App

इमरान खान के लिए 'क्रिकेट लीजेंड्स' की लामबंदी: गावस्कर-कपिल के बाद ब्रायन लारा भी मैदान में, दिग्गजों के दबाव में झुकेगा पाकिस्तान?

इमरान खान के सपोर्ट में ब्रायन लारा खुलकर सामने आए हैं. वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिकेटर ने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान के लिए बेहतर मेडिकल केयर और सम्मानजनक व्यवहार की मांग की है.

इमरान खान के लिए 'क्रिकेट लीजेंड्स' की लामबंदी: गावस्कर-कपिल के बाद ब्रायन लारा भी मैदान में, दिग्गजों के दबाव में झुकेगा पाकिस्तान?
Image Credit: Imran Khan

इमरान खान का मुद्दा अब सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि मानवीय अधिकारों का सवाल बनता नजर आ रहा है. पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और 1992 वर्ल्ड कप विजेता इमरान खान को लेकर क्रिकेट जगत में चिंता बढ़ती जा रही है. अब वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज और पूर्व कप्तान ब्रायन लारा ने भी इमरान खान के सपोर्ट में आवाज उठाई है. ब्रायन लारा ने इमरान खान की उचित और स्वतंत्र मेडिकल जांच के साथ सम्मानजनक व्यवहार की मांग की है. ब्रायन लारा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि उनके लिए यह राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि इंसानियत और एक क्रिकेट लीजेंड के सम्मान का सवाल है. बता दें कि ब्रायन लारा और इमरान खान क्रिकेट की दुनिया के दो बड़े नाम हैं. दोनों अपने दौर में अपनी-अपनी टीमों की कप्तानी कर चुके हैं.

ब्रायन लारा ने कहा कि वह इमरान खान के साथ मैदान पर कुछ ही बार आमने-सामने हुए थे, लेकिन उनके मन में इमरान के लिए सम्मान तुरंत पैदा हुआ और आज भी कायम है. ब्रायन लारा ने इस बात पर हैरानी जताई कि जो व्यक्ति अपने शानदार क्रिकेट करियर के दौरान पूरे देश के लिए उम्मीद, गर्व और प्रेरणा का प्रतीक था, वह आज ऐसी परिस्थितियों में है, जहां उसे वह संवेदना और सम्मान नहीं मिल रहा जिसका वह हकदार है. ब्रायन लारा ने अन्य पूर्व कप्तानों के साथ मिलकर इमरान खान के लिए स्वतंत्र मेडिकल केयर की मांग की है.

गावस्कर-कपिल के बाद ब्रायन लारा भी मैदान में

ब्रायन लारा ने साफ शब्दों में कहा कि यह राजनीति का सवाल नहीं है, बल्कि खेल के एक महान खिलाड़ी के लिए इंसानियत का मामला है. ब्रायन लारा का बयान ऐसे समय आया है, जब कई पूर्व और मौजूदा इंटरनेशनल क्रिकेटर्स इमरान खान की सेहत और हिरासत में उनके इलाज को लेकर चिंता जता चुके हैं. पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ग्रेग चैपल की अगुवाई में पूर्व इंटरनेशनल कप्तानों के एक ग्रुप ने भी इमरान खान के लिए स्वतंत्र मेडिकल जांच, परिवार से लगातार मुलाकात और डॉक्टरों की सलाह के मुताबिक इलाज की मांग की है.

इमरान खान के लिए 'क्रिकेट लीजेंड्स' की लामबंदी

इस अभियान से जुड़े 21 पूर्व कप्तानों में सुनील गावस्कर, कपिल देव, एलन बॉर्डर, माइकल एथरटन, स्टीव वॉ, एडम गिलक्रिस्ट और नासिर हुसैन जैसे बड़े नाम शामिल हैं. इमरान खान की सेहत को लेकर सबसे बड़ी चिंता उनकी दाईं आंख की नजर से जुड़ी गंभीर समस्या को लेकर सामने आई रिपोर्ट से है. 73 साल के इमरान खान साल 2023 से जेल में हैं. इमरान खान को भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में दोषी ठहराया गया है, हालांकि वह इन आरोपों से इनकार करते रहे हैं. उनके समर्थकों ने इन मामलों को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है. पूर्व कप्तानों का कहना है कि अदालत के निर्देश के मुताबिक इमरान खान की मेडिकल प्रक्रिया को सही तरीके से पूरा किया जाना चाहिए.

