KL Rahul Century: केएल राहुल ने रचा इतिहास, SENA देशों में ऐसा कारनामा करने वाले पहले भारतीय ओपनर बने
केएल राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट में ऐतिहासिक शतक जड़कर बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है. वह साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया यानी चारों SENA देशों में टेस्ट शतक लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर बन गए हैं.
टीम इंडिया के स्टार ओपनिंग बल्लेबाज केएल राहुल ने न्यूजीलैंड की धरती पर बल्ले से ऐसा धमाका किया है, जिसे भारतीय टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में लंबे समय तक याद रखा जाएगा. केएल राहुल ने शनिवार को वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया. इसके साथ ही उन्होंने एक ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो उनसे पहले कोई भी भारतीय ओपनर नहीं कर पाया था. केएल राहुल अब टेस्ट क्रिकेट में साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया यानी चारों SENA देशों में शतक लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर बन गए हैं. उन्होंने अपना 13वां टेस्ट शतक 207 गेंदों में पूरा किया.
केएल राहुल इसके साथ ही उन चुनिंदा एशियाई बल्लेबाजों के खास क्लब में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने चारों SENA देशों में टेस्ट शतक लगाए हैं. इस उपलब्धि को हासिल करने वाले वे आठवें एशियाई बल्लेबाज हैं. उनसे पहले मोहम्मद अजहरुद्दीन, सचिन तेंदुलकर, सईद अनवर, राहुल द्रविड़, यूनिस खान, कुमार संगकारा और विराट कोहली ऐसा कर चुके हैं. कुल मिलाकर, वे ऐसा करने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज और पहले ओपनिंग बल्लेबाज हैं. खास बात यह है कि इस लिस्ट में केवल केएल राहुल और पाकिस्तान के पूर्व ओपनर सईद अनवर ही ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने ओपनिंग करते हुए चारों SENA देशों में टेस्ट शतक लगाए हैं.
केएल राहुल ने रचा इतिहास
न्यूजीलैंड में अपने पहले टेस्ट शतक के साथ, केएल राहुल ने चारों देशों में शतक लगाने का अपना सफर पूरा कर लिया. इससे पहले वे ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका में शतक लगा चुके थे, और अब इस सूची में न्यूजीलैंड का नाम भी जुड़ गया है. इस शतक के साथ केएल राहुल के कुल टेस्ट शतकों की संख्या 13 हो गई है, जिसमें 10 शतक विदेशी धरती पर और 3 शतक घरेलू मैदान पर आए हैं.इससे पता चलता है कि वे घर से बाहर लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले बल्लेबाज रहे हैं. इस हालिया शतक ने केएल राहुल को हाल के वर्षों के सबसे बेहतरीन टेस्ट ओपनर्स में से एक बना दिया है.
साल 2021 से अब तक, उन्होंने ओपनर के तौर पर 7 टेस्ट शतक लगाए हैं, जो बेन डकेट, यशस्वी जायसवाल और दिमुथ करुणारत्ने के साथ संयुक्त रूप से सबसे अधिक हैं. इसके अलावा मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र में भी वे ओपनर्स के बीच सबसे ज्यादा शतक लगाने वालों में शामिल हैं. उन्होंने 4 शतक लगाए हैं, जो टॉम लैथम और ट्रैविस हेड के बराबर हैं. भारतीय ओपनर्स की बात करें तो, केएल राहुल के नाम अब 12 टेस्ट शतक हो गए हैं, और वे इस मामले में मुरली विजय की बराबरी पर आ गए हैं. सुनील गावस्कर 33 शतकों के साथ इस लिस्ट में सबसे ऊपर हैं, उनके बाद वीरेंद्र सहवाग (22 शतक) हैं, जबकि गौतम गंभीर और रोहित शर्मा के नाम 9-9 शतक हैं. राहुल की यह उपलब्धि तब आई, जब वह पहले ही खुद को भारत के ऐसे पहले ओपनर के रूप में स्थापित कर चुके थे, जिन्होंने सभी चार SENA देशों में 50 से अधिक रन बनाए हैं.
सभी चार SENA देशों में टेस्ट शतक लगाने वाले एशियाई बल्लेबाज
1. मोहम्मद अजहरुद्दीन
2. सचिन तेंदुलकर
3. सईद अनवर
4. राहुल द्रविड़
5. यूनिस खान
6. कुमार संगकारा
7. विराट कोहली
8. केएल राहुल
सईद अनवर और केएल राहुल ही ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने ओपनिंग करते हुए ऐसा किया है. केएल राहुल सभी चार SENA देशों में टेस्ट शतक लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर भी हैं.
भारत के लिए ओपनर के तौर पर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक
1. सुनील गावस्कर - 33 शतक
2. वीरेंद्र सहवाग - 22 शतक
3. मुरली विजय - 12 शतक
4. केएल राहुल - 12 शतक
5. गौतम गंभीर - 9 शतक
6. रोहित शर्मा - 9 शतक
2021 से ओपनर के तौर पर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक
1. बेन डकेट - 7 टेस्ट शतक
2. यशस्वी जायसवाल - 7 टेस्ट शतक
3. दिमुथ करुणारत्ने - 7 टेस्ट शतक
4. केएल राहुल - 7 टेस्ट शतक
WTC 2025-27 में ओपनर्स के बीच राहुल, टॉम लैथम और ट्रैविस हेड ने संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा शतक (चार-चार) लगाए हैं.