SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

क्लीन स्वीप का सपना टूटा: न्यूजीलैंड के सामने दबाव में बिखरी टीम इंडिया की बैटिंग, ग्लेन फिलिप्स और जैकब डफी चमके

न्यूजीलैंड ने भारत को टी20 सीरीज के चौथे मैच में हरा दिया है. 260 रनों के टारगेट के सामने श्रेयस अय्यर की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 172 रन ही बना सकी. अब वह सीरीज में कीवियों का सूपड़ा साफ नहीं कर पाएगी.

Written By Rohit Raj
Published: Oct 30, 2026, 03:54 PM IST | Updated: Oct 30, 2026, 05:05 PM IST
Image Credit: भारत बनाम न्यूजीलैंड. Picture Credit- X/@Blackcaps/bcci
Join

न्यूजीलैंड ने भारत को पांच टी20 मैचों की सीरीज के चौथे मैच में 87 रन से हरा दिया. शुक्रवार (30 अक्टूबर) को ऑकलैंड के इडेन पार्क में मिली इस जीत से कीवी टीम ने खुद को क्लीन स्वीप से बचा लिया. भारत हार के बाद सीरीज में अब 3-1 से आगे है. पांचवां और आखिरी मैच हैमिल्टन में एक नवंबर को होगा. भारत ने क्राइस्टचर्च में पहले दो और वेलिंगटन में तीसरे मैच को जीतकर सीरीज में पहले ही 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली थी. टीम आखिरी दो मैचों को अपने नाम करके न्यूजीलैंड के खिलाफ क्लीन स्वीप करना चाहती थी, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया.

मैच में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. उनका यह निर्णय गलत साबित हुआ और न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 259 रनों का पहाड़ स्कोर खड़ा किया. यह न्यूजीलैंड का टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ा स्कोर है. उसने इससे पहले 2022 में स्कॉटलैंड के खिलाफ एडिनबर्ग में 5 विकेट पर 254 रन बनाए थे. यह भारत के खिलाफ भी किसी टीम का इस फॉर्मेट में सबसे  बड़ा स्कोर है. इससे पहले इसी साल इंग्लैंड ने साउथम्पटन में 3 विकेट पर 257 रन बनाए थे.

 

 

ग्लेन फिलिप्स ने शतक से मचाई तबाही

न्यूजीलैंड के लिए मैच में विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ने जोरदार शतक लगाया. उन्होंने 49 गेंद पर 107 रन की तूफानी पारी खेली. इस दौरान फिलिप्स ने छह चौके और 10 छक्के उड़ाए. उनके इस सीरीज में सबसे ज्यादा 276 रन हो गए हैं. फिलिप्स का साथ इस मैच में बाएं हाथ के बल्लेबाज माइकल ब्रैसवेल ने दिया. उन्होंने 25 गेंद पर 65 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया. ब्रैसवेल ने चार चौके और छह छक्के मारे. फिन एलन ने 17 गेंद पर 31 और डिरिल मिचेल ने 9 गेंद पर 24 रन का योगदान दिया.

 

 

महंगे साबित हुए भारतीय गेंदबाज

टीम इंडिया के गेंदबाजों की इस मैच में हालत खराब रही. सबने जमकर रन लुटाए. भुवनेश्वर कुमार के नहीं खेलने के बावजूद गेंदबाजी में कोई बदलाव नजर नहीं आया और कीवी टीम ने पहाड़ स्कोर खड़ा किया. मयंक यादव ने 4 ओवर में 48 रन लुटाए. हालांकि, उन्होंने तीन विकेट अपने नाम जरूर किए. अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 38, प्रिंस यादव ने 4 ओवर में 49, नीतीश कुमार रेड्डी ने 4 ओवर में 64 और अक्षर पटेल ने 3 ओवर में 43 रन लुटाए. नमन धीर ने एक ओवर में 16 रन दिए. नीतीश, अर्खदीप, अक्षर और नीतीश को एक-एक सफलता मिली.

ये भी पढ़ें: विराट कोहली के ऑकलैंड पहुंचते ही दिखा फैंस का क्रेज, सेल्फी और ऑटोग्राफ के लिए लोगों ने घेरा, भीड़ के सामने सिक्योरिटी के छूटे पसीने

भारत के टॉप-6 बल्लेबाजों ने किया निराश

कीवी टीम से मिले 260 रन के लक्ष्य का पीछा करने जब टीम इंडिया उतरी तो उसके बल्लेबाजों के फॉर्म को देखते हुए ऐसा लगा कि इस टारगेट को हासिल किया जा सकता है. भारतीय बल्लेबाजों ने हाल के कुछ मैचों में रनों की बारिश करके ऐसी उम्मीद जगाई है. हालांकि, उस मैच में ऐसा बिल्कुल नहीं हुआ. टॉप-6 बल्लेबाजों में कोई भी 30 रन के स्कोर तक नहीं पहुंच पाए. अभिषेक शर्मा ने 27, कप्तान अय्यर ने 22 और नीतीश कुमार रेड्डी ने 21 रन बनाए. अक्षर पटेल सात और संजू सैमसन 4 रन बनाकर आउट हुए. इस मैच में वैभव सूर्यवंशी की जगह वापसी करने वाले ईशान किशन खाता नहीं खोल पाए.

ये भी पढ़ें: T20I में 150 विकेट... अर्शदीप सिंह ने रच दिया इतिहास, भारतीय क्रिकेट इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा करिश्मा

तिलक और नमन ने बचाई लाज

एक समय तो ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम 100 रनों के अंदर सिमट जाएगी. 89 रन पर 6 विकेट गिर गए थे. यहां से नमन धीर और तिलक वर्मा ने सातवें विकेट के लिए 16 गेंद पर 31 और तिलक और प्रिंस यादव ने नौवें विकेट के लिए 43 गेंद पर 37 रनों की साझेदारी करके भारत को 150 रन के पार पहुंचाया. तिलक 35 गेंद पर सबसे ज्यादा 35 रन बनाए. नमन धीर 13 गेंद पर 28 रन बनाकर पवेलियन पहुंचे और प्रिंस यादव 17 गेंद पर 18 रन बनाकर नाबाद रहे. न्यूजीलैंड के लिए जैकब डफी ने मैच में सबसे ज्यादा चार विकेट लिए. मैथ्यू फिशर और मिचेल सैंटनर को दो-दो सफलता मिली. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES