SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

T20I में 150 विकेट... अर्शदीप सिंह ने रच दिया इतिहास, भारतीय क्रिकेट इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा करिश्मा

अर्शदीप सिंह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच में इतिहास रच दिया. वह टी20 इंटरनेशनल में 150 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं.

Written By Tarun Verma
Published: Oct 30, 2026, 03:29 PM IST | Updated: Oct 30, 2026, 03:45 PM IST
Image Credit: Arshdeep Singh
Join

टीम इंडिया के घातक तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने इतिहास रच दिया है. अर्शदीप सिंह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 150 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं. ऑकलैंड के ईडन पार्क में भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथे T20I मैच के 19वें ओवर में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर को आउट करके अर्शदीप सिंह ने यह उपलब्धि हासिल की. ​​इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने अभी तक 103 T20I मैचों की 99 पारियों में 150 विकेट लिए हैं. अर्शदीप सिंह  का औसत 20.62 और इकोनॉमी रेट 8.65 रहा है, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 51 रन देकर 5 विकेट लेना है.

अर्शदीप सिंह  इस उपलब्धि के साथ T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं. अर्शदीप सिंह T20I में कम से कम 150 विकेट लेने वाले केवल तीसरे तेज गेंदबाज हैं. इस लिस्ट में ज्यादातर स्पिनरों का दबदबा है. अब अर्शदीप सिंह इस लिस्ट में न्यूजीलैंड के टिम साउदी और बांग्लादेश के मुस्तफिज़ुर रहमान के साथ शामिल हो गए हैं. अफगानिस्तान के राशिद खान 200 T20I विकेटों के साथ इस लिस्ट में सबसे ऊपर हैं. राशिद खान T20I में 200 विकेट के आंकड़े तक पहुंचने वाले इकलौते गेंदबाज हैं.

अर्शदीप सिंह ने रच दिया इतिहास

अर्शदीप सिंह ने इसके अलावा एक कैलेंडर वर्ष में 'फुल मेंबर' देश के लिए खेलते हुए सबसे ज्यादा T20I विकेट लेने का नया रिकॉर्ड भी बनाया है. अर्शदीप सिंह ने साल 2026 में अभी तक 40 T20I विकेट लिए हैं, जिससे वे आयरलैंड के जोश लिटिल (साल 2022 में 39 विकेट) से आगे निकल गए हैं. इस लिस्ट में टॉप चार में श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा (2024 में 38 विकेट) और भारत के भुवनेश्वर कुमार (2022 में 37 विकेट) भी शामिल हैं.

अर्शदीप सिंह T20I क्रिकेट में गेंदों के लिहाज से सबसे तेजी से 150 विकेट तक पहुंचने वाले तीसरे गेंदबाज भी बन गए हैं. उन्होंने यह मुकाम हासिल करने के लिए 2143 गेंदें फेंकीं. उनसे पहले केवल वानिंदु हसरंगा (2035 गेंदें) और राशिद खान (2098 गेंदें) ही इस आंकड़े तक उनसे जल्दी पहुंचे थे. न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड में चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच के दौरान अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 38 रन देकर 1 विकेट चटकाया. अर्शदीप सिंह ने पूरे चार ओवर फेंकने वाले गेंदबाजों में  सबसे कम रन दिए. वहीं, न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ने पहली पारी में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 49 गेंदों पर 107 रन बनाए, जिससे मेजबान टीम 260 रनों का एक बड़ा लक्ष्य खड़ा करने में सफल रही. पांच मैचों की T20I सीरीज में भारतीय टीम पहले ही 3-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है.

टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज

1. अर्शदीप सिंह - 150 विकेट

2. जसप्रीत बुमराह - 126 विकेट

3. अक्षर पटेल - 116 विकेट

4. हार्दिक पांड्या - 114 विकेट

5. कुलदीप यादव - 98 विकेट

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES