App

4 घंटे 28 मिनट का मैच: शेल्टन ने अल्काराज को चौंकाया, न्यूयॉर्क में सुबह 3:35 बजे तक लड़े और पहली बार हराया

यूएस ओपन 2026 के क्वार्टर फाइनल में बेन शेल्टन ने बड़ा उलटफेर करते हुए कार्लोस अल्काराज को 5 सेटों के मैराथन मुकाबले में हरा दिया. न्यूयॉर्क के समयानुसार तड़के 3:35 बजे खत्म हुए इस ऐतिहासिक मैच के बाद शेल्टन सेमीफाइनल में पहुंच गए.

4 घंटे 28 मिनट का मैच: शेल्टन ने अल्काराज को चौंकाया, न्यूयॉर्क में सुबह 3:35 बजे तक लड़े और पहली बार हराया
Image Credit: बेन शेल्टन ने कार्लोस अल्काराज के खिलाफ चमत्कारिक जीत हासिल की. AP

टेनिस प्रेमियों को यूएस ओपन 2026 के क्वार्टरफाइनल में एक ऐतिहासिक मैच देखने को मिला. डिफेंडिंग चैंपियन कार्लोस अल्काराज को अंतिम-8 के मुकाबले में अमेरिका के बेन शेल्टन के हाथों हार का सामना करना पड़ा. अमेरिकी फैंस से खचाखच भरे ऑर्थर ऐश स्टेडियम में न्यूयॉर्क के समयानुसार रात करीब 11 बजे शुरू हुआ मुकाबला तड़के 3:35 बजे खत्म हुआ. अल्काराज खूब लड़े, लेकिन शेल्टन की चुनौती इस मैच में नहीं तोड़ पाए.

8वीं सीड वाले शेल्टन ने पहली बार अपने करियर में अल्काराज को हराया है. इससे पहले तीन मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. लगभग 4 घंटे और 28 मिनट तक चले इस मैराथन मैच में शेल्टन ने अल्काराज को 7-6 (7-5), 1-6, 3-6, 6-1, 7-6 (10-7) के अंतर से परास्त कर दिया. इस जीत के साथ ही उन्होंने मेंस सिंगल्स के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली.

 

 

शेल्टन के लिए यह जीत क्यों बेहद खास?

23 वर्षीय बेन शेल्टन के लिए यह जीत करियर के सबसे बड़े मील के पत्थरों में से एक है. इस मैच से पहले शेल्टन को टॉप-3 में शामिल किसी भी खिलाड़ी के खिलाफ लगातार 17 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था. इसके अलावा  अल्काराज के खिलाफ भी इससे पहले खेले गए तीनों मैचों में शेल्टन पराजित हुए थे. इस क्वार्टर फाइनल में शेल्टन ने पहला सेट टाई-ब्रेक में जीता, लेकिन अल्काराज ने शानदार वापसी करते हुए अगले दो सेट अपने नाम कर लिए. चौथे सेट में स्पेन के सुपरस्टार ने 6-1 से एकतरफा बढ़त बनाई, लेकिन निर्णायक पांचवें सेट के टाई-ब्रेक में शेल्टन ने 10-7 से जीत दर्ज कर ली.

देर रात तक रुके फैंस को लेकर शेल्टन ने क्या कहा?

ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद बेन शेल्टन ने न्यूयॉर्क के प्रशंसकों और अपने परिवार का दिल से आभार व्यक्त किया. शेल्टन ने कहा, ''मेरे लिए हमेशा कोर्ट पर मौजूद लोग सबसे महत्वपूर्ण होते हैं. चाहे मेरी कोचिंग टीम हो, मेरा परिवार हो या न्यूयॉर्क शहर के लोग, जो रात 3 बजे तक मेरा हौसला बढ़ाने आए. इसी समर्थन ने मुझे मैच में बनाए रखा.'' शेल्टन ने मजाकिया अंदाज में यह भी जोड़ा कि वे उम्मीद करते हैं कि सुबह 6 बजे काम पर जाने वाली उनकी बहन और दोस्त को उनके एम्प्लॉयर आज की छुट्टी दे देंगे.

 

 

अल्काराज को कहां परेशानी हुई?

स्पेन के 7 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन अल्काराज कलाई की चोट के कारण चार महीने से अधिक समय तक टेनिस से दूर रहने के बाद इस टूर्नामेंट में वापसी कर रहे थे. उन्होंने शुरुआती दौर में 20वीं सीड टॉमी पॉल को हराकर क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया. शेल्टन के खिलाफ इस कड़े मुकाबले में लंबे अंतराल का असर उनकी शारीरिक क्षमता पर स्पष्ट रूप से दिखा. मैच के दौरान लंबे रैलियों और थका देने वाले पॉइंट्स ने अल्काराज की रिकवरी पर भारी असर डाला.

सेमीफाइनल में अब किससे भिड़ेंगे शेल्टन?

अल्काराज पर मिली इस यादगार जीत के बाद बेन शेल्टन सेमीफाइनल में अपने ही देश के फ्रांसिस टियाफो से भिड़ेंगे. टियाफो ने भी 2 सेट से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए एलेक्स मिचेलसेन को 5-7, 3-6, 7-5, 6-3, 7-6 (10-6) से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई है. दो अमेरिकी खिलाड़ियों के सेमीफाइनल में पहुंचने से इस साल यूएस ओपन के फाइनल में एक अमेरिकी पुरुष खिलाड़ी की उपस्थिति तय हो गई है. साल 2003 में एंडी रोडिक की जीत के बाद से किसी भी अमेरिकी पुरुष खिलाड़ी ने ग्रैंड स्लैम खिताब नहीं जीता है.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More