Cristiano Ronaldo leaves Portugal Camp: महान खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अचानक ही पुर्तगाल नेशनल टीम का साथ छोड़ दिया. इससे फुटबॉल जगत में खलबली मच गई. रोनाल्डो को यूईएफए (UEFA) नेशन्स लीग में नॉर्वे के खिलाफ पिछले मैच में खेलने का मौका नहीं मिला था. उन्हें बेंच पर ही बिठाया गया था. इसके बाद टीम को कोच जॉर्ज जीसस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके खिलाफ बयान दे दिया. इससे रोनाल्डो नाराज हो गए और डेनमार्क के खिलाफ मैच से पहले टीम के ट्रेनिंग सेशन में हिस्सा नहीं लिया.
रोनाल्डो ने पुर्तगाल की राष्ट्रीय टीम के ट्रेनिंग कैंप को छोड़ने की खुद ही पुष्टि कर दी. नॉर्वे के खिलाफ पुर्तगाल की 2-1 की जीत के दौरान मौका नहीं मिलने से वह हैरान थे. इसके बाद उन्होंने टीम के साथ अभ्यास नहीं किया. इस स्थिति को सुलझाने के लिए रोनाल्डो, पुर्तगाल के मुख्य कोच जॉर्ज जीसस और पुर्तगाली फुटबॉल महासंघ (FPF) के अध्यक्ष पेड्रो प्रोएंका के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हुई थी.
रोनाल्डो ने अपने फैसले पर क्या कहा?
रोनाल्डो ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में स्पष्ट किया कि उन्होंने पुर्तगाली फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष से बातचीत करने के बाद ट्रेनिंग कैंप छोड़ने का फैसला लिया है. उन्होंने आगे लिखा कि वह अपने कैंप छोड़ने के कारणों का खुलासा सही समय आने पर करेंगे और इसके साथ ही उन्होंने अपनी राष्ट्रीय टीम व साथी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं भी दीं. इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा करते हुए रोनाल्डो ने लिखा, ''राष्ट्रीय टीम की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद और पुर्तगाली फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष के साथ बातचीत के बाद मैंने राष्ट्रीय टीम के ट्रेनिंग कैंप को छोड़ने का निर्णय लिया है. सही समय आने पर मैं सभी पुर्तगाली लोगों को उन कारणों का सच बताऊंगा जिनके कारण मुझे राष्ट्रीय टीम छोड़नी पड़ी, जिसके लिए मैंने हमेशा खुद को समर्पित किया है. अब पुर्तगाल और मेरे सभी साथियों को बिना किसी अपवाद के शुभकामनाएं देने का समय है.''
पुर्तगाली फुटबॉल महासंघ ने क्या बयान दिया?
पुर्तगाली फुटबॉल महासंघ ने भी आधिकारिक पुष्टि की है कि रोनाल्डो कोपेनहेगन स्थित राष्ट्रीय टीम का ट्रेनिंग कैंप छोड़कर चले गए हैं. महासंघ ने अपने बयान में कहा कि टीम में शामिल बाकी 24 खिलाड़ी डेनमार्क और नॉर्वे के खिलाफ आगामी मैचों की तैयारियां निर्धारित योजना के अनुसार जारी रखेंगे. पूरा दल अपने लक्ष्यों को हासिल करने पर केंद्रित है. एफपीएफ ने कहा, "पुर्तगाली फुटबॉल महासंघ यह सूचित करता है कि पुर्तगाली इंटरनेशनल क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने कोपेनहेगन में राष्ट्रीय टीम का ट्रेनिंग कैंप छोड़ दिया है.डेनमार्क और नॉर्वे के खिलाफ मैचों की तैयारी बुलाए गए बाकी 24 खिलाड़ियों के साथ योजना के अनुसार जारी रहेगी. पूरा प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय टीम की आगामी प्रतिबद्धताओं और निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने पर पूरी तरह से केंद्रित है.''
कोच जॉर्ज जीसस ने क्या सफाई दी?
नॉर्वे के खिलाफ खेले गए मैच में रोनाल्डो को मैदान पर न उतारने के फैसले पर कोच जॉर्ज जीसस ने कहा कि वह क्रिस (रोनाल्डो) को मैदान में लाने का सही समय नहीं था. उन्होंने स्पष्ट किया कि मैच के दौरान बनी परिस्थितियों के कारण उन्हें अपना मन बदलना पड़ा और रोनाल्डो को सब्स्टीट्यूट के रूप में उतारने का निर्णय वापस लेना पड़ा.