'बुमराह हैं, कुछ सोच के ही कर रहे होंगे...', जसप्रीत के नए रन-अप के पीछे क्या है राज? आकाश दीप ने किया खुलासा
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसर टेस्ट मैच के दौरान जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी एक्शन में बदलाव देखने को मिला. इससे क्रिकेट जगत में सनसनी मच गई और उनके रन-अप को लेकर बात होने लगी. टीम इंडिया के तेज गेंदबाज आकाश दीप ने इसे लेकर खुलासा किया है.
क्राइस्टचर्च में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में शानदार शुरुआत की. उसने मैच के पहले दिन कीवी टीम के पांच विकेट झटक लिए हैं. शुक्रवार (27 नवंबर) को पहले दिन स्टंप तक न्यूजीलैंड ने 5 विकेट पर 246 रन बना लिए हैं. इस मैच में दिग्गज तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को अब तक एक भी सफलता नहीं मिली है. उनकी गेंदबाजी के एक्शन में भी बदलाव देखने को मिला है. इस पर टीम इंडिया के तेज गेंदबाज आकाश दीप ने बड़ी बात कही है.
आकाश दीप ने कहा कि बुमराह इसे लेकर ट्रेनिंग सेशन में भी काफी सक्रिय दिखे थे. उन्होंने इसका अभ्यास किया है. आकाश का कहना है कि जब इतना बड़ा गेंदबाज कुछ बदलाव कर रहा है तो इसके पीछे जरूर कोई न कोई सोच होगी. उन्होंने कहा कि बुमराह कुछ कर रहे हैं तो कुछ सोच कर ही कर रहे होंगे. आकाश ने न्यूजीलैंड की पहली पारी में पहले दिन दो विकेट लिए. उन्होंने कीवी कप्तान टॉम लाथम (59 रन) और रचिन रवींद्र (00) को आउट किया.
बुमराह ने कब बदला रन-अप?
यह घटना चाय के बाद के सेशन में हुई, जब बुमराह को अटैक में वापस लाया गया. स्पेल में बुमराह ने अपने नियमित रन-अप को बदला और एक नए रन-अप के साथ बॉलिंग करने की कोशिश की. वह अपने बॉलिंग मार्क से तेजी से आए, लेकिन उनके दोनों हाथ खुले थे और रन-अप में बुमराह की पारंपरिक चाल नहीं थी. बुमराह ने अपने नए रन-अप के साथ कुछ मौके बनाए, लेकिन कुछ ही समय में अपने पारंपरिक रन-अप पर वापस आ गए. दोनों रन-अप में उनका लोड-अप और रिलीज वही रहा. हालांकि, फैंस आश्चर्यचकित थे. उन्होंने नए एक्शन को आजमाने की जरूरत पर सवाल उठाया.
ये भी पढ़ें: VIDEO: प्लेइंग इलेवन से बाहर होने पर छलका सिराज का दर्द, चश्मे के पीछे छिपाए आंसू? लाइव टीवी पर दिखा भावुक पल
आकाश दीप ने क्या कहा?
पहले दिन के खेल के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में आकाश दीप से बुमराह के नए एक्शन के बारे में पूछा गया और क्या यह किसी प्लान का हिस्सा था. आकाश ने बताया कि यह पहली बार नहीं था जब बुमराह ने नया एक्शन ट्राई किया था और वह नेट्स में भी इसकी प्रैक्टिस कर रहे थे.आकाश ने कहा, ''वो प्रैक्टिस मैच के पहले भी प्रैक्टिस कर रहे थे वो इस तरह की बॉलिंग का, तो हो सकता है उनके दिमाग में कुछ प्लानिंग होगी, तो इसलिए कर रहे होंगे. जसप्रीत बुमराह हैं वो, कुछ सोच के ही कर रहे होंगे.''
पहले दिन मैच में क्या हुआ?
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. प्रसिद्ध कृष्णा की जगह गुरनूर बरार को मौका मिला. गुरनूर ने टेस्ट डेब्यू किया और टीम इंडिया को पहली पारी में पहली सफलता भी दिलाई. उन्होंने डेवोन कॉनवे (31) को एलबीडब्ल्यू करके न्यूजीलैंड को पहला झटका दिया. इसके बाद आकाश दीप ने टॉम लाथम और रचिन रवींद्र को आउट किया. अंशुल कंबोज ने हेनरी निकोल्स (16) का शिकार किया. डेरिल मिचेल 31 रन बनाकर वॉशिंगटन सुंदर की गेंद पर आउट हुए. स्टंप के समय टॉम ब्लंडेल 53 और ग्लेन फिलिप्स 36 रन बनाकर नाबाद रहे.