VIDEO: टीम इंडिया की एक गलती ने बिगाड़ा पूरा खेल, 102 रन पर छोड़ा हेनरी निकोल्स का आसान कैच, पंत-पडिक्कल बने कसूरवार
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में टीम इंडिया से बड़ी चूक हो गई. हेनरी निकोल्स का एक आसान-सा कैच ऋषभ पंत और देवदत्त पडिक्कल के बीच तालमेल की कमी से छूट गया, जिससे भारत की मुश्किलें बढ़ गईं.
न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया को जिस वक्त विकेट की सबसे ज्यादा जरूरत थी, ठीक उसी पल भारतीय फील्डर्स ने ऐसी गलती कर दी, जिसने मैच का पूरा रुख बदल दिया. एक कैच पकड़ने के लिए ऋषभ पंत और देवदत्त पडिक्कल दोनों दौड़े, लेकिन नतीजा यह हुआ कि गेंद दोनों के हाथों से निकल गई. भारतीय कप्तान शुभमन गिल से लेकर गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा तक इस नजारे को देखकर हैरान रह गए.
भारत की इस एक चूक ने न्यूजीलैंड को बड़ी राहत दे दी. न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेले जा रहे पहले टेस्ट के शुरुआती दिन हेनरी निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स भारतीय गेंदबाजों के लिए मुसीबत बन चुके थे. दोनों बल्लेबाजों के बीच 150 रन से ज्यादा की साझेदारी हो चुकी थी. भारतीय टीम को इस साझेदारी को तोड़ने के लिए एक विकेट की सख्त जरूरत थी.
टीम इंडिया की एक गलती ने बिगाड़ा पूरा खेल
इसी बीच पारी के 74वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर हेनरी निकोल्स ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन उनका शॉट ठीक से कनेक्ट नहीं हुआ. गेंद हवा में काफी ऊंची गई और बैकवर्ड स्क्वायर लेग की तरफ पहुंची, जहां देवदत्त पडिक्कल मौजूद थे, लेकिन विकेटकीपर ऋषभ पंत भी गेंद की तरफ दौड़ पड़े, जिससे दोनों फील्डरों के बीच कन्फ्यूजन पैदा हो गया. देवदत्त पडिक्कल ने शुरू में हिचकिचाहट दिखाई, क्योंकि ऋषभ पंत उनके सामने आ गए थे. ऋषभ पंत भी धीमे हो गए, जब उन्हें एहसास हुआ कि कैच पकड़ने के लिए देवदत्त पडिक्कल बेहतर स्थिति में हैं.
102 रन पर छोड़ा हेनरी निकोल्स का आसान कैच
जब तक देवदत्त पडिक्कल ने अपने हाथ बढ़ाए, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. गेंद उनकी उंगलियों को छूकर निकल गई, लेकिन वह उसे पकड़ नहीं पाए. प्रसिद्ध कृष्णा हैरान रह गए और उन्होंने अपने हाथ से अपना मुंह ढक लिया. देवदत्त पडिक्कल और ऋषभ पंत भी निराश दिखे, जबकि भारतीय कप्तान शुभमन गिल इस छूटे हुए कैच से काफी नाखुश नजर आए. भारत के लिए यह चूक बहुत महंगी साबित हुई, क्योंकि हेनरी निकोल्स को 102 रन के निजी स्कोर पर एक बड़ा जीवनदान मिल गया.
न्यूजीलैंड ने स्टंप्स तक 5 विकेट गंवाकर 243 रन बनाए
बता दें कि वेलिंगटन टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान न्यूजीलैंड की टीम ने भारत के खिलाफ 82 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 243 रन बना लिए हैं. हेनरी निकोल्स (नाबाद 113 रन) और ग्लेन फिलिप्स के (नाबाद 94) क्रीज पर मौजूद हैं. दूसरे सेशन की शुरुआत में ही 70 रन पर 5 विकेट गंवाने के बाद, अब न्यूजीलैंड का खेमा ज्यादा खुश होगा. गेंद के नरम होने और साफ आसमान के कारण बल्लेबाजी करना आसान हो गया था, लेकिन हेनरी निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स ने रन बनाने का लगभग हर मौका भुनाया.