)
बाइक बनाने वाली कंपनी टीवीएस मोटर ने अपनी फेमस स्कूटर सीरीज जुपिटर के साथ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. कंपनी ने बताया है कि जुपिटर ने कुल 1 करोड़ यूनिट उत्पादन का ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर लिया है.
इसके साथ ही ये भारत में ये रिकॉर्ड बनाने वाला सबसे तेज और सबसे कम उम्र का स्कूटर ब्रांड बन गया है. तमिलनाडु के होसुर स्थित कंपनी के प्लांट में ये खास उपलब्धि दर्ज की गई.
टीवीएस जुपिटर को साल 2013 में ज्यादा का फायदा सोच के साथ बाजार में उतारा गया था. इसे खास तौर पर एक ऐसे फैमिली स्कूटर के रूप में तैयार किया गया था, जो बेहतर माइलेज, आराम और सुविधा दे सके. समय के साथ ग्राहकों की पसंद बदली और जुपिटर ने भी खुद को उसी ग्राहकों के पसंद हिसाब से ढाला.
यही वजह है कि आज ये देश के सबसे पसंदीदा स्कूटर ब्रांड्स में शुमार है. लॉन्च के पहले ही साल में 5 लाख बिक्री का आंकड़ा छूकर इसने सबसे तेज स्कूटर बनने का रिकॉर्ड बनाया था. बाद में ये भारत का दूसरा सबसे बड़ा स्कूटर ब्रांड बनकर उभरा.
जुपिटर को पसंद करने वालों की संख्या बहुत तेजी से बढ़ी है. इसका अंदाजा आप इस स्कूटर को बनाने की रफ्तार से समझ सकते हैं. इस स्कूटर को पहले 50 लाख यूनिट बनाने में पूरे 9 साल का समय लगा था.
लेकिन इसके बाद के अगले 50 लाख यूनिट कंपनी ने महज 4 साल के भीतर ही तैयार कर लिए. इस डेटा को देखकर ये तो समझ आ जाता है कि भारत में मिडिल क्लास से लेकर लोअर मिडिल क्लास के लोगो को ये स्कूटी लगातार पसंद आ रही है.
कंपनी ने बस इस मॉडल को निकाल कर अपना रास्ता नहीं नापा, कंपनी लगातार इस मॉडल को बेहतर बनाने के लिए काम करती रही. ग्राहकों को समय के साथ स्कूटी में जो बदलाव चाहिए थे वो किया गया.
इस स्कूटी में पहले सिर्फ एक हेलमेट रखा जा सकता था लेकिन कंपनी ने समय के साथ इसमें दो हेलमेट रखने के सुविधा दी. साथ में आगे से पेट्रोल भरवाने की सुविधा और इन्फिनिटी लाइट बार जैसे फीचर्स जोड़े गए हैं.
इतना ही नहीं इसमें आई-गो असिस्ट, बॉडी बैलेंस तकनीक वाली मजबूत मेटल बॉडी और स्मार्टएक्सोनेक्ट जैसे एडवांस फीचर्स ऐड कए गए हैं. इन सुविधाओं ने सफर को पहले से कहीं ज्यादा आसान और सुरक्षित कर दिया है.
कंपनी ने साल 2021 में 125 सीसी वाले सेगमेंट में कदम रखा था. इस स्कूटी को पहले से ज्यादा जगह और आराम और परिवार के जरूरतों के हिसाब से बनाया गाय था.
आगे चलकर 2024 में कंपनी ने नए जमाने के डिजाइन वाला नया जुपिटर 110 पेश किया, जिसमें माइलेज और आराम को और बेहतर बनाया गया. लॉन्च के महज छह महीने के भीतर ही ये नया मॉडल साल का सबसे ज्यादा अवॉर्ड जीतने वाला स्कूटर बन गया.
इस बड़ी उपलब्धि पर टीवीएस मोटर कंपनी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अनिरुद्ध हलदर ने खुशी जाहिर की है. उन्होंने कहा कि जुपिटर की ज्यादा देने वाली सोच भारतीय ग्राहकों की बढ़ती उम्मीदों को दिखाती है.
अनिरुद्ध हलदर ने कहा कि ग्राहकों का भरोसा मिलने के साथ कंपनी के कर्मचारियों, डीलर्स पार्टनर्स और सप्लायर्स ने भी बहुत मेहनत की है.