कोई और होता तो पक्का OUT था... ग्लेन फिलिप्स को 'हवा में तैरते' देख सन्न हुए सैमसन, मजेदार रिएक्शन हो गया VIRAL
न्यूजीलैंड को कीवियों का देश कहा जाता है, लेकिन ग्लेन फिलिप्स अक्सर मैदान पर उड़ते हुए नजर आते हैं. भारत के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में भी उन्होंने कलाबाजी दिखाई. हवा में गोते लगाते हुए वो रन आउट होने से बचे. सैमसन ने कहा, ''कोई और होता तो पक्का आउट था.''
न्यूजीलैंड को कीवियों का देश कहा जाता है. एक ऐसा पक्षी जो उड़ नहीं सकता है, लेकिन इस देश के स्टार क्रिकेटर ग्लेन फिलिप्स अक्सर मैदान पर उड़ते हुए ही नजर आते हैं. वर्तमान में ग्लेन फिलिप्स की गिनती दुनिया के नंबर-1 फील्डर में होती है. उनकी फिटनेस की तो दुनिया कायल है और इसका नमूना उन्होंने एक बार फिर पेश किया है. भारत के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में ग्लेन फिलिप्स बैटिंग कर रहे थे, वो पैड पहने हुए थे, जिससे बल्लेबाजों की स्पीड कम हो जाती है, लेकिन फिलिप्स तो हवा में तैरते दिखे. रन आउट से बचने के लिए उन्होंने जिस अंदाज में डाइव लगाई, उसे देखकर भारतीय विकेट कीपर संजू सैमसन भी दंग रह गए.
बाकी भारतीय खिलाड़ी को उम्मीद थी कि ग्लेन फिलिप्स रन आउट हो गए हैं, लेकिन संजू सैमसन ने कीवी खिलाड़ी को डाइव लगाते हुए करीब से देख लिया था. उन्होंने साफ-साफ कहा, ''कोई और होता तो आउट हो जाता, ये नहीं होगा.'' सैमसन की आवाज स्टंप माइक के जरिए सुनाई दी और फिर कमेंटेटर रवि शास्त्री ने भी सैमसन के कमेंट का इंग्लिश में मतलब समझाया.
हवा में तैरते हुए बचे ग्लेन फिलिप्स
ये मजेदार नजारा न्यूजीलैंड की पारी के 13वें ओवर में देखने को मिला. अर्शदीप सिंह की गेंद पर ग्लेन फिलिप्स ने मिड ऑफ की तरफ शॉट खेलकर सिंगल के लिए दौड़ लगाई. वहां फील्डिंग कर रहे श्रेयस अय्यर ने भी फुर्ती दिखाई और शानदार डायरेक्ट थ्रो किया, लेकिन 'फ्लाइंग' फिलिप्स ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया. रीप्ले आया तो फैंस के होश उड़ गए. रन आउट से बचने के लिए फिलिप्स हवा में गोते लगाते दिखे. उनका शरीर हवा में था और बल्ला जमीन पर. ऐसा लगा मानो शरीर नहीं स्प्रिंग हो, जिसको वो अपने हिसाब से खींचतान कर रहे हों. शानदार डाइव लगाकर उन्होंने अपने आप को बचा लिया और सैमसन की बात भी सच हो गई.
बल्ले से भी छाए ग्लेन फिलिप्स
इस शानदार प्रयास के अलावा ग्लेन फिलिप्स ने बैटिंग से भी सबको प्रभावित किया. पहले मैच में 82 रनों की तूफानी पारी खेलने वाले फलिप्स ने दूसरे मुकाबले में भी 43 गेंदों पर 70 रनों की अहम पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 4 चौके और 4 छक्के लगाए. हालांकि, इस मैच में भी उनकी पारी पर पानी फिर गया.
सीरीज में 2-0 से आगे भारत
क्राइस्टचर्च में खेले गए दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच की बात करें तो भारत ने 4 विकेट से जीत हासिल कर सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है. 181 रनों का पीछा करते हुए टीम इंडिया संकट में थी, लेकिन तिलक वर्मा ने 26 गेंदों पर 51 रन बनाकर मैच का रुख पलट दिया. नमन धीर (15 गेंदों पर 30 रन) और नीतीश कुमार रेड्डी ( 13 गेंदों पर 26 रन) ने भी अहम योगदान दिया. भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की सीरीज का तीसरा मुकाबला मंगलवार, 27 अक्टूबर को वेलिंगटन में खेला जाएगा.