टीम इंडिया में बड़ा उलटफेर तय... मोहम्मद सिराज की होगी वापसी या गुरनूर बरार करेंगे डेब्यू? ऐसी हो सकती है Playing XI
न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च टेस्ट में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. मोहम्मद सिराज की वापसी, गुरनूर बरार का डेब्यू और वॉशिंगटन सुंदर की जगह नीतीश रेड्डी को मौका मिलने की चर्चा तेज है.
न्यूजीलैंड दौरे पर वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने के बाद अब भारतीय क्रिकेट टीम शुक्रवार (27 नवंबर) से क्राइस्टचर्च में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच के लिए कमर कस चुकी है. कीवी धरती पर सीरीज अपने नाम करने के इरादे से कप्तान शुभमन गिल और टीम मैनेजमेंट प्लेइंग इलेवन में कुछ कड़े और चौंकाने वाले बदलाव करने पर विचार कर रहे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की प्लेइंग-11 में वापसी लगभग तय मानी जा रही है, जबकि एक युवा तेज गेंदबाज को टेस्ट कैप मिल सकती है.
न्यूजीलैंड दौरे पर गई मौजूदा भारतीय टेस्ट टीम में मोहम्मद सिराज दूसरे सबसे अनुभवी गेंदबाज हैं. उम्मीद थी कि वेलिंगटन में खेले गए पहले टेस्ट में वह स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह के साथ मिलकर नई गेंद से कहर बरपाएंगे, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने सभी को चौंकाते हुए उन्हें बेंच पर बैठा दिया. कोच और कप्तान शुभमन गिल ने इसके पीछे सिराज की हालिया फॉर्म और मैच के लिए सर्वश्रेष्ठ कॉम्बिनेशन का हवाला दिया था.
टीम इंडिया में बड़ा उलटफेर तय
रिकॉर्ड की बात करें तो मोहम्मद सिराज का पलड़ा मौजूदा पेस बॉलिंग अटैक पर काफी भारी है. प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप और अंशुल कंबोज ने मिलकर कुल 23 टेस्ट मैच खेले हैं, जबकि मोहम्मद सिराज अकेले 48 टेस्ट मैचों का अनुभव रखते हैं. खासकर SENA देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) की कठिन परिस्थितियों में प्रसिद्ध कृष्णा ने 7, आकाश दीप ने 6 और अंशुल कंबोज ने महज 2 टेस्ट खेले हैं. वहीं, मोहम्मद सिराज ने न्यूजीलैंड में एक भी टेस्ट न खेलने के बावजूद SENA देशों में 22 टेस्ट खेलकर 86 विकेट चटकाए हैं.
मोहम्मद सिराज की होगी वापसी?
इसके बावजूद पहले टेस्ट में मैनेजमेंट ने उनके अनुभव के बजाय हालिया प्रदर्शन को तवज्जो दी थी और मैच ड्रॉ होने के बाद भी गिल अपने फैसले पर कायम दिखे थे. कप्तान शुभमन गिल ने संकेत दिए हैं कि टीम बड़े पैमाने पर बदलाव करने के मूड में नहीं है, लेकिन क्राइस्टचर्च की पिच और मौसम को देखते हुए मोहम्मद सिराज की वापसी की पूरी संभावना है. अगर मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जाता है, तो युवा तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को बाहर बैठना पड़ सकता है.
गुरनूर बरार को मिल सकता है डेब्यू का मौका
पहले टेस्ट के दूसरे और तीसरे स्पेल में अंशुल कंबोज की गेंदबाजी की रफ्तार में आई गिरावट ने टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ा दी है, जिसका सीधा फायदा सिराज को मिल सकता है. भारतीय टीम क्राइस्टचर्च टेस्ट में युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को टेस्ट डेब्यू करने का सुनहरा मौका भी दे सकती है. टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल का मानना है कि गुरनूर बरार की गेंदबाजी शैली और स्किल्स न्यूजीलैंड की परिस्थितियों के लिए बिल्कुल सटीक हैं.
रवींद्र जडेजा काटेंगे किसका पत्ता?
अगर टीम मैनेजमेंट गुरनूर बरार को आजमाने का फैसला करता है, तो प्रसिद्ध कृष्णा को प्लेइंग इलेवन से बाहर होना पड़ सकता है. टीम से बाहर रहने वाले एक और प्रमुख खिलाड़ी रवींद्र जडेजा थे, जिनकी जगह भारत ने वॉशिंगटन सुंदर को प्राथमिकता दी. हालांकि, अगर पिच तेज गेंदबाजों को मदद करती है, तो वॉशिंगटन सुंदर को भी तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी के लिए रास्ता बनाना पड़ सकता है.
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जड़ेजा, आकाश दीप, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और गुरनूर बरार.