SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

England vs Pakistan: बिना शतक के खत्म हुई इंग्लैंड-पाकिस्तान टेस्ट सीरीज, 138 साल में पहली बार हुआ ऐसा अजूबा

इंग्लैंड ने जो रूट की कप्तानी में पाकिस्तान को 3-0 से हराकर टेस्ट सीरीज अपने नाम की. इस सीरीज में एक भी बल्लेबाज शतक नहीं लगा सका. 138 साल में पहली बार हुआ ऐसा अजूबा देखने को मिला है.

Written By Tarun Verma
Published: Sep 13, 2026, 09:46 AM IST | Updated: Sep 13, 2026, 01:01 PM IST
Image Credit: England vs Pakistan
Join

इंग्लैंड ने पाकिस्तान को तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 3-0 से हराकर इतिहास रच दिया है, लेकिन पूरी सीरीज में एक भी बल्लेबाज शतक नहीं लगा सका. इस टेस्ट सीरीज में मेजबान टीम ने जो रूट की कप्तानी में पाकिस्तान का 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया. हालांकि, इस सीरीज में कई बड़े रिकॉर्ड बने, लेकिन एक भी बल्लेबाज 100 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका. जो रूट ने इस सीरीज के दौरान टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने के सचिन तेंदुलकर के वर्ल्ड रिकॉर्ड और घरेलू टेस्ट मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने के रिकी पोंटिंग के वर्ल्ड रिकॉर्ड को जरूर पीछे छोड़ दिया.

इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच खेली गई इस सीरीज की सबसे खास बात यह रही कि किसी भी बल्लेबाज ने शतक नहीं लगाया. पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने छह में से पांच पारियों में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया, जबकि इंग्लैंड के बल्लेबाज भी पाकिस्तानी गेंदबाजों के सामने बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे. इंग्लैंड ने सीरीज में कुल पांच बार बल्लेबाजी की, लेकिन सिर्फ एक बार उसका कोई बल्लेबाज 80 रन का आंकड़ा पार कर सका. पहले टेस्ट की पहली पारी में हैरी ब्रूक ने 91 रन बनाए, जो इंग्लैंड की ओर से सीरीज का सबसे बड़ा स्कोर रहा.

138 साल में पहली बार हुआ ऐसा अजूबा

इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच 2026 की यह सीरीज टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सिर्फ आठवीं तीन मैचों की टेस्ट सीरीज बनी, जिसमें एक भी व्यक्तिगत शतक नहीं लगा. इंग्लैंड में ऐसा दूसरी बार हुआ. इससे पहले 1888 की एशेज सीरीज में भी कोई बल्लेबाज शतक नहीं लगा पाया था. टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के सबसे ज्यादा रन और शतक बनाने वाले बल्लेबाज जो रूट भी इस सीरीज में बड़ी पारी नहीं खेल सके. उन्होंने पांच पारियों में सिर्फ दो अर्धशतक लगाए. इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछली सीरीज में भी रूट शतक बनाने में नाकाम रहे थे.

इंग्लैंड-पाकिस्तान टेस्ट सीरीज़ 2026 में सबसे ज्यादा स्कोर

सऊद शकील (पाकिस्तान) - 97 रन, लॉर्ड्स 27 अगस्त 2026

शान मसूद (पाकिस्तान) - 95 रन, बर्मिंघम 9 सितंबर 2026

हैरी ब्रूक (इंग्लैंड) - 91 रन, लीड्स 19 अगस्त 2026

रजाउल्लाह (पाकिस्तान) - 81 रन, बर्मिंघम 9 सितंबर 2026

बाबर आजम (पाकिस्तान) - 76 रन, बर्मिंघम 9 सितंबर 2026

हैरी ब्रूक (इंग्लैंड) - 75 रन, बर्मिंघम 9 सितंबर 2026

जॉर्डन कॉक्स (इंग्लैंड) - 73 रन, लीड्स 19 अगस्त 2026

जेमी स्मिथ (इंग्लैंड) - 69 रन, बर्मिंघम 9 सितंबर 2026

जो रूट (इंग्लैंड) - 66 रन, लीड्स 19 अगस्त 2026

डैनियल लॉरेंस (इंग्लैंड) - 65 रन, बर्मिंघम 9 सितंबर 2026

सीरीज में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाला बल्लेबाज

पाकिस्तान के बल्लेबाज सऊद शकील इस सीरीज में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज रहे. उन्होंने लॉर्ड्स टेस्ट की दूसरी पारी में 97 रन की शानदार पारी खेली. सऊद शकील महज तीन रन से शतक से चूक गए, लेकिन उनकी इस पारी ने उन्हें एक बड़े रिकॉर्ड तक पहुंचा दिया. वह लॉर्ड्स में टेस्ट मैच की चौथी पारी में किसी पाकिस्तानी बल्लेबाज द्वारा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी बन गए. सीरीज में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारियां खेलने वाले टॉप-3 बल्लेबाजों में सऊद शकील, शान मसूद और हैरी ब्रूक शामिल रहे. इन तीनों बल्लेबाजों ने शतक के करीब पहुंचकर अपनी टीमों के लिए अहम योगदान दिया, लेकिन कोई भी 100 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका.

72 साल बाद पाकिस्तान की हुई शर्मनाक हार

इंग्लैंड के खिलाफ यह टेस्ट सीरीज पाकिस्तान के लिए बेहद निराशाजनक रही. तीनों मैच हारकर पाकिस्तान को इंग्लैंड की धरती पर टेस्ट सीरीज में पहली बार क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा. पाकिस्तान ने 1954 में पहली बार इंग्लैंड का टेस्ट दौरा किया था. इसके बाद से वह इंग्लैंड में कई टेस्ट सीरीज खेल चुका है, लेकिन 2026 से पहले कभी भी उसे इंग्लैंड में किसी टेस्ट सीरीज के सभी मुकाबलों में हार नहीं मिली थी. 2026 की इस टेस्ट सीरीज में हार पाकिस्तान के लिए 72 साल में पहली बार इंग्लैंड में सबसे शर्मनाक टेस्ट सीरीज हार बन गई.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES