कभी कहा था 'STUPID', अब हो गए मुरीद... ऋषभ पंत के शतक पर गावस्कर का दिल जीतने वाला रिएक्शन VIRAL
न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले जा रहे टेस्ट की पहली पारी में ऋषभ पंत ने शानदार शतक जड़ा. 10 चौके और 6 छक्के की मदद से उन्होंने 128 रन बनाए. उनके शतक पर सुनील गावस्कर का मजेदार रिएक्शन वायरल हो रहा है. भारत ने 720 रनों का पहाड़ खड़ा किया.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में सीरीज का पहला टेस्ट जारी है. बेसिन रिजर्व में खेले जा रहे मुकाबले में स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने 128 रनों की शानदार पारी खेली. उन्होंने छक्का जड़कर अपने टेस्ट करियर का 9वां शतक ठोका. जैसे ही पंत ने 100 का आंकड़ा पार किया, पूर्व भारतीय महान बल्लेबाज और वर्तमान में कमेंटेटर की भूमिका निभा रहे सुनील गावस्कर की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. दिलचस्प बात ये है कि गावस्कर ने ही पंत की जमकर आलोचना की थी और लाइव मैच में चिल्लाते हुए उन्हें तीन बार 'स्टुपिड' कहा था.
ऋषभ पंत ने खेलने का अंदाज तो नहीं बदला, लेकिन हां... उन्होंने सुनील गावस्कर का दिल जरूर जीत लिया है. दो साल पहले जब पंत ऑस्ट्रेलिया में फेल हुए थे, तब गावस्कर ने लाइव कमेंट्री में उन्हें लताड़ते हुए Stupid...Stupid...Stupid कहा था. हालांकि, अब वो स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज की बैटिंग के मुरीद हो चुके हैं.
पंत के शतक पर गावस्कर का रिएक्शन वायरल
वेलिंगटन टेस्ट की पहली पारी में भारत ने 720 रनों का पहाड़ खड़ा किया. न्यूजीलैंड में किसी एक पारी में इतना बड़ा टोटल किसी टीम ने नहीं बनाया था. भारतीय बल्लेबाजी क्रम के टॉप-5 बल्लेबाजों में से सभी ने पचास का आंकड़ा क्रॉस किया. यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल और देवदत्त पडिक्कल शतक से चूक गए, लेकिन केएल राहुल और ऋषभ पंत ने शानदार सेंचुरी जड़ी. जब पंत ने 100 का आंकड़ा पार किया, तो कैमरे का फोकस सीधा सुनील गावस्कर पर गया तो काफी खुश दिखे. उन्होंने ताली बजाकर पंत की इस बेहतरीन पारी को सराहा और शाबाशी दी. उनका ये दिल जीतने वाला रिएक्शन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
क्यों कहा था Stupid...Stupid...Stupid?
न्यूजीलैंड में शतक जड़ने वाले ऋषभ पंत के लिए गावस्कर ताली बजाते दिखे, लेकिन 2024 में जब ऑस्ट्रेलिया में उनका बल्ला नहीं चला था तो पूर्व दिग्गज बल्लेबाज ने सरेआम पंत की बेइज्जती की थी. मेलबर्न में खेले गए बॉक्सिंग डे टेस्ट में ऋषभ पंत बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में आउट हो गए थे. मैच जिस स्टेज पर खड़ा था, वहां ये शॉट भारत के लिए भारी पड़ा. गावस्कर आगबबूला हो गए और लाइव रेडियो कमेंट्री के दौरान चिल्लाकर Stupid...Stupid...Stupid कहा. हालांकि, इससे दोनों के बीच रिश्ते कभी खराब नहीं हुए. बाद में गावस्कर-पंत ने साथ में एक विज्ञापन भी किया. 2025 में, इंग्लैंड के खिलाफ हेडिंग्ले टेस्ट की दोनों पारियों में पंत के शतक लगाने के बाद, गावस्कर ने उनकी पारी की तारीफ करते हुए उसे "शानदार, शानदार, शानदार" बताया.
SENA देशों में 'ऋषभ पंती'
इतिहास गवाह है कि SENA देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में ज्यादातर भारतीय बल्लेबाज संघर्ष करते दिखे हैं, लेकिन ऋषभ पंत की कहानी बिल्कुल अलग है. बाएं हाथ के स्टार बैटर ने अभी तक अपने टेस्ट करियर में 9 शतक ठोके हैं, जिसमें से 7 सेंचुरी SENA देशों में आई है. वो इन चारों देशों में शतक जड़ने वाले एशिया के पहले विकेट कीपर बल्लेबाज भी बन गए हैं.
ये भी पढ़ें: वेलिंगटन में 'ऋषभ पंती': न्यूजीलैंड में शतक जड़ रिकॉर्ड्स की लगा दी झड़ी, ऐसा करने वाले एशिया के पहले खिलाड़ी