App

शुभमन गिल का खतरनाक इरादा, कपिल देव का रिकॉर्ड निशाने पर, कीवियों की धरती पर बनेगा नया इतिहास

शुभमन गिल न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में कपिल देव का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं. भारतीय कप्तान को इस खास उपलब्धि के लिए सिर्फ 71 रन की जरूरत है.

शुभमन गिल का खतरनाक इरादा, कपिल देव का रिकॉर्ड निशाने पर, कीवियों की धरती पर बनेगा नया इतिहास
Image Credit: Shubman Gill And Kapil Dev

शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया 4 नवंबर से पांच मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज में मेजबान न्यूजीलैंड टीम से भिड़ेगी. न्यूजीलैंड के खिलाफ इस पांच मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज में भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल के पास इतिहास रचने का मौका है. शुभमन गिल के निशाने पर पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव का एक प्रचंड रिकॉर्ड तोड़ने का मौका होगा. शुभमन गिल न्यूजीलैंड के खिलाफ इस वनडे इंटरनेशनल सीरीज के शुरुआती 3 मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी भी संभालेंगे. उसके बाद टेस्ट टीम के खिलाड़ी और कप्तान शुभमन गिल टेस्ट सीरीज की तैयारी करना शुरू कर देंगे और चौथे और पांचवें वनडे इंटरनेशनल मैच के लिए उपलब्ध नहीं होंगे.

चौथे और पांचवें वनडे इंटरनेशनल मैच में टीम इंडिया की कप्तानी श्रेयस अय्यर संभालेंगे. वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार फॉर्म में रहे शुभमन गिल अब न्यूजीलैंड के खिलाफ भी वनडे इंटरनेशनल सीरीज में उसी लय को बरकरार रखना चाहेंगे. इस सीरीज में शुभमन गिल के पास दिग्गज कपिल देव का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा मौका होगा. साल 2019 में वनडे इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले शुभमन गिल अब तक इस फॉर्मेट में 3,713 रन बना चुके हैं. वहीं, भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव ने अपने वनडे करियर का अंत 3,783 रनों के साथ किया था. यानी शुभमन गिल अब कपिल देव के कुल रनों से सिर्फ 71 रन दूर हैं.

शुभमन गिल के निशाने पर कपिल देव का रिकॉर्ड 

न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में सिर्फ 71 रन बनाते ही शुभमन गिल भारत के लिए सबसे ज्यादा वनडे इंटरनेशनल रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में कपिल देव को पीछे छोड़ देंगे. भारत के लिए वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में पहला शतक जड़ने वाले कपिल देव का बल्लेबाजी औसत 23.79 का रहा, जिसमें 1 शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं. गेंदबाजी में भी उन्होंने 253 विकेट चटकाए. 1983 में कपिल देव की ही कप्तानी में भारत ने पहली बार वनडे वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा था. अब शुभमन गिल 2027 के वनडे वर्ल्ड कप में पहली बार भारतीय टीम की कप्तानी करने की राह पर हैं और उनकी नजरें कपिल देव के उसी वर्ल्ड कप जीतने के कारनामे को दोहराने पर होंगी.

वनडे में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन

भारत के लिए वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में सचिन तेंदुलकर टॉप पर हैं. 'मास्टर ब्लास्टर' ने अपने करियर का समापन 18426 रनों के साथ किया. उन्होंने 49 शतक और 96 अर्धशतक लगाए. इस लिस्ट में विराट कोहली दूसरे स्थान पर हैं. भारत के पूर्व कप्तान ने 317 मैचों में 15109 रन बनाए हैं. विराट कोहली अपने संन्यास से पहले 16000 रनों का आंकड़ा पार कर सकते हैं. विराट कोहली (55 शतक) वर्ल्ड क्रिकेट के इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने वनडे क्रिकेट में 50 या उससे अधिक शतक लगाए हैं. रोहित शर्मा 12120 रनों के साथ इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं. वनडे मैचों में वह शुभमन गिल के साथ पारी की शुरुआत करते हैं. भारत के पूर्व कप्तान के नाम 35 शतक हैं. रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंचा था.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More