कंगाली में आटा गीला! महिला कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से 12 नाम गायब, पाकिस्तान क्रिकेट में फिर दिखा 'गजब' ड्रामा
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने महिला क्रिकेटरों के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में बड़ा फेरबदल किया है. उसने कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में खिलाड़ियों की संख्या घटाकर 20 से आठ कर दी है. पीसीबी में मचे इस हंगामे ने पूरी दुनिया में उसकी किरकिरी कराई है.
पाकिस्तान क्रिकेट और विवादों को रिश्ता काफी पुराना है. अब एक नया हंगामा वहां महिला खिलाड़ियों के कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट को लेकर शुरू हो गया है. पीसीबी ने अपने ताजा जारी सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में बड़ी कटौती की है. उसने पिछले सत्र के लिए अनुबंधित 20 में से सिर्फ आठ खिलाड़ियों को ही इसमें शामिल किया है. पीसीबी ने लिस्ट को 50 प्रतिशत से अधिक घटा दिया है. कप्तान फातिमा सना और बाएं हाथ की स्पिनर सादिया इकबाल ही 'ए' कैटेगरी में हैं.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने दो अनुबंध श्रेणियों को पूरी तरह से खत्म कर दिया है. इस कारण कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को बड़ा नुकसान हुआ है. पीसीबी ने आठ खिलाड़ियों को तीन श्रेणियों में बांटा है. उसने 'ए', 'बी' और 'सी' कैटेगरी बनाया है. कैटेगरी 'ए' में फातिमा और सादिया हैं. कैटेगरी 'बी' में सिदरा अमीन, मुनीबा अली और नाशरा संधू को स्थान दिया गया है. इसके बाद कैटेगरी 'सी' में आयशा जफर, गुल फिरोजा और सदफ शमास को रखा गया है. इस पूरी लिस्ट में सिर्फ आयशा जफर ही इकलौती ऐसी खिलाड़ी हैं, जिन्हें पिछली बार तो कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में नहीं रखा गया था, लेकिन इस बार फिर से जगह मिल गई है.
पीसीबी ने दो कैटेगरी को हटाया
पीसीबी ने कैटेगरी 'ई' और 'डी' को पूरी तरह से हटा दिया. इन दो श्रेणियों को पिछले साल युवा और उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू किया था. पिछले अनुबंध में इन दो श्रेणियों में कुल 12 खिलाड़ियों को जगह मिली थी. पिछले साल 'ई' कैटेगरी में जगह बनाने वाली ईमान फातिमा और शवाल जुल्फिकार को इस बार किसी भी कैटेगरी में जगह नहीं मिली है.
ये भी पढ़ें: VIDEO: प्लेइंग इलेवन से बाहर होने पर छलका सिराज का दर्द, चश्मे के पीछे छिपाए आंसू? लाइव टीवी पर दिखा भावुक पल
कौन-कौन खिलाड़ी कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से बाहर?
पीसीबी द्वारा सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से 13 खिलाड़ी बाहर किए गए. इनमें आलिया रियाज, डायना बेग, रामीन शमीम, नाजिहा अल्वी, नतालिया परवेज, ओमौमा सोहेल, सिदरा नवाज, अरूब शाह, तूबा हसन, उम्म-ए-हानि और वहीदा अख्तर शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: 'बुमराह हैं, कुछ सोच के ही कर रहे होंगे...', जसप्रीत के नए रन-अप के पीछे क्या है राज? आकाश दीप ने किया खुलासा
पीसीबी ने क्यों लिया ऐसा फैसला?
पीसीबी ने अपने इस फैसले का कारण भी बताया. बोर्ड के अनुसार, चयन प्रक्रिया में खिलाड़ियों के हालिया प्रदर्शन और फिटनेस स्तर को मुख्य मानदंड बनाया गया है. पीसीबी ने अपने बयान में कहा, ''खिलाड़ियों की हालिया फॉर्म और फिटनेस का गहन मूल्यांकन करने के बाद ही श्रेणियां तय की गई हैं. पूरे अनुबंध काल के दौरान नियमित फिटनेस टेस्ट आयोजित किए जाएंगे और खिलाड़ियों को निर्धारित मानकों को बनाए रखना अनिवार्य होगा.'' बोर्ड ने सिदरा अमीन, मुनीबा अली और नाशरा संधू को कैटेगरी B में रखने के पीछे सभी प्रारूपों में उनके निरंतर प्रदर्शन का हवाला दिया है. पाकिस्तान की महिला टीम दिसंबर में वेस्टइंडीज दौरे पर टी20 और वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी.