)
महिला एशिया कप 2026 में भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ हाई वोल्टेज मुकाबले में उतर चुकी है. इस मैच में उतरते ही भारत की कप्तान हरमनप्रीत के खाते एक बड़ी उपलब्धि आई. वह पुरुष और महिला क्रिकेट में 150 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में कप्तानी करने वाली पहली कप्तान बनी हैं. ग्रुप स्टेज में भारत ने लगातार दो जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज किया और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. अब जीत की हैट्रिक लगाकर ग्रुप स्टेज खत्म करना चाहेगी.
भारतीय क्रिकेट में एमएस धोनी, रोहित शर्मा, विराट कोहली जैसे महान कप्तान हुए, जिन्होंने लंबे समय तक टीम इंडिया की कमान संभाली. लेकिन कोई भी बतौर कप्तान 100 टी20 इंटरनेशनल मैचों का आंकड़ा छूने में कामयाब नहीं हुआ. महिला क्रिकेट में दुनिया में हरमनप्रीत कौर के आस-पास भी कोई प्लेयर नजर नहीं आती है. दूसरे स्थान पर श्रीलंका की चमारी अटापट्टू हैं, जिन्होंने 121 टी20 इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी की है.
मुकाबले में पाकिस्तान की टीम ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टॉस के दौरान हरमनप्रीत कौर ने अपनी इस उपलब्धि पर बात करते हुए ज्यादा जोर नहीं दिया. उन्होंने कहा, "बड़ी उपलब्धि है. लेकिन सबसे जरूरी बात है, मैदान पर मजा लेना. मैं ऐसा ही करने की कोशिश करती हूं." भारतीय पुरुष कप्तानों की बात करें तो सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी एमएस धोनी ने की. उन्होंने 72 टी20 इंटरनेशनल मैचों में टीम की कमान संभाली थी.
भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ गेंदबाजी से दमदार शुरुआत की है. पाकिस्तान की टीम ताश के पत्तों की तरह ढेर होती नजर आई. टीम ने 8 रन के अंदर 6 विकेट खो दिए. श्री चरणी ने पाकिस्तान की कमर तोड़ दी. उन्होंने टॉप ऑर्डर की 3 बल्लेबाजों को 2 ओवर में ही आउट कर दिया. 100 रन के लिए पाकिस्तान की महिला टीम तरसती नजर आई. एशिया कप का आगाज पाकिस्तान ने जीत के साथ किया था, थाईलैंड के खिलाफ टीम ने जीत दर्ज की थी.
150* - हरमनप्रीत कौर (IND-W)
121 - चमारी अथापथु (SL-W)
100 - मेग लैनिंग (AUS-W)
96 - हीथर नाइट (ENG-W)
96 - डायने बिमेन्यिमाना (RWA-W)