मोना अग्रवाल ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, एशियन पैरा गेम्स 2026 में जीता दूसरा गोल्ड, भारत के खाते में 103 मेडल
एशियन पैरा गेम्स 2026 में मोना अग्रवाल ने 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन SH1 में वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल जीता है. भारत के खाते में 103 मेडल हो गए हैं.
भारतीय पैरा शूटर मोना अग्रवाल ने शुक्रवार को एशियन पैरा गेम्स 2026 में महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन SH1 फाइनल में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाते हुए अपना दूसरा गोल्ड मेडल जीता है. मोना ने 357.5 का रिकॉर्ड स्कोर हासिल किया और चीन की कुइपिंग झांग से 3.8 अंक आगे रहीं, जिन्हें सिल्वर मेडल मिला. इससे पहले खेलों के शुरुआती दिन ही इस भारतीय शूटर ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता था.
फाइनल में हिस्सा ले रहीं एक अन्य भारतीय खिलाड़ी अवनि लेखरा पोडियम तक पहुंचने से चूक गईं और चौथे स्थान पर रहीं. 'प्रोन' पोजीशन के बाद वह टॉप दो खिलाड़ियों में शामिल थीं, लेकिन 'स्टैंडिंग' सीरीज में पिछड़ गईं. मोना की इस जीत से आइची-नागोया में चल रहे खेलों में भारत के पदकों की संख्या और बढ़ गई है. भारत यहां एशियन पैरा गेम्स में अपने अब तक के बेस्ट प्रदर्शन को पीछे छोड़ने की कोशिश कर रहा है.
मोना अग्रवाल ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
एशियन पैरा गेम्स 2026 के पहले दिन, मोना और अवनि ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 स्पर्धा में क्रमशः पहला और दूसरा स्थान हासिल किया था. मोना ने सातवीं सीरीज के बाद 250 के स्कोर के साथ गोल्ड मेडल जीता. उन्होंने एशियन पैरा गेम्स का नया रिकॉर्ड बनाया और 2022 के हांगझोऊ एडिशन में अवनि द्वारा बनाए गए 249.6 के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया.
पैरा बैडमिंटन में, नितेश कुमार ने पुरुष एकल SL3 फाइनल में गोल्ड मेडल जीता, जबकि प्रमोद भगत को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा. नवीन शिवकुमार ने भी पुरुष एकल SL4 स्पर्धा में गोल्ड मेडल मेडल जीता. उन्होंने फाइनल में इंडोनेशिया के फ्रेडी सेतियावान को हराया.
ये भी पढ़ें- जो रूट ने बदल दिया इतिहास, खड़ा किया 8000 रन का पहाड़, इंग्लैंड का हर बल्लेबाज फेल
हरविंदर सिंह और विजय सुंडी ने भी किया कमाल
पैरा तीरंदाजी में, हरविंदर सिंह और विजय सुंडी ने पुरुष रिकर्व युगल स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता. संदीप ने पुरुषों की 400 मीटर T64 फाइनल में गोल्ड मेडल जीता, जबकि अजय कुमार को ब्रॉन्ज मेडल मिला. वहीं, हेनी ने पुरुषों की जैवलिन थ्रो F37/38 फाइनल में स्वर्ण पदक हासिल किया. भारत ने महिला सिंगल्स SU5 में थुलसिमथी मुरुगेसन, महिला सिंगल्स SH6 में नित्या श्री सुमति सिवन, महिला रिकर्व डबल्स में पूजा जत्यान और भावना चौधरी, पुरुषों की 1500 मीटर T46 में प्रमोद बिजारनिया और महिलाओं की लॉन्ग जंप T47 में निमिषा सुरेश के जरिए सिल्वर मेडल भी जीते.
जेहान मदान और शुभम वाधवा ने पुरुषों के डबल्स पैरा टेबल टेनिस MD4 में ब्रॉन्ज मेडल जीता. भारत के पास कुल 103 मेडल (27 गोल्ड, 33 सिल्वर और 43 ब्रॉन्ज) हैं. इस खबर को लिखे जाने के समय भारत मेडल टैली में चौथे स्थान पर है, जबकि चीन 361 मेडल के साथ टॉप पर है.
एशियन पैरा गेम्स 2026 मेडल टैली (23 अक्टूबर दोपहर 12:20 बजे तक अपडेटेड)