6 गेंद में 4 विकेट: नई गेंद थामते ही स्टार्क ने मचाया भौकाल, 3 मिनट में साउथ अफ्रीका को किया तहस-नहस
साउथ अफ्रीका के खिलाफ चल रहे तीसरे टेस्ट के पहले दिन मिचेल स्टार्क ने महज 6 गेंद में 4 विकेट लेकर सनसनी मचा दी. दूसरी नई गेंद थामते ही वो विरोधियों पर कहर बनकर टूटे. स्टार ने पहली पारी में 6 विकेट चटकाए.
साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच केप टाउन में सीरीज का तीसरा और निर्णायक टेस्ट खेला जा रहा है. 3 मैचों की सीरीज 1-1 की बराबरी पर है, इसलिए न्यूलैंड्स के मैदान पर खेला जा रहा ये मुकाबला काफी अहम है. तीसरे टेस्ट के पहले दिन स्टार कंगारू पेसर मिचेल स्टार्क पहले सीजन में बिल्कुल प्रभाव नहीं डाल सके. अपना दूसरा ही टेस्ट खेल रहे प्रोटियाज ओपनर मार्केस एकरमैन ने स्टार्क पर कड़ा प्रहार किया. एक ओवर ऐसा भी आया, जब एकरमैन ने स्टार्क को 4 लगातार चौके मारे. स्टार्क पूरी तरह से घायल हो गए थे, लेकिन हिंदी में एक कहावत है ना कि घायल शेर से खतरनाक और कोई नहीं होता है.
मिचेल स्टार्क ने अपने पहले 12 ओवर में 62 रन लुटा दिए थे और उन्हें एक भी सफलता नहीं मिली थी. लेकिन साउथ अफ्रीकी पारी के 57वें ओवर से स्टार तेज गेंदबाज ने शानदार वापसी की. इस ओवर में उन्होंने पहले डेविड बेडिंगहम को आउट किया, जो 50 रन बनाकर खेल रहे थे. इसके बाद इसी ओवर में उन्होंने वियान मुल्डर को पवेलियन की राह दिखाई.
6 गेंद में झटके 4 विकेट
मिचेल स्टार्क का असली कहर आना अभी बाकी था. एक ओवर में दो विकेट के बाद ऐसा लगा कि शेर के मुंह में खून लग गया हो. 80 ओवर खत्म होते ही ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने नई गेंद लेने का फैसला किया और बॉल मिचेल स्टार्क को थमाई. पहली नई गेंद से स्टार्क बेअसर साबित हुए थे, लेकिन इसका बदला उन्होंने दूसरी गेंद थामते ही लिया. 6 गेंद में 4 विकेट लेकर उन्होंने सनसनी मचा दी. 80 ओवर तक साउथ अफ्रीका ने 6 विकेट खोकर 325 रन बनाए थे. इसके बाद स्टार्क ने कहर बरपाया और प्रोटियाज टीम 329 रनों पर ऑलआउट हो गई.
मिचेल स्टार्क ने 81वें ओवर की चौथी गेंद पर विकेट कीपर बल्लेबाज रयान रिकेल्टन को चलता किया, जो 42 रन बनाकर खेल रहे थे. इसी ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने खतरनाक अंदाज में खेल रहे मार्को यानसेन को पवेलियन की राह दिखाई. यानसेन ने 71 गेंदों पर 52 रन बनाए.
83वें ओवर में मिचेल स्टार्क फिर आए और तीन गेंद के अंदर दो और विकेट लेकर साउथ अफ्रीका का काम-तमाम कर दिया. वो पहले दो स्पेल में काफी महंगे साबित हुए थे और साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज उन्हें हल्के में ले रहे थे. लेकिन, स्टार्क ने घायल शेर की तरह प्रोटियाज पर वार किया और बेइज्जती का बदला लिया. महज 3 मिनट में उन्होंने 4 विकेट झटके और इस दौरान सिर्फ दो रन दिए.
गिलेस्पी और लियोन के क्लब में एंट्री
मिचेल स्टार्क टेस्ट क्रिकेट में छह गेंद या इससे कम में 4 विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलिया के तीसरे गेंदबाज बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने पूर्व पेसर जेसन गिलेस्पी और साथी स्पिनर नाथन लियोन की बराबरी कर ली है. गिलेस्पी ने 1998 में इंग्लैंड के खिलाफ ये कारनामा किया था, जबकि स्टार स्पिनर लियोन ने 2018 में पाकिस्तान के खिलाफ 6 गेंद के अंदर 4 विकेट चटकाए थे.
साउथ अफ्रीका ने बनाए 329 रन
केप टाउन में चल रहे टेस्ट के पहले दिन साउथ अफ्रीका ने 82.3 ओवर में 10 विकेट खोकर 329 रन बनाए. एडन मार्करम और मार्केस एकरमैन के बीच पहले विकेट के लिए 158 रनों की साझेदारी हुई. एकरमैन पहला टेस्ट शतक जड़ने से चूक गए और वो 95 रन बनाकर लियोन का शिकार बने. मार्करम ने 78 रनों की पारी खेली. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मिचेल स्टार्क ने सबसे अधिक 6 विकेट चटकाए. नाथन लियोन को 2 सफलता मिली. हेजलवुड और कोनोली ने 1-1 विकेट लिए.
यह भी पढ़ें: 2 पारी 2 डबल सेंचुरी: रणजी के नए रन मशीन बने आयुष बदोनी, कोहली-गंभीर के क्लब में मारी एंट्री