इमरान खान के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए

ऑस्ट्रेलिया के मौजूदा कप्तान पैट कमिंस भी इस अभियान के समर्थन में सामने आ चुके हैं. वह इमरान खान के इलाज और उनके साथ व्यवहार को लेकर सार्वजनिक रूप से आवाज उठाने वाले बड़े एक्टिव इंटरनेशनल क्रिकेटरों में शामिल रहे हैं. पैट कमिंस ने ग्रेग चैपल और अन्य पूर्व इंटरनेशनल कप्तानों के साथ मिलकर इमरान खान के सपोर्ट में अपनी आवाज उठाते हुए उम्मीद जताई कि अदालत के आदेश वाली मेडिकल जांच को पूरा होने दिया जाएगा और परिवार से मुलाकात जारी रहनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि इमरान खान के साथ वही सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए जिसका हर इंसान हकदार है.

इमरान खान के लिए क्या-क्या मांग की जा रही हैं?

1. सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित मेडिकल बोर्ड द्वारा इमरान खान की व्यापक स्वास्थ्य जांच हो और इसमें उनके निजी डॉक्टरों को भी शामिल किया जाए.

2. परिवार को हर सप्ताह बिना रुकावट मुलाकात की अनुमति दी जाए.

3. डॉक्टरों की ओर से सुझाए गए जरूरी मेडिकल ट्रीटमेंट को तुरंत लागू किया जाए.

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर भी आवाज उठा रहे

विदेशी क्रिकेट दिग्गजों के साथ पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर भी इस मुद्दे पर अपनी चिंता जाहिर कर रहे हैं. पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज मोइन खान ने भी इमरान खान की सेहत को लेकर आवाज उठाई है. मोइन खान ने हाल ही में दूसरे क्रिकेटरों से भी अपील की कि वे पाकिस्तान के पूर्व कप्तान की सेहत और उनके बेहतर इलाज के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद करें.

दिग्गजों के दबाव में झुकेगा पाकिस्तान?

पाकिस्तानी सरकार और सेना के लिए इमरान खान का मुद्दा अब सिर्फ घरेलू राजनीति तक सीमित रखना मुश्किल होता जा रहा है. वेस्टइंडीज और इंग्लैंड समेत दुनिया के दिग्गज क्रिकेटरों की आवाज उठने से यह मामला अंतरराष्ट्रीय चर्चा का विषय बन गया है. ऐसे में शहबाज शरीफ सरकार पर दबाव बढ़ रहा है, क्योंकि विदेशी क्रिकेट लीजेंड्स की अपील के बाद वैश्विक मीडिया में पाकिस्तान सरकार की छवि और उसकी नीतियों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. पाकिस्तान की सत्ता व्यवस्था में असली ताकत आर्मी के हाथों में है. ऐसे में क्रिकेट जगत या अंतरराष्ट्रीय हस्तियों का दबाव तुरंत राजनीतिक फैसले बदल देगा, इसकी संभावना कम है.

पाकिस्तान का इतिहास भी यही बताता है कि वहां की मिलिट्री अपने रणनीतिक और राजनीतिक फैसलों पर बाहरी दबाव को आसानी से हावी नहीं होने देती. क्रिकेट जगत के दिग्गजों के आवाज उठाने से इमरान खान की तुरंत जेल से रिहाई भले ही तय न हो, लेकिन इस बढ़ते दबाव ने पाकिस्तानी सरकार की मुश्किलें जरूर बढ़ा दी हैं. अब पाकिस्तानी सरकार पर इमरान खान की मेडिकल बेल देने या जेल से निकालकर ‘हाउस अरेस्ट’ में रखने का दबाव बढ़ सकता है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More