साउथ अफ्रीका के धाकड़ तेज गेंदबाज कैगिसो रबाडा ने टेस्ट क्रिकेट में एक प्रचंड रिकॉर्ड बना दिया है. साउथ अफ्रीका के इस स्टार तेज गेंदबाज ने घरेलू मैदान पर टेस्ट क्रिकेट में 200 विकेट पूरे कर इतिहास रच दिया है. कैगिसो रबाडा ऐसा करने वाले साउथ अफ्रीका के केवल चौथे गेंदबाज बन गए हैं. कैगिसो रबाडा अब साउथ अफ्रीका के लिए घर में 200 टेस्ट विकेट लेने के मामले में डेल स्टेन और मखाया एंटिनी के एलीट क्लब में शामिल हो गए हैं.
कैगिसो रबाडा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गकेबरहा में जारी दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में निक मैडिनसन और मिचेल स्टार्क को आउट करके यह उपलब्धि हासिल की. उन्होंने 12 ओवर में 33 रन देकर 2 विकेट लिए. कैगिसो रबाडा ने साउथ अफ्रीका के लिए घर में 38 टेस्ट मैचों में 200 विकेट पूरे किए हैं. इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 20.06 रहा है. उन्होंने 10 बार एक पारी में पांच विकेट और चार बार एक मैच में 10 विकेट लेने का कारनामा भी किया है. कैगिसो रबाडा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 112 रन देकर 7 विकेट है.
1. डेल स्टेन: 261 विकेट
2. मखाया एंटिनी: 249 विकेट
3. शॉन पोलॉक: 235 विकेट
4.कैगिसो रबाडा: 200 विकेट
कैगिसो रबाडा ने घरेलू टेस्ट क्रिकेट में विकेटों का दोहरा शतक पूरा करने के लिए केवल 7,017 गेंदें फेंकीं. यह इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले गेंदबाजों में सबसे कम गेंदों का आंकड़ा है. इस मामले में कैगिसो रबाडा ने डेल स्टेन को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने घरेलू मैदान पर 200 टेस्ट विकेट पूरे करने के लिए 7,751 गेंदें फेंकी थीं. हालांकि, मैचों की संख्या के मामले में डेल स्टेन आगे हैं. उन्होंने 37 टेस्ट में यह उपलब्धि हासिल की थी, जबकि कैगिसो रबाडा को 38 टेस्ट लगे.
कैगिसो रबाडा ने 74 टेस्ट मैचों में कुल 344 विकेट हासिल किए हैं. कैगिसो रबाडा का गेंदबाजी औसत 21.96 है. इस दौरान कैगिसो रबाडा 17 बार एक पारी में पांच विकेट और चार बार एक मैच में 10 विकेट लेने में सफल रहे हैं. कैगिसो रबाडा का बेस्ट गेंदबाजी प्रदर्शन 112 रन देकर 7 विकेट है. टेस्ट क्रिकेट में वह साउथ अफ्रीका के चौथे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं.