पावरप्ले में छक्कों का शतक, दुनिया में पहली बार हुआ ऐसा, अभिषेक शर्मा ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे T20I में इतिहास रच दिया है. वह टी20 इंटरनेशनल में पावरप्ले के दौरान 100 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए.
अभिषेक शर्मा के नाम का पूरी दुनिया में डंका बज रहा है. टीम इंडिया के इस विस्फोटक ओपनर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो इससे पहले दुनिया का कोई बल्लेबाज नहीं कर सका था. अभिषेक शर्मा टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पावरप्ले के दौरान 100 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं.
अभिषेक शर्मा ने शनिवार को क्राइस्टचर्च में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी के खिलाफ पारी के तीसरे ओवर में एक्स्ट्रा कवर के ऊपर शानदार छक्का जड़कर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की. इसके साथ ही उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में पावरप्ले के दौरान छक्कों का शतक पूरा कर लिया.
पावरप्ले में छक्कों का शतक
अभिषेक शर्मा ने इससे पहले भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया था. रोहित शर्मा ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में पावरप्ले के दौरान 98 छक्के लगाए थे. अब अभिषेक शर्मा इस आंकड़े को पार करते हुए 100 छक्कों का ऐतिहासिक मुकाम हासिल कर चुके हैं.
पावरप्ले में (1-6 ओवर) सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज
100 छक्के - अभिषेक शर्मा (गेंद/छक्का: 7.77)
98 छक्के - रोहित शर्मा (गेंद/छक्का: 17.05)
97 छक्के - मार्टिन गप्टिल (गेंद/छक्का: 16.58)
94 छक्के - पॉल स्टर्लिंग (गेंद/छक्का: 21.03)
87 छक्के - क्विंटन डि कॉक (गेंद/छक्का: 15.80)
भारत के सबसे बेहतरीन सिक्स-हिटर
साल 2024 में अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू करने के बाद से अभिषेक शर्मा ने खुद को भारत के सबसे बेहतरीन 'सिक्स-हिटर्स' में से एक के रूप में स्थापित किया है. उनके नाम फुल मेंबर देशों के किसी भी बल्लेबाज द्वारा सबसे तेज T20I शतक लगाने का रिकॉर्ड भी दर्ज है. हालांकि, शनिवार को अभिषेक शर्मा अपनी अच्छी शुरुआत को एक बड़े स्कोर में नहीं बदल सके. 21 गेंदों पर 27 रन बनाने के बाद, नौवें ओवर में मिचेल सेंटनर ने उन्हें आउट कर दिया. तिलक वर्मा ने 26 गेंदों पर नाबाद 51 रन बनाए, जिससे भारत ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हरा दिया और पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली.
भारत ने 4 विकेट से यह मैच जीत लिया
न्यूजीलैंड के 180 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत 15वें ओवर में 112/6 के स्कोर पर संघर्ष कर रहा था, तभी तिलक वर्मा ने जिम्मेदारी संभाली. तिलक वर्मा ने छह चौके और एक छक्का लगाकर भारत को मुकाबले में बनाए रखा, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी 26 रन बनाकर नाबाद रहे और उन्होंने ही विनिंग रन बनाए. न्यूजीलैंड के लिए मिचेल सेंटनर सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 21 रन देकर 4 विकेट लिए. इससे पहले, अर्शदीप सिंह ने 33 रन देकर दो विकेट लिए थे, लेकिन ग्लेन फिलिप्स (70) और बेवन जैकब्स (56) की मदद से न्यूजीलैंड 180/5 का स्कोर बनाने में कामयाब रहा. भारत ने 19.5 ओवर में 181 रन बनाते हुए 4 विकेट से यह मैच जीत लिया.