SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

वेलिंगटन में 'ऋषभ पंती': न्यूजीलैंड में शतक जड़ रिकॉर्ड्स की लगा दी झड़ी, ऐसा करने वाले एशिया के पहले खिलाड़ी

ऋषभ पंत न्यूजीलैंड की धरती पर टेस्ट सेंचुरी जड़ने वाले भारत के पहले विकेट कीपर बल्लेबाज बन गए हैं. इसके अलावा वो SENA देशों में शतक जड़ने वाले एशिया के पहले विकेट कीपर बल्लेबाज भी बने. छक्कों के मामले में पंत ने ब्रेंडन मैकुलम को पीछे छोड़ा.

Written By Ritesh Kumar
Published: Nov 22, 2026, 06:56 IST | Updated: Nov 22, 2026, 07:04 IST
Image Credit: वेलिंगटन में 'ऋषभ पंती': न्यूजीलैंड में शतक जड़ रिकॉर्ड्स की लगा दी झड़ी (BCCI/X)
Join

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में भारत के स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने ऐतिहासिक शतक जड़कर महफिल लूट ली. बेसिन रिजर्व स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले के चौथे दिन कीवी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए पंत ने अपने टेस्ट करियर का 9वां शतक जड़ा. इसके अलावा वो न्यूजीलैंड की धरती पर टेस्ट सेंचुरी जड़ने वाले भारत के पहले विकेट कीपर बल्लेबाज भी बने. SENA देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में ऋषभ पंत का शानदार प्रदर्शन जारी है.

वेलिंगटन में जारी पहले टेस्ट के चौथे दिन ऋषभ पंत ने अपने स्वाभाविक अंदाज में 100 का आंकड़ा पार किया. ग्लेन फिलिप्स की गेंद पर झन्नाटेदार छक्का जड़कर उन्होंने सेंचुरी पूरी की. बाएं हाथ के स्टार बल्लेबाज ने टेस्ट करियर में अब तक 9 शतक ठोके हैं, जिसमें से 7 सेंचुरी SENA देशों में आए हैं. साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में शतक जड़ने के बाद उन्होंने न्यूजीलैंड में भी सेंचुरी ठोककर इतिहास रच दिया.

वेलिंगटन में 'ऋषभ पंती'... रिकॉर्ड्स की झड़ी

वेलिंगटन में टेस्ट मैच देखने आए फैंस का मनोरंजन करने में ऋषभ पंत ने कोई कसर नहीं छोड़ी. वो SENA देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में शतक जड़ने वाले एशिया के पहले विकेट कीपर बल्लेबाज भी बन गए हैं. वहीं इन देशों में सेंचुरी ठोकने वाले वो भारत के छठे खिलाड़ी बन गए हैं.

SENA देशों में शतक जड़ने वाले भारतीय खिलाड़ी

1. मोहम्मद अजहरुद्दीन
2. सचिन तेंदुलकर
3. राहुल द्रविड़
4. विराट कोहली
5.  केएल राहुल
6. ऋषभ पंत

SENA देशों में ऋषभ पंत का 7वां टेस्ट शतक

ओवल में शतक
बर्मिंघम में शतक
लीड्स में शतक
लीड्स में शतक
सिडनी में शतक
केप टाउन में शतक
वेलिंगटन में शतक

बतौर विकेट कीपर टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक

बतौर विकेट कीपर बल्लेबाज टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक शतक जड़ने के मामले में ऋषभ पंत अब तीसरे नंबर पर आ गए हैं. उन्होंने इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी लेस एम्स को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने टेस्ट में 8 शतक जड़े थे. इस लिस्ट में पहले नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज एडम गिलक्रिस्ट हैं, जिन्होंने बतौर विकेट कीपर बल्लेबाज टेस्ट में 17 सेंचुरी ठोकी है.

17 - एडम गिलक्रिस्ट
12 - एंडी फ्लावर
9 - ऋषभ पंत
8 - लेस एम्स

ब्रेंडन मैकुलम को छोड़ा पीछे

वेलिंगटन टेस्ट की पहली पारी में ऋषभ पंत ने 153 गेंदों का सामना करते हुए 128 रन बनाए. इस दौरान स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज ने 10 चौके और 6 छक्के जड़े. टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के उड़ाने के मामले में पंत अब दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. उन्होंने न्यूजीलैंड के पूर्व दिग्गज ब्रेंडन मैकुलम को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने इस फॉर्मेट में 107 छक्के जड़े थे. ऋषभ पंत अब सिर्फ इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स से पीछे हैं, जिनके नाम टेस्ट में 138 सिक्स जड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है.

ये भी पढ़ें: टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के, ऋषभ पंत ने ध्वस्त किया ब्रेंडन मैक्कुलम का महारिकॉर्ड, टॉप पर बेन स्टोक्स कायम
 

 

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES