SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

36 की उम्र में शतक: तेम्बा बावुमा ने ऑस्ट्रेलिया को दिखाई औकात, मोहम्मद अजहरुद्दीन और रोहित शर्मा का रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त

साउथ अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच में शतक लगाया. उन्होंने अपनी इस पारी से टेस्ट क्रिकेट के दो बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त किए. बावुमा ने ने दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में 179 रन बनाए.

Written By Rohit Raj
Published: Oct 21, 2026, 03:41 PM IST | Updated: Oct 21, 2026, 03:44 PM IST
Image Credit: तेम्बा बावुमा. AP
Join

साउथ अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम का घमंड गकेबराह में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में तोड़ दिया. डरबन में पहले मुकाबले में जीत के बाद कंगारू टीम के ओपनर ट्रेविस हेड ने बावुमा का एक मीम इंस्टाग्राम स्टोरी में शेयर किया था. उस मजाक का बदला अफ्रीकी कप्तान ने दूसरे टेस्ट की पहली पारी में ही ले लिया. उन्होंने 334 गेंद पर 179 रन की मैराथन पारी खेली और अपनी टीम को मुश्किलों से बाहर निकालते हुए 425 के स्कोर तक पहुंचा दिया.

शतक लगाकर बावुमा ने कई रिकॉर्ड स्थापित किए. उन्होंने भारत के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन और रोहित शर्मा को भी पीछे छोड़ दिया. वह रोहित को पीछे छोड़कर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक बनाने वाले सबसे उम्रदराज कप्तान बन गए. बावुमा ने 36 साल 154 दिन की आयु में शतक लगाया है. रोहित ने 2023 में ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ नागपुर में 35 साल 285 दिन की आयु में सैकड़ा जड़ा था.

बावुमा का गजब रिकॉर्ड

दूसरे टेस्ट में 179 रन की पारी के साथ बावुमा WTC में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक बनाने वाले सबसे उम्रदराज बल्लेबाज बन गए. मैच शुरू होने पर बावुमा 36 साल और 154 दिन के थे. इससे पहले रोहित ने 2023 में नागपुर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 35 साल और 285 दिन की उम्र में शतक बनाकर यह रिकॉर्ड बनाया था. बावुमा WTC में शतक बनाने वाले तीसरे सबसे उम्रदराज कप्तान हैं, उनसे पहले रोहित शर्मा (36 साल, 312 दिन) और स्टीव स्मिथ (36 साल, 216 दिन) ने शतक बनाया था.

बावुमा ने रचा इतिहास

बावुमा गकेबराह में शतक लगाने वाले साउथ अफ्रीका के पहले कप्तान बन गए हैं. उन्होंने 1992 में भारत के खिलाफ केपलर वेसल्स द्वारा बनाए गए 95 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया. वह इस मैदान पर शतक लगाने वाले दुनिया के तीसरे कप्तान हैं. बावुमा से पहले ऑस्ट्रेलिया के लिंडसे हैसेट और इंग्लैंड के जॉर्ज मान ने शतक लगाया था. हैसेट ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 1950 में 167 और मान ने 1949 में नाबाद 136 रन बनाए थे.

अनोखी लिस्ट में बावुमा की एंट्री

बावुमा का 179 रन साउथ अफ्रीकी कप्तान का घरेलू टेस्ट में चौथा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है. हाशिम अमला (208) ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2014 में, हाशिम अमला (201) ने इंग्लैंड के खिलाफ 2016 में और ग्रीम स्मिथ (183) ने इंग्लैंड के खिलाफ 2010 में सैकड़ा लगाया था. इसके अलावा यह गकेबराह में दूसरा सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर है. इससे पहले 2001 में भारत के खिलाफ हर्शल गिब्स ने 196 रन बनाए थे.

ये भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी को अभी करना होगा लंबा इंतजार: श्रेयस अय्यर ने साफ की टीम की रणनीति, बताया क्यों नहीं मिल रहा मौका

अजहरुद्दीन का रिकॉर्ड टूटा

बावुमा अब टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 150 रन बनाने वाले सबसे उम्रदराज कप्तान बन गए हैं. उन्होंने भारतीय क्रिकेट के दिग्गज मोहम्मद अजहरुद्दीन का रिकॉर्ड तोड़ा. अजहर ने 1998 यह रिकॉर्ड अपने नाम किया था. उन्होंने ईडन गार्डन्स में स्टीव वॉ की कप्तानी वाली टीम के खिलाफ नाबाद 163 रन बनाए थे.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES