क्रिस गेल भी हुए वैभव सूर्यवंशी के फैन, 52 गेंद में दोहरा शतक देख उड़े होश, बोले- वनडे में 300 रन ठोकना अब मुमकिन
15 साल के वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी देखकर क्रिस गेल भी हैरान रह गए. UAE के खिलाफ 52 गेंद में दोहरा शतक और 28 छक्कों की पारी पर यूनिवर्स बॉस ने जमकर तारीफ की और वनडे में 300 रन बनने की भविष्यवाणी कर दी.
क्रिकेट की दुनिया में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से गेंदबाजों के पसीने छुड़ाने वाले यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर क्रिस गेल भी अब 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के मुरीद हो गए हैं. संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने मंगलवार (24 नवंबर) को राइजिंग स्टार एशिया कप 2026 के ग्रुप-B मैच में अपने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल भी हैरान रह गए. वैभव सूर्यवंशी ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ इस मैच में सिर्फ 52 गेंद पर 204 रन ठोक दिए.
वैभव सूर्यवंशी ने इस दौरान 384.91 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 28 छक्के और 7 चौके लगाए. वैभव सूर्यवंशी ने अपनी इस पारी के दौरान लिस्ट-A क्रिकेट के इतिहास का सबसे तेज शतक, 150 और दोहरा शतक जड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया. वैभव सूर्यवंशी की इस ऐतिहासिक पारी को देखकर क्रिस गेल ने यहां तक कह दिया कि अब वनडे क्रिकेट में किसी बल्लेबाज का 300 रन बनाना भी असंभव नहीं है.
क्रिस गेल भी हुए वैभव सूर्यवंशी के फैन
क्रिस गेल ने वैभव सूर्यवंशी की इस पारी की जमकर तारीफ की. उन्होंने बताया कि जब उन्हें वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी के बारे में पता चला तो उनका फोन लगातार बजने लगा. हर कोई इस अविश्वसनीय पारी के बारे में बात कर रहा था. क्रिस गेल को शुरुआत में समझ ही नहीं आया कि आखिर मैदान पर क्या हो रहा है. क्रिस गेल ने बताया कि जब उन्हें पता चला कि वैभव सूर्यवंशी ने महज 12 ओवर में दोहरा शतक पूरा कर लिया है, तो वह हैरान रह गए.
52 गेंदों में दोहरा शतक देख उड़े होश
पहले क्रिस गेल को लगा कि शायद यह कोई टी20 मुकाबला होगा, लेकिन जब पता चला कि यह 50 ओवर का मैच है तो उनका आश्चर्य और बढ़ गया. गेल के मुताबिक, इस तरह की विस्फोटक बल्लेबाजी को देखते हुए वनडे क्रिकेट में 300 रन का व्यक्तिगत स्कोर भी अब संभव नजर आता है.
क्रिस गेल ने CREX से कहा, 'हमने देखा कि क्या हुआ. दोहरा शतक लगाना, यह वाकई शानदार है. 28 छक्के. सच कहूं तो, मेरा फोन लगातार बज रहा था. मैं हैरान था कि आखिर हो क्या रहा है? जब किसी ने मुझे बताया कि 12 ओवर में दोहरा शतक लग गया है, तो मुझे लगा कि शायद यह कोई T20 मैच होगा, लेकिन उन्होंने बताया कि नहीं, यह तो 50 ओवर का मैच है.'
'वनडे में 300 रन ठोकना अब मुमकिन'
क्रिस गेल ने कहा, 'मैंने सोचा, क्या? इससे तो यही लगता है कि 50 ओवर के फॉर्मेट में तिहरा शतक लगाना भी मुमकिन है. जैसा कि मैंने कहा, यह खिलाड़ी खेल को एक नया रूप दे रहा है. मुझे उम्मीद है कि उसे आगे और मौके मिलेंगे. हम नहीं चाहते कि वह कहीं गुम हो जाए. हम उसे और खेलते हुए देखना चाहते हैं, क्योंकि आजकल युवा खिलाड़ी बहुत शानदार फॉर्म में हैं.'
इसके अलावा, क्रिस गेल ने वैभव सूर्यवंशी के दोहरे शतक की तारीफ करते हुए कहा कि सामने चाहे कोई भी विरोधी टीम हो, जो कारनामा वैभव सूर्यवंशी ने मंगलवार को किया है, उसे करना हमेशा से ही मुश्किल रहा है. अगर ऐसा करना आसान होता, तो अब तक कई और खिलाड़ी भी ऐसा कर चुके होते. क्रिस गेल ने कहा, 'यह कोई आसान काम नहीं है, दोस्त. आप इसे चाहे जिस नजरिए से देखें, यह वाकई मुश्किल है. यह जबरदस्त हिटिंग थी, एकदम शानदार बल्लेबाजी. इस खिलाड़ी को इसका श्रेय तो मिलना ही चाहिए.'
'यूनिवर्स बॉस' टैगलाइन मेरा रहेगा
जिस तरह क्रिस गेल को 'यूनिवर्स बॉस' कहा जाता है, उसी तरह वैभव सूर्यवंशी को 'बेबी बॉस' का नाम दिया गया है, शायद इसलिए क्योंकि उनकी गेंद को हिट करने की शैली काफी हद तक क्रिस गेल से मिलती-जुलती है. हालांकि, क्रिस गेल ने कहा कि वह वैभव सूर्यवंशी को सिर्फ इस टैगलाइन तक सीमित नहीं देखना चाहते, और मजाक में यह भी कहा कि 'यूनिवर्स बॉस' तो उनके पास ही रहेगा.
रोहित शर्मा के लिए 'हिटमैन' टैगलाइन
क्रिस गेल ने कहा, 'वैभव सूर्यवंशी को अपना खुद का नाम बनाना होगा. उसे इस तरह की टैगलाइन नहीं जोड़नी चाहिए. उसे अपनी एक अलग पहचान बनानी होगी, जैसे रोहित शर्मा के लिए 'हिटमैन' टैगलाइन है. हर किसी को अपनी एक अलग पहचान बनानी पड़ती है. जैसे 'AB 360' या क्रिस गेल का 'यूनिवर्स बॉस'. उसे यह सुनिश्चित करना होगा कि वह अब से अपना खुद का ब्रांड बनाए.'
क्रिस गेल ने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि 'बेबी बॉस' जैसा नाम सही रहेगा, क्योंकि वह निश्चित रूप से आगे चलकर और बड़ा बनेगा, लेकिन ऐसा नहीं है कि वह 'यूनिवर्स बॉस' टैगलाइन को नहीं अपना सकता. वैसे, 'यूनिवर्स बॉस' तो मेरा टैगलाइन है.'