'जहां सेलेक्टर्स हैं, वहीं मारो' सूर्या के काम आया धोनी मूवी वाला मंत्र, दमदार फिफ्टी के बाद खुलकर बोले
भारतीय टीम के टी20 वर्ल्ड चैंपियन कप्तान सूर्यकुमार यादव इन दिनों प्रचंड फॉर्म में हैं. खिताबी जीत के बाद अचानक सूर्या का पत्ता टीम इंडिया से कट गया. जिसके बाद अब घरेलू क्रिकेट में धमाकेदार बैटिंग से स्काई ने कमबैक प्लान बना लिया है. एमएस धोनी मूवी का एक डॉयलॉग उनके लिए मोटिवेशन बन चुका है.
सूर्यकुमार यादव टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में ताबड़तोड़ बैटिंग से महफिल लूटते नजर आ रहे हैं. टी20 वर्ल्ड कप 2026 की खिताबी जीत के बाद सूर्या की न सिर्फ कप्तानी गई बल्कि टीम से भी उनका पत्ता कट गया. अब स्काई मिशन कमबैक में जुट चुके हैं. मुंबई की टीम में बतौर कप्तान उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ नाबाद 60 रन की पारी खेली. ये उनका लगातार दूसरा अर्धशतक था. इससे पहले गुजरात के खिलाफ 29 गेंद में 82 रन की पारी खेली थी. लगातार दो फिफ्टी के बाद उन्होंने अपने मोटीवेशन का राज खोला.
सूर्या ने लगातार दो फिफ्टी के बाद खुलकर बात की. उन्होंने कहा, "आपने 'एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' फिल्म देखी होगी. इस मूवी में माही भाई के एक दोस्त ने कहा था, कि जहां सेलेक्टर्स बैठे हैं, वहीं मारना. आज मेरा भी यही प्लान था और मैं लगातार रन बनाने की कोशिश में हूं. टीम को जीत दिलाने में मदद कर रहा हूं और तीसरे से पांचवें नंबर पर 'हाई रिस्क, हाई रिवार्ड' वाला गेम खेल रहा हूं."
सूर्या पर थी सेलेक्टर्स की नजर
बीसीसीआई की सीनियर पुरुष चयन समिति में पूर्वी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले सेलेक्टर शिव सुंदर दास आईपीएल स्काउट्स के साथ सूर्या की पारी देख रहे थे. सूर्यकुमार ने एक से बढ़कर एक तूफानी शॉट्स खेले. सूर्या के बाद टी20 टीम की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में हैं. टीम इंडिया से बाहर होने से पहले स्काई फ्लॉप थे. आईपीएल 2026 में भी बल्ला नहीं चला, जिसके बाद उन्हें बाहर कर दिया गया था. अब देखना होगा कि घरेलू क्रिकेट के दम पर 36 की उम्र में स्काई कमबैक करने में कामयाब होते हैं या नहीं.
ये भी पढे़ं.. VIDEO: अभिषेक शर्मा की तरह जेब से निकाली चिट, शतक के बाद लिटन दास का लेटर सेलीब्रेशन वायरल
2 मैच के बाद तीसरे नंबर पर सूर्या
2 मुकाबले के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में सूर्यकुमार यादव तीसरे नंबर पर हैं. दोनों मुकाबलों को मिलाकर उन्होंने 142 रन ठोके हैं, जिसमें 15 चौके और 12 छक्के जमाए. नंबर-2 पर 146 रन के साथ शिवालिक शर्मा जबकि टॉप पर 2 मैच में 171 रन ठोकने वाले रजत पाटीदार हैं. पाटीदार ने पिछले मुकाबले में 48 गेंद में 135 रन की पारी खेली.