वर्ल्ड रिकॉर्ड से सिर्फ इतने रन दूर शाई होप, बेंगलुरु में किया विस्फोट तो डिविलियर्स भी छूट जाएंगे पीछे
शानदार फॉर्म में चल रहे शाई होप भारत के खिलाफ आखिरी टी20 मैच में इतिहास रच सकते हैं. उनके पास भारत में इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे अधिक सेंचुरी जड़ने का रिकॉर्ड बनाने का सुनहरा मौका है. साथ ही वो 5 मैचों की T20I सीरीज में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड भी बना सकते हैं.
India vs West Indies: भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का डिसाइडर मैच शनिवार, 17 अक्टूबर को बेंगलुरु में खेला जाएगा. एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में शाई होप के निशाने पर दो बड़े रिकॉर्ड्स होंगे. इस शृंखला में वो पहले ही दो शतक जड़ चुके हैं. एक और सेंचुरी जड़ते ही वो भारत में इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे अधिक शतक जड़ने वाले विदेशी खिलाड़ी बन जाएंगे. होप अब तक भारत में 8 सेंचुरी ठोक चुके हैं और वो संयुक्त रूप से साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज एबी डिविलियर्स और क्विंटन डी कॉक के साथ नंबर-1 पर हैं.
शानदार फॉर्म में चल रहे शाई होप अगर बेंगलुरु में भी 100 का आंकड़ा पार करते हैं तो वो एबीडी और डी कॉक से आगे निकल जाएंगे. इतना ही नहीं, वेस्टइंडीज के कप्तान की नजर 5 मैचों की T20I सीरीज में सबसे अधिक रन बनाने के वर्ल्ड रिकॉर्ड पर भी टिकी होगी.
भारत में सबसे अधिक शतक ठोकने वाले विदेशी
एबी डिविलियर्स- 8 शतक
क्विंटन डी कॉक- 8 शतक
शाई होप- 8 शतक
क्रिस गेल- 7 शतक
रिकी पोंटिंग- 6 शतक
शाई होप बना सकते हैं नया वर्ल्ड रिकॉर्ड
भारत के खिलाफ सीरीज में शाई होप 4 मैचों में 130.50 की औसत से 261 रन बना चुके हैं, जिसमें दो शतक और एक फिफ्टी शामिल है. वो 5 मैचों की एक टी20 सीरीज में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बनने से सिर्फ 71 रन दूर हैं. फिलहाल ये रिकॉर्ड इंग्लैंड के स्टार खिलाड़ी फिल साल्ट के नाम दर्ज है, जिन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2023 में हुए 5 मैचों की टी20 सीरीज में 331 रन बनाए थे. 71 रन बनाते ही होप नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना देंगे.
एक टी20 सीरीज में सबसे अधिक रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज
फिल साल्ट (इंग्लैंड)- 331 रन (वेस्टइंडीज के खिलाफ 2023 में)
मार्क चैपमैन (न्यूजीलैंड)- 290 रन (पाकिस्तान के खिलाफ 2023 में)
मोहम्मद ईशान (स्पेन)- 283 रन (क्रोएशिया के खिलाफ 2025 में)
अभिषेक शर्मा (भारत)- 279 रन (इंग्लैंड के खिलाफ 2024-25 में)
करनबीर सिंह (ऑस्ट्रीया)- 278 रन (जर्मनी के खिलाफ 2025 में)
यह भी पढ़ें: उम्र छोटी समझ बड़ी: वैभव सूर्यवंशी ने किसे दी वॉर्निंग? 'एक दिन ठुक जाओगे आप' वाला VIDEO वायरल