SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

400 रन से शुरू हुआ तूफान अब बन गया सुनामी, चिन्मय सुतार का दूसरा प्रहार, 5 पारियों में 835 रन का वर्ल्ड रिकॉर्ड

मिजोरम के बल्लेबाज चिन्मय सुतार ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में इतिहास रच दिया है. महज 5 पारियों में 835 रन बनाकर उन्होंने 101 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया.

Written By Tarun Verma
Published: Nov 05, 2026, 09:49 AM IST | Updated: Nov 05, 2026, 10:07 AM IST
Image Credit: Chinmay Sutar
Join

मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश के बीच गुजरात के आनंद में लाल बहादुर शास्त्री क्रिकेट स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी का प्लेट मुकाबला खेला जा रहा है. मिजोरम के बल्लेबाज चिन्मय सुतार ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने फर्स्ट-क्लास करियर का तीसरा शतक जड़ दिया है. 29 साल के इस बल्लेबाज ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ पहली पारी में 290 गेंदों पर 15 चौकों की मदद से 175 रनों की धमाकेदार पारी खेली. इस शानदार प्रदर्शन के दम पर मिजोरम ने अपनी पहली पारी में 571/9 का विशाल स्कोर खड़ा किया और 286 रनों की भारी-भरकम बढ़त हासिल की.

चिन्मय सुतार ने अपने छोटे से फर्स्ट-क्लास करियर में अभी तक सिर्फ 5 पारियों में 835 रन बना दिए हैं, जिसमें उनका औसत 208.8 का रहा है. वह फर्स्ट-क्लास क्रिकेट के इतिहास में छठी पारी खेलने से पहले 800 रन बनाने वाले दुनिया के पहले और एकमात्र खिलाड़ी बन गए हैं. इससे पहले सबसे ज्यादा रनों का यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के विलियम पॉन्सफर्ड के नाम था, जिन्होंने 1923 यानी एक सदी से भी ज्यादा समय पहले शुरुआती 5 पारियों में 724 रन बनाए थे.

चिन्मय सुतार का तूफान जारी

दिलचस्प बात यह है कि छह पारियों के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड 2017 से अफगानिस्तान के बहीर शाह (831 रन) के नाम था, जिसे सुतार ने सातवीं पारी खेलने से उतरने से पहले ही पीछे छोड़ दिया है. अब उनके पास अपनी अगली दो पारियों में 67 रन बनाकर सात पारियों के बाद 900 रन का नया रिकॉर्ड बनाने का मौका है. यदि वह अपनी अगली तीन पारियों में 1000 रन का आंकड़ा छू लेते हैं, तो वह इस रिकॉर्ड तक सबसे तेजी से पहुंचने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे.

राजेश सुतार के बेटे हैं चिन्मय सुतार

मूल रूप से मुंबई के लिए खेलने वाले चिन्मय सुतार ने इस सीजन की शुरुआत में ही मिजोरम का रुख किया था. हालांकि वह 42 बार की रणजी चैंपियन मुंबई की टीम के लिए रणजी ट्रॉफी में नहीं खेल पाए, लेकिन उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में उनके लिए दो लिस्ट-ए मैच जरूर खेले. आपको जानकर हैरानी होगी कि वह पूर्व घरेलू क्रिकेटर राजेश सुतार के बेटे हैं, जिन्होंने मुंबई के लिए सात फर्स्ट-क्लास और 30 लिस्ट-ए मैच खेले हैं.

नागालैंड के खिलाफ 400 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली

इस सीजन के अपने दूसरे मुकाबले में नागालैंड के खिलाफ खेलते हुए चिन्मय सुतार ने नाबाद 400 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी. फर्स्ट-क्लास क्रिकेट के इतिहास में किसी भारतीय द्वारा चौका लगाने (400 रन बनाने) का यह केवल दूसरा मौका था. इससे पहले यह कारनामा 78 साल पहले भाऊसाहेब निंबालकर ने महाराष्ट्र के लिए खेलते हुए किया था. इसके अलावा, मिजोरम के इस स्टार बल्लेबाज ने अपने पहले ही फर्स्ट-क्लास शतक को 400 रनों में बदलकर दुनिया का अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया था.

कौन हैं चिन्मय सुतार?

चिन्मय सुतार का जन्म 3 मई 1997 को हुआ था. चिन्मय सुतार को पहली बार नवंबर 2019 में बांग्लादेश में होने वाले 2019 ACC इमर्जिंग टीम्स एशिया कप के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया था. चिन्मय सुतार ने 14 नवंबर 2019 को इमर्जिंग टीम्स कप में नेपाल के खिलाफ भारत के लिए अपना 'लिस्ट ए' (List A) डेब्यू किया. इस टूर्नामेंट के दौरान अपने तीसरे 'लिस्ट ए' मैच और दूसरी पारी में हांगकांग के खिलाफ शतक लगाया. इसके बाद उन्हें मुंबई टीम के ओमान दौरे पर खेलने का मौका मिला, जहां वे 3 अदर वन डे मैचों में केवल 41 रन और एकमात्र 'अदर टी20' मैच में 19 रन ही बना सके. 

चिन्मय सुतार के रिकॉर्ड्स

5 साल बाद चिन्मय सुतार ने मुंबई के लिए अपना पहला 'लिस्ट ए' मैच खेला, जिसमें वे केवल 2 रन बना पाए. उस सीजन में मुंबई की टीम में दोबारा मौका न मिलने के कारण, वे 2026-27 सीजन में मिजोरम चले गए. चिन्मय सुतार ने 11 अक्टूबर 2026 को मणिपुर के खिलाफ अपना फर्स्ट-क्लास डेब्यू किया और दूसरी पारी में अर्धशतक लगाया. चिन्मय सुतार ने अभी तक 3 फर्स्ट क्लास मैचों में 219.66 की औसत के साथ 659 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और एक अर्धशतक शामिल है. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में चिन्मय सुतार की हाइएस्ट पारी नाबाद 400 रन है. इसके अलावा चिन्मय सुतार ने 5 लिस्ट-A मैचों (LIST-A) में  67 की औसत के साथ 134 रन बनाए हैं. चिन्मय सुतार ने लिस्ट-A क्रिकेट (LIST-A)  में एक शतक ठोका है, जिसमें उनका हाइएस्ट स्कोर नाबाद 104 रन है. चिन्मय सुतार ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में दो विकेट भी हासिल किए हैं. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES