाजी को लेकर भी बयान दिया. सूर्या ने कहा, ''मुझे नहीं लगता कि मेरी बल्लेबाजी में कुछ भी गलत हुआ है. मैं पिछले पांच सालों से उसी अंदाज में खेल रहा हूं और मैंने हर जगह बल्लेबाजी का पूरा लुत्फ उठाया है.''