IND A vs NEP A: वैभव-अभिषेक का जादू फेल, 42/3 से 332 कैसे पहुंची टीम इंडिया? अनकैप्ड प्लेयर ने लूटी महफिल
IND A vs NEP A: इंडिया ए और नेपाल ए के बीच दोहा में चल रहे वनडे मुकाबले का रोमांच चरम पर दिखा. सभी की नजरें अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी जैसे विस्फोटक बल्लेबाजों पर थीं, लेकिन दोनों का जादू नहीं चला. टॉप ऑर्डर फेल होने के बाद तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने शतक ठोका और बोर्ड पर 332 रन टांग दिए.
IND A vs NEP A: वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा की विस्फोटक बल्लेबाजी देखने के लिए फैंस की होड़ लगी रहती है. इंडिया ए और नेपाल ए के बीच मुकाबले में भी सभी की नजरें इन दोनों बल्लेबाजों पर थीं. टीम इंडिया के दोनों ही स्टार पूरी तरह से फेल नजर आए. भारतीय टीम ने महज 42 के स्कोर पर अपने 3 बल्लेबाजों को खो दिया तो फैंस की सांसें थम गईं. सूर्यवंशी ने 26 रन ठोके जबकि अभिषेक शर्मा और आयुष बदोनी दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार कर सके. इसके बाद कप्तान तिलक वर्मा और अनकैप्ड प्लेयर कुमार कुशाग्र संकटमोचक साबित हुए.
तिलक और कुशाग्र के बीच 206 रन की पार्टनरशिप देखने को मिली. तिलक वर्मा ने 113 गेंद में 6 चौकों और 4 छक्कों की बदौलत 107 रन की पारी खेली. तिलक इन दिनों शानदार फॉर्म में हैं. उन्होंने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ भी 81 रन की नाबाद पारी खेली थी. इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भी धमाकेदार प्रदर्शन किया था. तिलक को कुशाग्र का साथ मिला, जिन्होंने 102 गेंद में 10 चौकों और 5 छक्कों की बदौलत 117 रन ठोके.
रिंकू का भी नहीं चला बल्ला
सिर्फ वैभव, अभिषेक ही नहीं, बल्कि टीम इंडिया के और भी सितारे फेल नजर आए. इस लिस्ट में रिंकू सिंह (9), हर्षित राणा (1) भी शामिल हैं. रिंकू सिंह भारतीय टी20 टीम से बाहर चल रहे हैं, ऐसे में ये मुकाबला उनके लिए अहम था. हालांकि, उनका फ्लॉप शो जारी रहा. इसके अलावा विपराज निगम और शाहबाज अहमद का बल्ला भी नहीं चला.
ये भी पढें... रणनीति कहें या साजिश... मोहम्मद सिराज क्यों हैं टीम इंडिया से बाहर? आंकड़े दे रहे गवाही
सूर्यांश शेडगे ने 332 तक पहुंचाया स्कोर
तिलक और कुशाग्र के विकेट के बाद एक बार फिर टीम इंडिया का स्कोर गड़बड़ा गया था. 283 के स्कोर पर तिलक का विकेट गिरा, इसके 4 रन बाद ही रिंकू भी आउट हुए. लेकिन एक छोर सूर्यांश शेडगे ने पकड़ लिया. उन्होंने अंत में 14 गेंद में 36 रन की पारी खेली, जिसमें 4 छक्के और एक चौका देखने को मिला. इस पारी की बदौलत टीम इंडिया ने बोर्ड पर 332 रन टांग दिए.