ICC रैंकिंग में मचा हाहाकार, टॉप बैंटन ने भरी ऊंची उड़ान, विराट कोहली और रोहित शर्मा को तगड़ी चोट
टॉम बैंटन ने 34 स्थान की छलांग लगाकर तहलका मचाया है. वहीं, जो रूट की टॉप-10 में वापसी हुई है. विराट कोहली और रोहित शर्मा की ODI रैंकिंग में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है.
ICC की ताजा ODI रैंकिंग में इंग्लैंड के बल्लेबाज टॉम बैंटन ने ऐसा धमाका किया है कि हर तरफ उनकी चर्चा होने लगी है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे ODI मैच में तूफानी शतक जड़ने का फायदा उन्हें ICC रैंकिंग में उछाल के रूप में मिला है. टॉम बैंटन ने 34 स्थान की लंबी छलांग लगाकर बल्लेबाजों की रैंकिंग में 13वां स्थान हासिल कर लिया है. एडिलेड ओवल में खेले गए दूसरे ODI मैच में दाएं हाथ के बल्लेबाज टॉम बैंटन ने महज 99 गेंदों पर 121 रनों की विस्फोटक पारी खेली. यह उनके ODI करियर का दूसरा शतक था.
टॉप बैंटन ने भरी ऊंची उड़ान
टॉम बैंटन की इस शानदार पारी की बदौलत इंग्लैंड ने दूसरा ODI मुकाबला जीतकर सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली थी. इसके साथ ही टॉम बैंटन ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग भी हासिल कर ली और अब उनकी नजरें टॉप-10 पर हैं. इस नई रैंकिंग में टॉम बैंटन अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग तक पहुंच गए हैं और अब वे टॉप 10 में जगह बनाने के काफी करीब हैं. इंग्लैंड के उनके साथी खिलाड़ी जो रूट भी वापस टॉप 10 में आ गए हैं.
कोहली-रोहित को तगड़ी चोट
एडिलेड के उसी मैच में 35 वर्षीय रूट ने अर्धशतक लगाया, जिससे वे वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में दो स्थान ऊपर चढ़कर नौवें नंबर पर पहुंच गए हैं. इस रैंकिंग में अभी भी भारत के शुभमन गिल टॉप पर बने हुए हैं. बता दें कि ICC पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप के अगले एडिशन के शुरू होने में अब 12 महीने से भी कम समय बचा है. न्यूजीलैंड के खिलाफ चार पारियों में केवल 86 रन बनाने के बाद विराट कोहली तीसरे नंबर पर बने हुए हैं, जबकि रोहित शर्मा चार पारियों में सिर्फ 30 रन ही बना सके और एक स्थान खिसककर पांचवें नंबर पर आ गए हैं.
राशिद खान अभी भी टॉप पर
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने भी टॉप 10 में वापसी की है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनके घरेलू मैदानों पर खेले गए पहले दो ODI मैचों में एक-एक विकेट लेने के बाद, आर्चर ODI गेंदबाजों की लिस्ट में चार स्थान ऊपर चढ़कर सातवें नंबर पर आ गए हैं. ODI गेंदबाजों की रैंकिंग में अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान अभी भी टॉप पर कायम हैं. न्यूजीलैंड और भारत के बीच हाल ही में खत्म हुई घरेलू सीरीज के बाद मैट हेनरी 15 स्थान ऊपर चढ़कर 12वें नंबर पर, अर्शदीप सिंह 12 स्थान ऊपर चढ़कर 19वें नंबर पर और काइल जेमिसन 15 स्थान ऊपर चढ़कर 45वें नंबर पर आ गए हैं.
टेस्ट रैंकिंग में क्या-क्या हुआ?
शारजाह में अफगानिस्तान के खिलाफ जिम्बाब्वे की टेस्ट सीरीज का रोमांचक अंत हुआ. इस सीरीज के बाद जारी ताजा टेस्ट रैंकिंग में जिम्बाब्वे के कई खिलाड़ियों ने शानदार छलांग लगाई है. ब्लेसिंग मुजराबानी पांच स्थान की बढ़त के साथ टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में संयुक्त रूप से 16वें नंबर पर पहुंच गए हैं. ब्लेसिंग मुजराबानी ने दूसरे और निर्णायक टेस्ट मैच में कुल छह विकेट लिए, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. उनकी इस शानदार गेंदबाजी की बदौलत जिम्बाब्वे ने 57 रनों से करीबी जीत दर्ज की.
नसीर खान मारूफखिल 78वें स्थान पर आ गए
वहीं, स्पिनर ग्रीम क्रेमर भी टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में छह स्थान ऊपर चढ़कर 65वें नंबर पर आ गए हैं. अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करने वाले ओपनर इनोसेंट काइया 20 स्थान की बढ़त के साथ 50वें नंबर पर और अनुभवी खिलाड़ी ब्रेंडन टेलर 40 स्थान की बढ़त के साथ 62वें नंबर पर आ गए हैं. इसके अलावा, अपने डेब्यू मैच में शतक लगाने और पहली पारी में 5 विकेट हॉल लेने वाले डेब्यूटेंट खिलाड़ी नसीर खान मारूफखिल ने भी सबको काफी चौंका दिया है. नसीर मारूफखिल अब उन चुनिंदा खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने मेंस टेस्ट क्रिकेट में एक ही मैच में शतक लगाने के साथ-साथ 5 विकेट हॉल भी लिए हैं. इस शानदार प्रदर्शन के दम पर, यह ऑलराउंडर टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में 93वें और टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में संयुक्त रूप से 78वें स्थान पर आ गया है.