)
इंग्लैंड के कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने टेस्ट क्रिकेट में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है. जो रूट ने इस उपलब्धि के साथ ही ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज क्रिकेटर स्टीव स्मिथ की बादशाहत खत्म कर दी है. पाकिस्तान के खिलाफ एजबेस्टन में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट के दौरान जो रूट ने ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया, जिसने उन्हें टेस्ट क्रिकेट के इतिहास के सबसे सफल फील्डरों की लिस्ट में सबसे ऊपर पहुंचा दिया है. जो रूट ने पाकिस्तान की दूसरी पारी के दौरान अपना 220वां कैच लपकते ही ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज क्रिकेटर स्टीव स्मिथ को पीछे छोड़ दिया.
स्टीव स्मिथ के नाम टेस्ट क्रिकेट में बतौर फील्डर 219 कैच लपकने का रिकॉर्ड दर्ज है. अब जो रूट 220 कैच के साथ टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले नॉन-कीपर क्रिकेटर बन गए हैं. जो रूट का रिकॉर्ड बनाने वाला कैच पाकिस्तान की दूसरी पारी के पहले ही ओवर में आया. इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन ने अब्दुल्लाह शफीक को ऑफ स्टंप के बाहर की दिशा में एक अच्छी लेंथ की गेंद डाली.
अब्दुल्लाह शफीक ने इस गेंद को डिफेंड करने की कोशिश की, लेकिन बल्ले का बाहरी किनारा लग गया. गेंद पहली स्लिप में खड़े जो रूट की ओर नीची गई. जो रूट ने तेजी से नीचे झुकते हुए शानदार कैच पूरा किया. इस कैच के साथ अब्दुल्लाह शफीक बिना खाता खोले पवेलियन वापस लौट गए. वह सिर्फ 3 गेंद ही खेल पाए. ओली रॉबिन्सन ने पाकिस्तान के खिलाफ इस तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में अभी तक सबसे ज्यादा 21 विकेट चटकाए हैं.
1. जो रूट - 220 कैच
2. स्टीव स्मिथ - 219 कैच
3. राहुल द्रविड़ - 210 कैच
4. महेला जयवर्धने - 205 कैच
5. जैक कैलिस - 200 कैच
पाकिस्तान के पहली पारी के 133 रन के जवाब में इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 453 रन बनाए थे. पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड की टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ 320 रन की विशाल बढ़त हासिल की. इंग्लैंड के इसके बाद पाकिस्तान को फॉलोऑन खेलने उतार दिया है. दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक पाकिस्तान का दूसरी पारी में 52/2 स्कोर था. पाकिस्तान पर इस मैच में पारी की हार का खतरा मंडरा रहा है. इंग्लैंड इस टेस्ट मैच को जीतते ही तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान का 3-0 से सूपड़ा साफ कर देगा.