App

चावड़ी बाजार में अचानक ढही तीन मंजिला बिल्डिंग, दो लोगों की मौत

दिल्ली के चावड़ी बाजार में गुरुवार सुबह एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत गिर गई. वहीं इस हादसे में दो लोगों की मौत की खबर सामने आई है. कुछ लोगों के फंसे होने की भी आशंका है. हादसे वाली जगह पर 6 दमकल विभाग की यूमिट मौजूद है.

चावड़ी बाजार में अचानक ढही तीन मंजिला बिल्डिंग, दो लोगों की मौत
Image Credit: ANI X

दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार 5 नवंबर की सुबह एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई. ये घटना सुबह करीब 10:15 बजे चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के सामने शीश महल की गली सत्तारा में हुई. दिल्ली पुलिस ने बताया कि गुरुवार को दिल्ली के चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास शीश महल की गली सत्तारा में एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत गिर गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई है.

दमकल विभाग के अनुसार, सुबह करीब 9:50 मिनट पर पैवलान इलाके में इमारत गिरने की सूचना मिली. इसके तुरंत बाद, दमकल विभाग की 6 यूनिट मौके पर भेजी गईं. इसमें दो वाटर टेंडर, एक वाटर बाउजर, एक क्विक रिस्पांस व्हीकल (QRV) और एक इंसिडेंट रिस्पांस टीम (IRT) शामिल थीं. इसके बाद एक और वॉटर टेंडर और असिस्टेंट डिविजनल ऑफिसर (ADO) राजेश शुक्ला को भी मौके पर भेजा गया, जिसमें कुल छह यूनिट वहां तैनात हो गईं.

वहां मौजूद व्यक्ति ने क्या कहा? 

घटना के चश्मदीद मोहम्मद नईम ने बताया कि ये घटना सुबह 9:00 से 9:30 बजे के बीच की है. हम सो रहे थे, तभी हमें कुछ गिरने की जोरदार आवाज सुनाई दी. हम सब उठे और बाहर भागे. हमें लगा कि हमारा अपना घर गिर रहा है. जब हमने देखा, तो पता चला कि बगल में बन रही इमारत गिर गई है. इमारत तीन-चार मंजिल (लिंटेल) बन चुकी थी, जो एक साथ ढह गईं. एक घायल मजदूर ने बताया कि वहां तीन-चार लोग मौजूद थे. हमने एक शव को बाहर निकालते हुए देखा. ये इमारत पिछले 3-4 महीनों से बन रही थी.

सौरभ भारद्वाज ने क्या कहा?  

इस बीच आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने इमारतों की सुरक्षा ऑडिट (सेफ्टी ऑडिट) पर सवाल उठाए और दिल्ली के नगर निगम और अन्य सरकारी विभागों पर नियमों के पालन में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया. X पर एक पोस्ट में भारद्वाज ने लिखा कि चावड़ी बाजार में एक और 3 मंजिला इमारत ढह गई. मलबे के नीचे कई लोगों के दबे होने की आशंका है. रेखा गुप्ता की सरकार और MCD ने दिल्ली की सभी इमारतों का कई बार सेफ्टी ऑडिट किया है, फिर भी इमारतें ढह रही हैं. ऐसा क्यों? 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Akanchha Singh

Akanchha Singh

जी-न्यूज में ट्रेनी सब एडिटर. वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर हरियाणा डिजिटल टीम में दिल्ली-एनसीआर-हरियाणा की राजनीति, हाइपर लोकल, क्राइम की खबरों पर नजर. यूटिलीटी की खबरों में दिलचस्पी है. 2023 में संस्थान से जुड़े. माखन लाल चतुर्वेदी भोपाल से पत्रकारिता में डिग्री हासिल की.
Read More