Explained: संजू सैमसन ने ठोका अर्धशतक, फिर भी हो सकते हैं प्लेइंग इलेवन से बाहर, तीसरे T20I में आखिर क्यों होगा ऐसा?
संजू सैमसन को वैभव सूर्यवंशी के लिए प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के लिए तीसरे और आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच में बेंच पर बैठना पड़ सकता है.
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला कल यानी 17 सितंबर को शाम 7:30 बजे से नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा. अफगानिस्तान के खिलाफ भारत पहले ही शुरुआती दो T20I मैच जीतकर सीरीज पर कब्जा जमा चुका है. ऐसे में भारतीय टीम मैनेजमेंट तीसरे T20I में संजू सैमसन को आराम देकर वैभव सूर्यवंशी को मौका दे सकती है. संजू सैमसन ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में 22 गेंदों पर 57 रनों की विध्वंसक पारी खेली थी. इस दाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज ने टीम इंडिया के लिए ओपनिंग करते हुए 259.09 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और अपनी पारी में 7 चौके और 4 छक्के उड़ाए.
संजू सैमसन को इस पारी के बावजूद अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन से बाहर होना पड़ सकता है. भारत और अफगानिस्तान के बीच अभी तक 11 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं. भारतीय टीम ने इस दौरान 10 मुकाबलों में जीत दर्ज की है. वहीं, एक मैच बारिश के कारण बेनतीजा रहा है. टीम इंडिया को अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में भी जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है. भारत अगर तीसरा टी20 इंटरनेशनल मैच जीत लेता है, तो वह अफगानिस्तान का 3-0 से सूफड़ा साफ कर देगा. ऐसे में भारतीय टीम मैनेजमेंट एक्सपेरिमेंट के तौर पर प्लेइंग इलेवन में बदलाव कर सकती है.
तीसरे T20I से क्यों बाहर हो सकते हैं संजू सैमसन?
टीम इंडिया ने अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज पर एक मैच रहते ही कब्जा कर लिया है. अब ऐसे में भारतीय टीम मैनेजमेंट गुरुवार 17 सितंबर को होने वाले तीसरे और आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच में अपनी बेंच स्ट्रेंथ को आजमा सकती है. तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को रेस्ट दिया जा सकता है और उनकी जगह 15 साल के बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया जा सकता है. संजू सैमसन को वैभव सूर्यवंशी के लिए प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के लिए तीसरे और आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच में बेंच पर बैठना पड़ सकता है.
क्या वैभव को मिलेगा भारत में पहला इंटरनेशनल मैच खेलने का मौका?
वैभव सूर्यवंशी के पास अब भारत में घरेलू मैदान पर सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल मैच खेलने वाले क्रिकेटर बनने का सुनहरा मौका है. अफगानिस्तान के खिलाफ 17 सितंबर को होने वाले तीसरे T20I में अगर उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जाता है, तो वह यह खास उपलब्धि हासिल कर सकते हैं. वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 15 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था. वैभव सूर्यवंशी ने 4 जुलाई 2026 को इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में T20I मैच के जरिए अपने इंटरनेशनल क्रिकेट करियर का आगाज किया था. भारत की सरजमीं पर सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल मैच खेलने वाले भारतीय खिलाड़ी के रिकॉर्ड की बात करें तो यह उपलब्धि फिलहाल महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है. सचिन ने दिसंबर 1990 में पुणे में श्रीलंका के खिलाफ ODI मुकाबला खेला था. उस समय उनकी उम्र 17 साल और 253 दिन थी. अब वैभव सूर्यवंशी इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने से सिर्फ एक कदम ही दूर हैं. अगर वैभव अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे T20I में उतरते हैं, तो वह महज 15 साल और 174 दिन की उम्र में भारत में इंटरनेशनल मैच खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे. हालांकि, रिकॉर्ड बनने से पहले सबसे बड़ा सवाल उनकी प्लेइंग इलेवन में एंट्री को लेकर है. टीम इंडिया के स्क्वॉड में संजू सैमसन मौजूद हैं, ऐसे में टीम मैनेजमेंट तीसरे मुकाबले में किसे मौका देती है, इस पर सभी की नजरें टिकी होंगी.
संजू, अभिषेक और वैभव एक-साथ कैसे खेल सकते हैं?
एक रास्ता ये भी है कि वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका देने के लिए संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन से बाहर करने की जरूरत ही नहीं है. अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे और आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच में संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी तीनों ही खिलाड़ी एक साथ प्लेइंग इलेवन में शामिल किए जा सकते हैं. वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा की जोड़ी टीम इंडिया के लिए पारी की शुरुआत कर सकती है. वहीं, संजू सैमसन नंबर-3 पर बल्लेबाजी कर सकते हैं. ऐसी सूरत में विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को तीसरे और आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच से आराम दिया जा सकता है. मौजूदा सीरीज में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संजू सैमसन संभाल रहे हैं. ऐसे में टीम मैनेजमेंट के पास ईशान किशन को आराम देने और वैभव को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का विकल्प मौजूद है.
वैभव सूर्यवंशी बनाम राशिद खान की राइवलरी में किसका पलड़ा भारी
वैभव सूर्यवंशी अगर सेलेक्शन की एक चुनौती पार करके अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे और आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच में खेलते हैं, तो उनके लिए दूसरी सबसे बड़ी मुसीबत लेग स्पिनर राशिद खान बन सकते हैं. अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान और भारत के बाएं हाथ के तूफानी ओपनर वैभव सूर्यवंशी का अभी तक इंटरनेशनल क्रिकेट में आमना-सामना नहीं हुआ है. हालांकि IPL में दोनों ही खिलाड़ियों की कई बार टक्कर हो चुकी है. 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने इस दौरान राशिद खान जैसे खतरनाक लेग स्पिनर के खिलाफ 20 की औसत और 166.7 के स्ट्राइक रेट से 20 रन बनाए हैं. राशिद खान ने वैभव सूर्यवंशी को एक बार आउट किया है और उन्हें 5 डॉट गेंदें भी फेंकी हैं. वैभव सूर्यवंशी ने राशिद खान के खिलाफ एक चौका और 2 छक्के लगाए हैं. इस तरह राशिद खान का पलड़ा वैभव सूर्यवंशी पर भारी रहा है.
वैभव सूर्यवंशी को लेकर कप्तान श्रेयस अय्यर का प्लान क्या है?
टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में जीत दर्ज करने और सीरीज पर एक मैच बाकी रहते ही 2-0 से कब्जा जमाने के बाद प्लेइंग इलेवन में बदलाव करने के बड़े संकेत दिए थे. कप्तान श्रेयस अय्यर ने दूसरे T20I मैच के बाद संकेत दिया था कि तीसरे और आखिरी T20I मुकाबले में कुछ बदलाव किए जा सकते हैं. श्रेयस अय्यर ने कहा, 'टीम इंडिया के सभी खिलाड़ियों को विकेट और हालात से परिचित होने के साथ-साथ मैच प्रैक्टिस की भी जरूरत है. आखिरी मुकाबला उन खिलाड़ियों को मौका देने के लिए अच्छा हो सकता है, जो अब तक बाहर बैठे हैं. साथ ही टीम के कॉम्बिनेशन में भी थोड़ा बदलाव किया जा सकता है.' कप्तान श्रेयस अय्यर के इस बयान के बाद तीसरे T20I मैच के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग XI में बदलाव की संभावना बढ़ गई है. ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि वैभव सूर्यवंशी को तीसरे और आखिरी T20I मुकाबले के लिए प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है.