4-0 की बढ़त पक्की? ऑकलैंड में कभी टी20 मैच नहीं हारा भारत, 12 रन बनाने ही श्रेयस अय्यर तोड़ देंगे केएल राहुल का रिकॉर्ड
ऑकलैंड के मैदान पर चौथे T20I मुकाबले में भी टीम इंडिया जीत दर्ज कर पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में 4-0 की मजबूत बढ़त बना सकती है.
ऑकलैंड के ईडन पार्क मैदान पर आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला जाएगा. टीम इंडिया ने ऑकलैंड में कभी भी एक भी टी20 इंटरनेशनल मुकाबला नहीं गंवाया है. भारतीय टीम पांच मैचों की सीरीज में पहले ही 3-0 से आगे चल रही है. ऑकलैंड के ईडन पार्क मैदान पर टीम इंडिया ने अभी तक तीन टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं और तीनों में जीत दर्ज की है. भारत ने 8 फरवरी 2019 को ऑकलैंड में खेले गए टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से मात दी थी. टीम इंडिया ने इसके बाद 24 जनवरी 2020 को न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड में 6 विकेट से टी20 इंटरनेशनल मुकाबला जीता था. भारतीय टीम ने इसके बाद 26 जनवरी 2020 को ऑकलैंड के ईडन पार्क मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ 7 विकेट से जीत हासिल की थी.
बता दें कि ईडन पार्क में लगभग 40,000 दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है, जो न्यूजीलैंड में किसी द्विपक्षीय सीरीज के मैच के लिए दर्शकों की संख्या का एक नया रिकॉर्ड होगा. इससे पहले का रिकॉर्ड 36,523 दर्शकों का था, जो 2019 में इसी मैदान पर भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड की पुरुष और महिला टीमों के डबल-हेडर मैचों के दौरान बना था. ऑकलैंड के ईडन पार्क मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा T20I रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड के ईडन पार्क मैदान पर केएल राहुल ने 2 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 113 की औसत के साथ 113 रन बनाए हैं, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं. केएल राहुल का इस मैदान पर हाईएस्ट T20I स्कोर नाबाद 57 रन रहा है.
श्रेयस अय्यर तोड़ देंगे केएल राहुल का रिकॉर्ड
केएल राहुल के बाद भारतीय बल्लेबाजों की इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर श्रेयस अय्यर हैं. ऑकलैंड के ईडन पार्क मैदान पर श्रेयस अय्यर ने 2 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 102 की औसत के साथ 102 रन बनाए हैं, जिसमें 1 अर्धशतक शामिल हैं. श्रेयस अय्यर का ऑकलैंड के मैदान पर हाईएस्ट T20I स्कोर नाबाद 58 रन रहा है. श्रेयस अय्यर के पास ऐसे में केएल राहुल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए ऑकलैंड के ईडन पार्क मैदान पर सबसे ज्यादा T20I रन बनाने वाले भारतीय बनने का मौका है. श्रेयस अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच में 12 रन बनाते ही केएल राहुल का रिकॉर्ड तोड़ देंगे.
ऑकलैंड में सबसे ज्यादा T20I रन बनाने वाले भारतीय
1. केएल राहुल - 2 T20I मैचों में 113 रन
2. श्रेयस अय्यर - 2 T20I मैचों में 102 रन
3. रोहित शर्मा - 3 T20I मैचों में 65 रन
4. विराट कोहली - 2 T20I मैचों में 56 रन
5. ऋषभ पंत - 1 T20I मैच में 40 रन