सलमान आगा का आलोचकों को करारा जवाब: टेस्ट, T20I से ड्रॉप होने के बाद ODI में ठोका शतक, तोड़ा मोहम्मद यूसुफ का रिकॉर्ड
टेस्ट और टी20 टीम से ड्रॉप होने के बाद सलमान अली आगा ने ODI में दम दिखाया है. श्रीलंका के खिलाफ मैच में शानदार शतक जड़कर उन्होंने आलोचकों और चयनकर्ताओं को करारा जवाब दिया है. सलमान ने चौथा शतक ठोककर मोहम्मद यूसुफ का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया.
अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुटी पाकिस्तान, श्रीलंका और इंग्लैंड की टीमें ट्राई सीरीज खेल रही है. आज (रविवार, 18 अक्टूबर) को रावलपिंडी में पाकिस्तान का सामना श्रीलंका से हो रहा है. पहले मैच में सलमान अली आगा ने शानदार बैटिंग करते हुए अपने ODI करियर का चौथा शतक जड़ा. सलमान की ये पारी उस समय पर आई है, जब उन्हें टेस्ट और टी20 टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है. वो फिलहाल सिर्फ वनडे टीम में शामिल हैं और इसी फॉर्मेट के जरिए उन्होंने अपने आलोचकों और चयनकर्ताओं को करारा जवाब दिया है.
रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे ट्राई सीरीज के पहले एकदिवसीय मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. पाकिस्तान ने 106 रनों पर तीन विकेट विकेट गंवा दिए थे. सलमान आगा के कंधों पर मिडिल ओवरों में रन गति को को मेंटेन करने की जिम्मेदारी दी. उन्होंने शुरुआत में थोड़ा वक्त लिया और इसके बाद शानदार तरीके से अपनी इनिंग पेस की.
सलमान आगा ने ठोका करियर बचाने वाला शतक
सलमान अली आगा ने 45वें ओवर में 82 गेंदों पर शानदार शतक ठोका. वो 90 गेंदों पर 107 रनों की पारी खेलकर आउट हो गए. इस दौरान दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 10 चौके और एक छक्का जड़ा. सलमान की ये सेंचुरी उनके भविष्य के लिहाज से काफी अहम है. उन्हें टेस्ट और टी20 से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है, लेकिन ODI में शतक ठोककर उन्होंने इस फॉर्मेट में अपनी जगह पक्की कर ली है.
सलमान आगा ने तोड़ा मोहम्मद यूसुफ का रिकॉर्ड
सलमान आगा का ये शतक इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. सलमान पाकिस्तान की तरफ से ODI में नंबर-5 या इससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए सबसे अधिक सेंचुरी जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने इस पोजिशन पर 4 शतक ठोका है, जबकि पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ ने इस नंबर पर 3 शतक जड़े थे.
सलमान आगा बनाम मोहम्मद यूसुफ
पूर्व स्टार बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ की गिनती पाकिस्तान के महान बल्लेबाजों में होती है. बात करें ODI की तो, उन्होंने इस फॉर्मेट में 288 मुकाबले खेले और 41.71 की औसत से 9720 रन बनाए. वो दस हजार के मिल के पत्थर से सिर्फ 280 रन दूर रह गए. उनके नाम ODI में 15 शतक और 64 अर्धशतक है. वहीं, सलमान अली आगा ने अभी तक 54 ODI खेले हैं और 43.00 की औसत से 1566 रन बनाए हैं. उन्होंने इस फॉर्मेट में पाकिस्तान के लिए 4 शतक और 9 फिफ्टी जड़ी है.
यह भी पढ़ें: IND vs NZ सीरीज देखने के लिए बदलना होगा रूटीन: क्या है टाइमिंग और भारत में कहां देखें लाइव?