अभिषेक शर्मा के निशाने पर 3 महारिकॉर्ड, इंदौर में छक्कों से मचेगा कोहराम? ईशान-श्रेयस भी बरपाएंगे कहर
भारत और वेस्टइंडीज के बीच इंदौर में होने वाले तीसरे टी20 मुकाबले में अभिषेक शर्मा के पास 2000 टी20 इंटरनेशनल रन सबसे कम गेंदों में पूरे करने और छक्कों के बड़े रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है.
टीम इंडिया के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा के पास इंदौर में रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाने का सुनहरा मौका है. भारत और वेस्टइंडीज के बीच आज यानी रविवार (11 अक्टूबर) को होलकर स्टेडियम में तीसरा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला जाएगा. इस मैच में अभिषेक शर्मा के बल्ले से रन ही नहीं, बल्कि कई बड़े रिकॉर्ड भी निकल सकते हैं. अभिषेक शर्मा के पास टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे कम गेंदों में 2000 रन पूरे करने का मौका है. अभिषेक शर्मा इसके आलावा एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी बना सकते हैं.
1. सबसे कम गेंदों में 2000 T20I रन
अभिषेक शर्मा ने अब तक भारत के लिए 64 टी20 इंटरनेशनल मैचों की 63 पारियों में 1967 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने कुल 1009 गेंदों का सामना किया है. यानी 2,000 टी20 इंटरनेशनल रन पूरे करने के लिए उन्हें सिर्फ 33 रन की जरूरत है. फिलहाल यह रिकॉर्ड सूर्यकुमार यादव के नाम है. सूर्यकुमार ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में 1164वीं गेंद पर 2,000 रन पूरे किए थे. ऐसे में अभिषेक के पास इस रिकॉर्ड को तोड़ने का शानदार मौका है. अभिषेक शर्मा अगर 1164 गेंदों से पहले ही यह आंकड़ा छू लेते हैं, तो वह सूर्यकुमार यादव को पीछे छोड़ देंगे.
2. एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा T20I छक्के
अभिषेक शर्मा के निशाने पर सिर्फ रन बनाने का रिकॉर्ड ही नहीं, बल्कि छक्कों का बड़ा रिकॉर्ड भी होगा. साल 2026 में उन्होंने अब तक 31 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 63 छक्के लगाए हैं. टी20 इंटरनेशनल में किसी फुल मेंबर टीम के खिलाड़ी द्वारा एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड फिलहाल सूर्यकुमार यादव के नाम है. उन्होंने साल 2022 में भारत के लिए 31 मैचों में 68 छक्के जड़े थे. अभिषेक शर्मा को इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए तीसरे टी20 इंटरनेशनल में कम से कम छह छक्के लगाने होंगे. अगर वह ऐसा करने में सफल रहते हैं, तो सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड टूट सकता है.
3. एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा ओवरऑल T20 छक्के
अभिषेक शर्मा ने साल 2026 में अब तक 46 ओवरऑल टी20 (डोमेस्टिक और इंटरनेशनल) मैचों में 106 छक्के लगाए हैं और एक कैलेंडर ईयर में टी20 में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा छक्के लगाने का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ने के लिए उन्हें तीन और छक्कों की जरूरत है. साल 2025 में अभिषेक ने तीन टीमों भारत, पंजाब और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 41 टी20 मैच खेले और 108 छक्के लगाए.
ईशान किशन भी रच देंगे इतिहास
ईशान किशन और श्रेयस अय्यर के पास भी रविवार को बड़े-बड़े रिकॉर्ड तोड़ने का मौका होगा. ईशान किशन ने साल 2026 में अभी तक भारत के लिए 31 T20I मैच खेले हैं और 1085 रन बनाए हैं. अगर वह तीसरे T20I में कम से कम 80 रन बनाते हैं, तो वह सूर्यकुमार यादव के 1164 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देंगे और एक कैलेंडर ईयर में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा T20I रन बनाने का रिकॉर्ड तोड़ देंगे.
श्रेयस अय्यर तोड़ सकते हैं रोहित शर्मा का रिकॉर्ड
वहीं, श्रेयस ने 2026 में भारत के कप्तान के तौर पर 18 T20I मैचों में 551 रन बनाए हैं. उन्हें एक कैलेंडर ईयर में भारतीय कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा T20I रन बनाने का रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 106 और रनों की जरूरत है. रोहित ने साल 2022 में भारत के कप्तान के तौर पर 29 T20I मैच खेले थे और 656 रन बनाए थे. कप्तान के तौर पर एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा T20I रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड पाकिस्तान के बाबर आजम के नाम है. साल 2021 में, बाबर ने पाकिस्तान के कप्तान के तौर पर 29 T20I मैच खेले और 26 पारियों में 939 रन बनाए थे.