भारत ने किया क्लीन स्वीप: कप्तानी छोड़ते ही प्रचंड फॉर्म में आईं हरमनप्रीत, शेफाली के साथ मिलकर जिम्बाब्वे को कूटा
भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ रायपुर में तीन टी20 मैचों की सीरीज को 3-0 से जीत लिया है. तीसरे मैच उसे 92 रनों से जीत मिली. अब वडोदरा में तीन वनडे मैच दोनों टीमों के बीच खेले जाएंगे.
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप कर दिया. रायपुर में मंगलवार (20 अक्टूबर) को खेले सीरीज के तीसरे मैच में टीम इंडिया ने 92 रनों से जीत हासिल की. शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में ही सीरीज के शुरुआती दो मैचों में भारत को एकतरफा जीत मिली थी. पहले मैच में 4 विकेट और दूसरे मुकाबले में 9 विकेट से सफलता मिली थी. तीसरे टी20 में पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर और उपकप्तान शेफाली वर्मा की विस्फोटक पारियों की बदौलत भारत ने 3-0 से सीरीज को अपने नाम कर लिया.
भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. उनके इस फैसले को टीम के बल्लेबाजों ने सही साबित कर दिया. टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 216 रन बनाए. जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 124 रन ही बना सकी. जिम्बाब्वे की टी20 इंटरनेशनल में यह लगातार 23वीं हार है और भारत की इसी फॉर्मेट में लगातार 11वीं जीत है. दोनों टीमें अब वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी. वहां 23, 25 और 27 अक्टूबर को तीन 50 ओवर के मैच खेले जाएंगे.
भारत ने घर में बनाया अनोखा रिकॉर्ड
भारतीय महिला टीम की घरेलू मैदान पर टी20 इंटरनेशनल में रनों के हिसाब से यह सबसे बड़ी जीत है. इससे पहले 2016 में टीम इंडिया ने बेंगलुरु में बांग्लादेश के खिलाफ 72 रनों से हराया था. 2024 में मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ 60 रनों से जीत हासिल की थी. वहीं, सूरत में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2019 में 51 रन से मैच को अपने नाम किया था.
महिलाओं के टी20 इंटरनेशनल में एक कैलेंडर साल में सबसे ज्यादा जीत (फुल मेंबर टीमें)
19 - इंग्लैंड, 2024 (जीत/हार: 6.333)
18 - भारत, 2026 (जीत/हार: 2)
17 - इंग्लैंड, 2012 (जीत/हार: 8.5)
16 - भारत, 2018 (जीत/हार: 2.285)
16 - साउथ अफ्रीका, 2026 (जीत/हार: 2)
16 - श्रीलंका, 2026 (जीत/हार: 3.2)
हरमनप्रीत और शेफाली ने मचाया तूफान
भारतीय बल्लेबाजों ने इस मैच में तूफान मचा दिया. तीनों फॉर्मेट में कप्तानी छोड़ने के बाद हरमनप्रीत की यह पहली सीरीज है. उन्होंने तीसरे मैच में अपने बल्ले से तबाही मचा दी. हरमन ने 41 गेंद पर नाबाद 91 रन बनाए. उन्होंने 10 चौके और 5 छक्के लगाए. उनका स्ट्राइक रेट 221.95 का रहा. वहीं, शेफाली वर्मा ने 37 गेंद पर 6 चौके और 5 छक्कों की मदद से 69 रन बनाए. अनुष्का शर्मा ने 20 गेंद पर 28 रन बनाए.
मैच में लगे रिकॉर्ड 15 छक्के
भारत से मिले 217 रन के टारगेट का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 124 रन ही बना सकी. उसके लिए शार्ने मेयर्स ने 49 गेंद पर 60 रन बनाए. वहीं, बीलव्ड बीजा ने 50 गेंद पर 44 रन बनाए. भारत के लिए गेंदबाजी में नंदिनी शर्मा ने 4 ओवर में 8 रन देकर 3 विकेट लिए. दोनों टीमों ने मिलकर इस मैच में 15 छक्के लगाए. महिला टी20 इंटरनेशनल के इतिहास में दूसरी बार ऐसा हुआ है. इससे पहले 2018 में भारत और साउथ अफ्रीका के मैच में कुल 15 छक्के लगे थे.
ये भी पढ़ें: रजनीकांत के लिए संजू सैमसन का क्रेज: 'Jailer 2' की स्पेशल स्क्रीनिंग, 'थलाइवा' की फिल्म के लिए बुक कर डाला पूरा थिएटर
महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के (दोनों पारी मिलाकर)
15 - साउथ अफ्रीका बनाम भारत, पोटचेफस्ट्रूम, 2018
15 - भारत बनाम जिम्बाब्वे, रायपुर, 2026
14 - वेस्टइंडीज बनाम साउथ अफ्रीका, बैसेटेरे, 2010
14 - ऑस्ट्रेलिया बनाम वेस्टइंडीज, नॉर्थ सिडनी, 2023
14 - भारत बनाम वेस्टइंडीज, मुंबई DYP, 2024
14 - साउथ अफ्रीका बनाम भारत, जोहान्सबर्ग, 2026
14 - पाकिस्तान बनाम श्रीलंका, निशिन, 2026
14 - भारत बनाम श्रीलंका, निशिन, 2026.