54 गेंद, 91 रन और 10 छक्के: मुंबई इंडियंस ने जिसे 10 लाख में खरीदा, उसने तोड़ दिया शेफाली वर्मा का महारिकॉर्ड
दिशा कसाट ने सीनियर विमेंस टी20 ट्रॉफी में नाबाद 91 रनों की पारी खेलकर तहलका मचा दिया. उन्होंने 10 छक्के लगाकर शेफाली वर्मा के रिकॉर्ड को तोड़ दिया. उनकी पारी की बदौलत विदर्भ ने दिल्ली को हरा दिया.
मुंबई इंडियंस की क्रिकेटर दिशा कसाट ने आगामी महिला प्रीमियर लीग से पहले अपना जलवा दिखा दिया है. उन्होंने सीनियर विमेंस टी20 ट्रॉफी में छक्कों की बरसात कर दी. दिशा ने एक मैच में 10 छक्के लगाकर भारत की विस्फोटक बल्लेबाज शेफाली वर्मा का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया. वह महिला टी20 मैच में 10 छक्के लगाने वाली भारत की पहली महिला बल्लेबाज बन गईं. विदर्भ की इस खिलाड़ी ने जोरदार पावर हिटिंग का नमूना पेश किया और नाबाद 91 रन ठोक दिए.
दिशा महिला प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए खेल चुकी हैं. उन्हें इस बार मुंबई इंडियंस ने 10 लाख रुपये में खरीदा है. दिशा ने शनिवार को विदर्भ के लिए अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम के ग्राउंड बी में तूफान मचा दिया. उन्होंने 54 गेंदों का सामना किया और अपनी पारी में सिर्फ दो चौके मारे. उनकी पारी की बदौलत विदर्भ की टीम ने 15 गेंद बाकी रहते 170 रन के टारगेट को हासिल कर लिया. कसात से पहले शेफाली वर्मा ने इसी साल एशियन गेम्स के दौरान बांग्लादेश के खिलाफ शतकीय पारी के दौरान नौ छक्के लगाए थे.
लिजेल ली के नाम दर्ज है वर्ल्ड रिकॉर्ड
महिला टी20 में ओवरऑल रिकॉर्ड देखें तो एक मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड लिजेल ली के नाम दर्ज है. उन्होंने 2024 में होबार्ट हरिकेंस विमेन टीम के लिए पर्थ स्कॉर्चर्स के खिलाफ सिडनी में 12 छक्के मारे थे. उनके अलावा ऑस्ट्रेलिया की ग्रेस हैरिस और ब्राजील की लॉरा अगाथा एक मैच में 11-11 छक्के लगा चुकी हैं.
महिलाओं की टी20 इनिंग में सबसे ज्यादा छक्के
लिजेल ली - 12, होबार्ट हरिकेंस बनाम पर्थ स्कॉर्चर्स, 2024
ग्रेस हैरिस - 11, ब्रिस्बेन हीट बनाम पर्थ स्कॉर्चर्स, 2023
लॉरा अगाथा - 11, ब्राजील बनाम मेक्सिको, 2024
ऐश गार्डनर - 10, सिडनी सिक्सर्स बनाम मेलबर्न स्टार्स, 2017
दिशा कसाट - 10, विदर्भ बनाम दिल्ली, 2026
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान पर ऐतिहासिक जीत का तुरंत मिला इनाम: रातोंरात बदली मोहित उल्वा की जिंदगी, सीनियर टी20 टीम में मिली एंट्री
दिशा ने अहमदाबाद में आग लगा दी
पहले बैटिंग करने उतरी दिल्ली ने पांच विकेट पर 169 रन का मुश्किल स्कोर बनाया था. तनीषा सिंह ने 50 गेंदों में 12 चौकों की मदद से 78 रन बनाए, जबकि श्वेता सेहरावत ने 26 गेंदों में 33 और प्रिया पुनिया ने 24 रन बनाए. सोनी यादव ने आखिर में सिर्फ तीन गेंदों में 13 रन बनाकर अच्छा प्रदर्शन किया. यशश्री सोले विदर्भ की सबसे सफल बॉलर रहीं. उन्होंने 34 रन देकर दो विकेट लिए. इसके बाद दिशा ने लक्ष्य का पीछा संभाला और मोना मेश्राम के साथ 106 रन की मैच जिताने वाली साझेदारी की. वह 24 गेंदों में 43 रन बनाकर नाबाद रहीं. उनकी इस साझेदारी ने विदर्भ को आराम से फिनिश लाइन पार करने में मदद की.