IND vs NZ: टीम इंडिया के पेस अटैक ने मचाई तबाही, कीवियों की निकली हेकड़ी, अर्शदीप-अंशुल और गुरनूर ने उड़ाई धज्जियां
अर्शदीप सिंह, अंशुल कंबोज और गुरनूर बरार ने ऐसी खतरनाक गेंदबाजी की, जिसके सामने न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए हैं.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज का पहला मुकाबला ऑकलैंड के ईडन पार्क मैदान पर खेला जा रहा है. इस मैच में भारतीय क्रिकेट टीम की पेस तिकड़ी ने अपनी कातिलाना गेंदबाजी से तबाही मचाकर रख दी. टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और न्यूजीलैंड को बल्लेबाजी का न्योता दिया.
अर्शदीप सिंह, अंशुल कंबोज और गुरनूर बरार की तेज गेंदबाजी तिकड़ी ने कप्तान शुभमन गिल के टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करने के फैसले को सही ठहराते हुए न्यूजीलैंड को लगातार झटके दिए. अर्शदीप सिंह ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके. गुरनूर बरार ने 3 विकेट चटकाए. इसके अलावा अंशुल कंबोज ने भी 2 विकेट झटके. न्यूजीलैंड के विध्वंसक बल्लेबाज टिम सीफर्ट (38 रन), डेरेल मिचेल (28 रन), टॉम लैथम (3 रन) और हेनरी निकोल्स (9 रन) कुछ खास कमाल नहीं कर पाए. भारतीय तेज गेंदबाजों ने इन सभी को सस्ते में आउट कर दिया.
टीम इंडिया के पेस अटैक ने मचाई तबाही
अर्शदीप सिंह ने भारत को पहली सफलता पांचवें ओवर में दिलाई. उन्होंने गेंद को जोर से पिच पर पटका, जो मिडिल स्टंप की लाइन में थी. विल यंग ने एक बार फिर पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद पिच पर थोड़ी रुक कर आई. विल यंग ने शॉट जल्दी खेल दिया, जिससे गेंद बल्ले के ऊपरी किनारे पर लग गई. गेंद हवा में काफी ऊपर मिड-विकेट की तरफ गई, जहां श्रेयस अय्यर ने दाईं ओर कुछ कदम बढ़ाए, गेंद के नीचे आए और एक आसान कैच पकड़ लिया. विल यंग 9 रन बनाकर आउट हुए.
कीवियों की निकली हेकड़ी
नौवें ओवर की तीसरी गेंद पर अर्शदीप सिंह ने भारत को दूसरी सफल दिलाई. अर्शदीप सिंह ने हेनरी निकोल्स को नमन धीर के हाथों कैच आउट करा दिया. हेनरी निकोल्स 9 रन बनाकर आउट हुए. गुरनूर बरार ने 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर टिम सीफर्ट का शिकार किया. गुरनूर बरार ने जोर लगाकर एक शॉर्ट गेंद फेंकी, जो शरीर की लाइन में थी और काफी ऊंचाई तक उछल गई. इसके बावजूद, टिम सीफर्ट ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले के ऊपरी किनारे पर लग गई. गेंद हवा में उछलकर मिड-ऑन की तरफ गई, जहां सब्स्टिट्यूट फील्डर ऋतुराज गायकवाड़ ने एक आसान कैच पकड़ लिया. टिम सीफर्ट 38 रन बनाकर आउट हुए.
अर्शदीप-अंशुल और गुरनूर ने उड़ाई धज्जियां
गुरनूर बरार ने 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर टॉम लैथम को 3 रन के निजी स्कोर पर आउट किया. गुरनूर बरार ने ऑफ स्टंप के आसपास फुल लेंथ गेंद फेंकी. टॉम लैथम ने थोड़ा आगे बढ़कर ड्राइव करने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले से लगकर हवा में उछल गई और उनका बल्ला भी घूम गया. गेंद वापस गेंदबाज की तरफ गई और गुरनूर बरार ने अपने बाईं ओर झुककर एक शानदार कैच लपक लिया.
रोहित शर्मा का शानदार रन आउट
रोहित शर्मा ने 22वें ओवर में न्यूजीलैंड के खतरनाक बल्लेबाज डेरिल मिचेल को रन आउट कर दिया. न्यूजीलैंड की पारी के 22वें ओवर में अक्षर पटेल गेंदबाजी के लिए आए. डेरिल मिचेल ने अक्षर पटेल की पहली ही गेंद को लेग-साइड की तरफ हल्के से धकेला दिया और रोहित मिड-विकेट से तेजी से गेंद की ओर लपके. इसी बीच डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स के बीच थोड़ी कन्फ्यूजन पैदा हुई और वे गेंद को ही देखते रह गए, जो उन पर भारी पड़ा. रोहित शर्मा के अंडरआर्म थ्रो और केएल राहुल की फुर्ती ने मिलकर डेरिल मिचेल की पारी का काम तमाम कर दिया.
डेरिल मिचेल भी सस्ते में आउट
डेरिल मिचेल 28 रन बनाकर आउट हुए. डेरिल मिचेल ने भारत के खिलाफ अपनी पिछली 7 पारियों में 4 शतक और 2 अर्धशतक लगाए थे. अंशुल कंबोज ने 27वें ओवर की पहली गेंद पर न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर को आउट कर दिया. अंशुल कंबोज ने 27वें ओवर की पहली गेंद मिडिल स्टंप पर एक हार्ड लेंथ वाली डाली, जो अंदर की तरफ आ रही थी. मिचेल सेंटनर कुछ कदम आगे बढ़े और गेंद को रोकने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले के अंदरूनी किनारे से लग गई. गेंद उनके पैरों के बीच से निकलकर पिच पर बने निशानों से टकराई और वापस जाकर स्टंप्स में लग गई. मिचेल सेंटनर को यकीन ही नहीं हुआ.
विराट कोहली ने एक कमाल का कैच पकड़ा
अंशुल कंबोज ने 29वें ओवर की तीसरी गेंद पर नाथन स्मिथ को एक रन के निजी स्कोर पर आउट किया. विराट कोहली ने एक कमाल का कैच पकड़ा. विराट कोहली ने इसके बाद 'धनुष-बाण' वाला जश्न भी मनाया, फिर अपनी जीभ बाहर निकाली और अपने एक साथियों की तरफ देखकर शरारत भरी मुस्कान दी. अर्शदीप सिंह ने 32वें ओवर की पहली गेंद पर काइल जैमीसन को आउट कर दिया. अर्शदीप सिंह ने गेंद को जोर से पिच पर पटका, जो अंदर की तरफ आई और पिच से अच्छा उछाल लिया. काइल जैमीसन ने अपने पैर हिलाए बिना गेंद को खेलने की कोशिश की, जिससे गेंद हवा में उछलकर सीधे शॉर्ट कवर पर खड़े विराट कोहली के हाथों में चली गई. इसके बाद अर्शदीप सिंह ने ग्लेन फिलिप्स (30 रन) और गुरनूर बरार ने ब्लेनर टिकनेर (34 रन) को आउट कर न्यूजीलैंड की पारी को 40.2 ओवर में 185 रन पर समेट दिया.