SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

टेस्ट में सबसे अधिक 700+ रनों का धमाका: भारत ने ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड को पछाड़ा, नंबर-1 पर इस एशियाई टीम का कब्जा

न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट की पहली पारी में भारत ने 720 रनों का पहाड़ खड़ा किया. टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक बार 700+ स्कोर करने के मामले में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज को पछाड़ दिया है.

Written By Ritesh Kumar
Published: Nov 22, 2026, 12:59 IST | Updated: Nov 22, 2026, 13:12 IST
Image Credit: टेस्ट में सबसे अधिक 700+ रनों का धमाका (AI Graphic/BCCI)
Join

वेलिंगटन में खेले जा रहे टेस्ट में भारत ने पहली पारी में 720 रनों का पहाड़ खड़ा कर इतिहास रच दिया. न्यूजीलैंड के खिलाफ और उनकी धरती पर ये सबसे बड़ा स्कोर है. टीम इंडिया ने इसके साथ ही टेस्ट क्रिकेट में 5वीं बार एक पारी में 700 रनों का आंकड़ा पार कर ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज को पीछे छोड़ दिया. इन तीनों टीमों ने अब तक 4 बार टेस्ट क्रिकेट में एक पारी में 700+ स्कोर बनाए हैं.

वेलिंगटन में जारी पहले टेस्ट के चौथे दिन भी भारतीय बल्लेबाजों का बोलबाला रहा. तीसरे दिन शुभमन गिल शतक से दो रन दूर रह गए थे और भारतीय फैंस का दिल टूटा था. हालांकि, चौथे दिन ऋषभ पंत ने अपने टेस्ट करियर का 9वां शतक जड़ तमाम फैंस को मुस्कुराने का मौका दिया. उन्होंने वनडे के अंदाज में खेलते हुए 153 गेंदों पर 128 रन बनाए.

भारत ने 5वीं बार पार किया 700 का पहाड़

नाइटवाचमैन बनकर बल्लेबाजी करने आए अंशुल कंबोज ने भी बैटिंग से प्रभावित किया और 42 गेंदों पर 38 रनों की अच्छी पारी खेली. उनके बाद ध्रुव जुरेल ने भी बहती गंगा में हाथ धोते हुए 78 रन बना दिए. टेस्ट क्रिकेट के 149 सालों के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ, जब पहले विकेट से लेकर 7 विकेट तक 50 से अधिक रनों की साझेदारी हुई. भारत ने 720/9 के स्कोर पर पारी घोषित करने का फैसला किया. विदेशी जमीन पर ये टीम इंडिया का सबसे बड़ा स्कोर भी है. वहीं, भारत ने 5वीं बार 700 से अधिक रन बनाने का कारनामा किया.

नंबर-1 पर श्रीलंका का कब्जा

टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक बार 700 रनों का आंकड़ा क्रॉस करने के मामले में श्रीलंका टॉप पर है. श्रीलंकाई टीम ने 7 बार ये अद्भुत कारनामा किया है. ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज को पछाड़कर टीम इंडिया दूसरे नंबर पर आ गई है. पाकिस्तान ने सिर्फ दो बार 700+ स्कोर पार किया है.

सबसे ज्यादा बार 700 पार

श्रीलंका- 7 बार 700+ स्कोर 
भारत- 5 बार 700+ स्कोर 
इंग्लैंड- 4 बार 700+ स्कोर 
ऑस्ट्रेलिया- 4 बार 700+ स्कोर 
वेस्टइंडीज- 4 बार 700+ स्कोर 
पाकिस्तान-  2 बार 700+ स्कोर
न्यूजीलैंड- 1 बार 700+ स्कोर

भारत ने जड़े 14 छक्के

720 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने के दौरान भारतीय बल्लेबाजों ने 14 छक्के जड़े, जो टेस्ट क्रिकेट में उनके सबसे बेहतरीन छक्के लगाने वाले प्रदर्शनों में से एक है. इससे पहले भारत की केवल दो पारियों में इससे ज्यादा सिक्स लगे हैं.

18 बनाम इंग्लैंड, राजकोट, 2024
15 बनाम श्रीलंका, ब्रेबोर्न, 2009
14 बनाम दक्षिण अफ्रीका, विशाखापत्तनम, 2019
14 बनाम न्यूजीलैंड, वेलिंगटन, 2026

कहां खड़ा है वेलिंगटन टेस्ट?

मैच की बात करें तो भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. न्यूजीलैंड ने महज 70 रनों पर 5 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन उसके बाद हेनरी निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स के बीच 216 रनों की शानदार साझेदारी हुई. निकोल्स ने 175 और फिलिप्स ने 118 रन बनाए. इसके जवाब में भारत ने पहली पारी में 720 रन टांग दिए. केएल राहुल (136) और ऋषभ पंत (128) ने सेंचुरी जड़ी, जबकि शुभमन गिल (98 रन), यशस्वी जायसवाल (85 रन), देवदत्त पडिक्कल (80 रन) और ध्रुव जुरेल (78 रन) ने अच्छा योगदान दिया.

दूसरी पारी में न्यूजीलैंड ने 119 रन पर 2 विकेट खो दिए हैं. डेवोन कॉनवे 59 और रचिन रविंद्र 27 रन बनाकर नाबाद हैं. न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम दूसरी इनिंग में भी खाता नहीं खोल सके और लगातार दूसरी बार पहले ओवर में ही बुमराह का शिकार बने.

ये भी पढ़ें: कुछ गंदा सा एक्शन चाहिए तो... LIVE मैच में कप्तान शुभमन से ये क्या बोल गए ऋषभ पंत? वायरल हुआ VIDEO
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES