App

क्या वेलिंगटन में 'शुभ' साबित होंगे शुभमन गिल? धोनी-गांगुली-विराट जैसे कप्तान भी हुए फेल, सालों से चल रहा जीत का सूखा

भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज 3-1 से अपने नाम की. अब टेस्ट सीरीज शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है. पहला मुकाबला 19 नवंबर को वेलिंगटन में खेला जाएगा. आंकड़ों पर नजर डालें इस मैदान पर टीम इंडिया की बत्ती गुल नजर आती है.

क्या वेलिंगटन में 'शुभ' साबित होंगे शुभमन गिल? धोनी-गांगुली-विराट जैसे कप्तान भी हुए फेल, सालों से चल रहा जीत का सूखा

भारतीय टीम के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज का अंत शानदार अंदाज में हुआ. टीम इंडिया ने 3-1 से सीरीज अपने नाम की. अब नजरें टेस्ट सीरीज पर हैं, जिसका पहला मुकाबला 19 नवंबर को वेलिंगटन में होना है. ये सीरीज टीम इंडिया के लिए अग्निपरीक्षा से कम नहीं होगी. वेलिंगटन के मैदान के टेस्ट आंकड़ों पर नजर डालें तो भारतीय टीम की जीत कोसों दूर नजर आती है. विराट कोहली, एमएस धोनी और सुनील गावस्कर जैसे बड़े-बड़े भारतीय कप्तान इस मैदान पर फेल हो गए हैं.

भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में कुल 8 मुकाबले खेले गए हैं. न्यूजीलैंड ने इस मैदान पर भारत के खिलाफ 5 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि 2 मैच ड्रॉ रहे. भारत को 8 में से महज एक ही जीत नसीब हुई. साल 1968 में भारत ने पिछली बार वेलिंगटन में मुकाबला जीता था. उस दौरान भारतीय कप्तान मंसूर अली खान पटौदी थे. इसके बाद विराट कोहली, एमएस धोनी, सुनील गावस्कर जैसे नामी प्लेयर्स कप्तान बने, लेकिन भारतीय टीम को वेलिंगटन के मैदान पर जीत दिलाने में नाकाम रहे.

धोनी ने दी टक्कर

एमएस धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को जीतने के लिए पापड़ बेलने पर मजबूर कर दिया था. साल 2009 और 2014 में एमएस धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने वेलिंगटन में न्यूजीलैंड को टक्कर दी और दोनों मुकाबले ड्रॉ रहे. विराट कोहली की कप्तानी में 2020 में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में टेस्ट खेला था, लेकिन जीत दिलाने में नाकाम रहे थे.

क्या शुभमन गिल रच पाएंगे इतिहास?

अब सभी की नजरें शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया पर हैं. शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टेस्ट टीम का प्रदर्शन ठीक-ठाक नजर आया है. हालांकि, भारतीय टीम इन दिनों बदलाव के दौर से गुजर रही है. अनुभव की कमी के चलते टीम इंडिया के लिए जीत आसान नहीं होगी. देखना दिलचस्प होगा की कप्तान शुभमन गिल और गौतम गंभीर किस कॉम्बिनेशन को मैदान में लेकर आएंगे. मौजूदा स्क्वाड में ऋषभ पंत और जसप्रीत बुमराह दो ही ऐसे प्लेयर हैं, जिन्होंने वेलिंगटन में टेस्ट का अनुभव है. दोनों ने 2020 में इस मैदान पर टेस्ट मैच खेला था. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kavya Yadav

Kavya Yadav

4 साल से खेल पत्रकारिता में सक्रिय. 2022 में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट के तौर पर डेब्यू किया. क्रिकट्रैकर, न्यूज18 से होते हुए अब जी न्यूज हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर स्पोर्ट्स टीम का हिस्सा हैं. खेल जगत की हर हलचल, हर खास कहानी और हर ब्रेकिंग न्यूज पर पकड़. IPL, ODI World Cup, T20 World Cup, Olympics समेत कई बड़े इवेंट्स कवर किए हैं.
Read More