SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'हर खिलाड़ी को थी सैंडपेपर की जानकारी', ऑस्ट्रेलिया के सबसे बड़े झूठ का पर्दाफाश! एबी डिविलियर्स ने खोली पोल

2018 के चर्चित बॉल टैम्परिंग विवाद पर दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स ने बड़ा दावा किया है. उनका कहना है कि ऑस्ट्रेलिया के हर खिलाड़ी को बॉल टेंपरिंग की जानकारी थी.

Written By Tarun Verma
Published: Nov 23, 2026, 09:14 IST | Updated: Nov 23, 2026, 09:42 IST
Image Credit: AB de Villiers Makes Explosive Claim
Join

दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज क्रिकेटर एबी डिविलियर्स ने दावा किया है कि 2018 की टेस्ट सीरीज के दौरान ऑस्ट्रेलिया के सभी खिलाड़ियों को बॉल-टैम्परिंग के बारे में पता था. एबी डिविलियर्स ने कहा कि उन्हें इस बात में जरा भी शक नहीं है कि टीम ने केपटाउन टेस्ट से पहले ही जानबूझकर हद पार कर दी थी. एबी डिविलियर्स ने यह बात तब कही जब 2018 के बॉल-टैम्परिंग कांड के बारे में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर्स उस्मान ख्वाजा और कैमरन बैनक्रॉफ्ट के हालिया खुलासों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे.

एबी डिविलियर्स उस केपटाउन टेस्ट में खेले थे और उन्होंने पहली पारी में 64 व दूसरी पारी में 63 रन बनाए थे. एबी डिविलियर्स का मानना ​​है कि डरबन में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान भी बॉल-टैम्परिंग हुई थी. उन्होंने इस बहस को खारिज कर दिया कि खिलाड़ियों को पता था या नहीं कि सैंडपेपर का इस्तेमाल हो रहा है. 'नाइन डॉट कॉम डॉट एयू' से बात करते हुए एबी डिविलियर्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'मैं यहां किसी व्यक्ति को निशाना बनाने या यह तय करने नहीं आया हूं कि कौन सही है और कौन गलत. कुछ बातों को लेकर मेरी अपनी पक्की राय है, जिन्हें मैं यहां शेयर कर सकता हूं.'

'हर खिलाड़ी को थी सैंडपेपर की जानकारी'

एबी डिविलियर्स ने कहा, 'उस्मान ख्वाजा के किताब जारी करने में कुछ भी गलत नहीं है. हालांकि, अब 2026 चल रहा है, ऐसे में इसका समय थोड़ा अजीब जरूर लगता है.' उन्होंने इस विवाद में शामिल लोगों के प्रति सहानुभूति भी जताई, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि उनकी यह सहानुभूति उस हरकत के लिए बिल्कुल नहीं है. उन्होंने कहा, 'इसमें शामिल सभी लोगों के लिए यह मामला बहुत व्यक्तिगत हो गया है, और उनके प्रति मेरी सहानुभूति है, लेकिन जाहिर है, उस दिन जो हुआ उसके लिए मेरी कोई सहानुभूति नहीं है.' डिविलियर्स ने आगे दावा किया कि बॉल-टैम्परिंग केवल केपटाउन और पोर्ट एलिजाबेथ टेस्ट तक ही सीमित नहीं थी, बल्कि डरबन टेस्ट के दौरान भी ऐसा ही हुआ था.

ऑस्ट्रेलिया के सबसे बड़े झूठ का पर्दाफाश!

एबी डिविलियर्स ने कहा, 'मुझे लगता है कि हर कोई एक तरह से मान रहा है कि पोर्ट एलिजाबेथ में भी ऐसा ही हुआ था. मैं पूरे यकीन के साथ कह सकता हूं कि डरबन में भी हालात कुछ अलग नहीं थे. फुटेज जाकर देख लीजिए. मेरे मन में इस बात को लेकर कोई शक नहीं है.' गेंद की स्थिति बदलने के लिए इस्तेमाल की गई चीज पर ज्यादा ध्यान दिए जाने पर सवाल उठाते हुए डिविलियर्स ने कहा कि असली मुद्दा यह नहीं है कि सैंडपेपर का इस्तेमाल हुआ या नहीं, बल्कि यह है कि एक गैर-कानूनी काम करने का फैसला पहले से ही सोच-समझकर लिया गया था. यह अजीब है, क्योंकि अब हर कोई सैंडपेपर के बारे में बात कर रहा है और पूछ रहा है कि क्या आपको सैंडपेपर के बारे में पता था.'

एबी डिविलियर्स ने खोली पोल

एबी डिविलियर्स ने आगे कहा, 'असल बात तो यह है कि सबको पता था कि वे हद पार करने जा रहे हैं. यही वह बात है, जिसे सब नजरअंदाज कर रहे हैं. हम सब उस चीज को लेकर इतने परेशान क्यों हैं, जिसका इस्तेमाल किया गया था. असल मुद्दा यह है कि मैदान पर कुछ गैर-कानूनी एक्टिविटी करने का फैसला पहले से ही सोच-समझकर लिया गया था. वहां मौजूद हर एक इंसान को इसके बारे में पता था, मुझे इस बात पर जरा भी शक नहीं है.'

क्या है पूरा मामला?

साल 2018 के बॉल-टैम्परिंग विवाद ने तब फिर से जोर पकड़ लिया, जब उस्मान ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा 'सब्र' में दक्षिण अफ्रीका में हुए इस स्कैंडल के बारे में कई खुलासे किए. किताब में ख्वाजा ने दावा किया कि टीम के सभी लोगों को सैंडपेपर के इस्तेमाल के बारे में पता था. बाद में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कमिंस ने ख्वाजा के दावों को पूरी तरह बकवास बताकर खारिज कर दिया. कमिंस के इस बयान के बाद कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने 'द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन' में एक लेख लिखकर इस विवाद को और हवा दे दी. 

फिर ने बैनक्रॉफ्ट ने किया खुलासा?

अपने लेख में बैनक्रॉफ्ट ने बॉलिंग ग्रुप के उस दावे को चुनौती दी जिसमें कहा गया था कि उन्हें सैंडपेपर के इस्तेमाल के बारे में पता नहीं था. उन्होंने पोर्ट एलिजाबेथ टेस्ट के दूसरे दिन टी-ब्रेक के दौरान हुई एक बातचीत का जिक्र करते हुए दावा किया कि जब डेविड वॉर्नर ने गेंद के एक तरफ को खुरदरा करने के लिए सैंडपेपर का इस्तेमाल करने का सुझाव दिया था, तब वहां बॉलिंग कोच डेविड सैकर और हेड कोच डैरेन लेहमैन भी मौजूद थे.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES