SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

1 ओवर, 0 रन और 3 विकेट: टीम इंडिया का सबसे बड़ा 'दुश्मन', 2019 वर्ल्ड कप की दिलाई याद, 21 साल पुराना जख्म कुरेदा

मैट हेनरी की खतरनाक गेंदबाजी के सामने भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे में टिक नहीं पाई. 334 रन के सामने टीम इंडिया 89 रनों पर ही ढेर हो गई. मैट हेनरी ने इस मैच में छह विकेट लेकर कई उपलब्धियां हासिल कर ली.

Written By Rohit Raj
Published: Nov 13, 2026, 17:04 IST | Updated: Nov 13, 2026, 17:08 IST
Image Credit: भारत बनाम न्यूजीलैंड. Screenshot/X/@Blackcaps
Join

भारतीय क्रिकेट टीम के लिए शुक्रवार (13 नवंबर) का दिन भूलने वाला रहा. न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच वनडे मैचों की सीरीज में तीन मुकाबलों के बाद 2-0 से आगे चलने वाली टीम को अचानक से माउंट माउंगानई में एक ऐसी हार का सामना करना पड़ा है, जो उसे लंबे समय तक परेशान करने वाला है. भारत रिकॉर्ड 244 रनों से हार गया. यह वनडे क्रिकेट में रनों के हिसाब से उसकी दूसरी सबसे बड़ी हार है. इससे पहले साल 2000 में श्रीलंका के खिलाफ उसे 245 रनों से हार का सामना करना पड़ा था. चौथे वनडे में भारतीय टीम को मैट हेनरी ने काफी परेशान किया और वह एक बार फिर से सिरदर्द बनकर सामने आए.

भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 333 रन बनाए. उसके लिए विल यंग ने 125 और टिम साइफर्ट ने 58 रनों की पारी खेली. भारत के लिए आकिब नबी, गुरनूर बरार और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिए. 334 रनों के टारगेट के सामने टीम इंडिया 89 रनों पर सिमट गई और उसे अपने वनडे इतिहास में रनों के हिसाब से दूसरी सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा है.

पहले ही ओवर में तीन विकेट

भारतीय पारी की शुरुआत किसी बुरे सपने जैसी रही. न्यूजीलैंड के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने पहले ही ओवर में तीन विकेट लेकर सनसनी मचा दी. उन्होंने पहली गेंद पर दिग्गज रोहित शर्मा, पांचवीं गेंद पर विराट कोहली और छठी गेंद पर कार्यवाहक कप्तान श्रेयस अय्यर को आउट कर दिया. तीनों ही बल्लेबाज खाता नहीं खोल पाए और शून्य पर पवेलियन लौट गए. इस ओवर में भारत का खाता नहीं खुला.

 

 

हेनरी ने 2019 की याद दिलाई

हेनरी ने भारतीय टीम को 2019 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल की याद दिला दी. उस मैच में भी वह भी कहर बनकर टुटे थे और ओपनर केएल राहुल  के साथ रोहित शर्मा को जल्दी ही आउट कर दिया था. रोहित और राहुल एक-एक रन ही बना पाए थे. विराट को एक रन के स्कोर पर ट्रेंट बोल्ट ने पवेलियन भेजा था. हेनरी ने इसके बाद दिनेश कार्तिक (छह रन) का भी शिकार कर लिया था.

ये भी पढ़ें: शर्मनाक: विराट कोहली वनडे में 20वीं बार 'जीरो' पर आउट, सचिन तेंदुलकर के अनचाहे रिकॉर्ड की बराबरी

21 साल बाद हुआ ऐसा

हेनरी ने आज 9.4 ओवर में छह विकेट लिए. उन्होंने दो मेडन ओवर किए और 27 रन ही दिए. हेनरी भारत के खिलाफ वनडे में छह विकेट लेने वाले न्यूजीलैंड के दूसरे गेंदबाज हैं. उनसे पहले 2005 में शेन बॉन्ड ने ऐसा कारनामा कर दिखाया था. उन्होंने बुलावायो में 19 रन दकर भारत के खिलाफ छह विकेट हासिल किए थे. हेनरी भारत के खिलाफ सबसे कम पारियों में चार बार चार या उससे अधिक विकेट हासिल किए हैं. हेनरी ने  12 पारियों में भारत के खिलाफ चौथी बार चार या उससे विकेट झटके हैं.

वनडे में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा 4-प्लस विकेट हॉल

4 - मैट हेनरी (12 पारी)
4 - रवि रामपॉल (14 पारी)
4 - अजंता मेंडिस (19 पारी)
4 - ब्रेट ली (30 पारी)
4 - आकिब जावेद (36 पारी)

ये भी पढ़ें: ODI में रनों के लिहाज से भारत की 5 सबसे बड़ी हार, इन देशों ने दिया सबसे बड़ा जख्म, न्यूजीलैंड ने दूसरी बार 200+ रनों से दी मात

शेन बॉन्ड के रिकॉर्ड की बराबरी

मैट हेनरी ने न्यूजीलैंड के लिए चौथी बार पारी में पांच या उससे अधिक विकेट लिए हैं. वह इस मामले में दिग्गज शेन बॉन्ड के बराबर पहुंच गए हैं. उनसे आगे रिचर्ड हैडली (पांच बार) और ट्रेंट बोल्ट (छह बार) हैं. इसके अलावा हेनरी एक ही विपक्षी के खिलाफ दो बार पांच या उससे अधिक विकेट लेने वाले विकेट लेने वाले तीसरे कीवी गेंदबाज हैं. हेनरी ने भारत के खिलाफ दो बार यह कारनामा किया है. पाकिस्तान के खिलाफ बेन सियर्स और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ट्रेंट बोल्ट ने दो-दो बार ऐसा किया है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शेन बॉन्ड ने तीन बार पांच या उससे अधिक विकेट हासिल किए हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES