Asian Para Games 2026: 26 गोल्ड, 33 सिल्वर और 43 ब्रॉन्ज, भारत ने लगाया पदकों का शतक, हरविंदर सिंह और विजय सुंडी के बाद चमके नितेश कुमार
एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है. नितेश कुमार ने प्रमोद भगत को हराकर गोल्ड मेडल जीता, जबकि नवीन शिवकुमार और पैरा तीरंदाजी में भी भारत को गोल्ड मेडल मिला.
एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन जारी है. शुक्रवार को भारत ने बैडमिंटन और पैरा तीरंदाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गोल्ड मेडल अपने नाम किए. भारत के कुल मेडल्स की संख्या 102 हो गई है, जिसमें 26 गोल्ड, 33 सिल्वर और 43 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं. भारत मेडल टैली में चौथे स्थान पर बना हुआ है. पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी नितेश कुमार ने मेंस सिंगल्स SL3 के फाइनल में भारत के ही दिग्गज खिलाड़ी और पैरालंपिक चैंपियन प्रमोद भगत को हराकर गोल्ड मेडल जीत लिया.
वहीं, नवीन शिवकुमार और पैरा तीरंदाजी की जोड़ी ने भी भारत का मान बढ़ाया. इसके अलावा, भारत ने पैरा आर्चरी (तीरंदाजी) के पुरुष रिकर्व डबल्स और बैडमिंटन के पुरुष सिंगल्स SL4 इवेंट में भी गोल्ड मेडल हासिल किया. नितेश कुमार ने पूर्व पैरालंपिक चैंपियन प्रमोद को सीधे गेमों में 21-18, 21-16 से हराकर खिताब अपने नाम किया. प्रमोद भगत को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा, जिससे SL3 कैटेगरी में भारत ने पहला और दूसरा स्थान हासिल किया.
एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन
बैडमिंटन में भारत को एक और गोल्ड मेडल नवीन शिवकुमार ने दिलाया. उन्होंने पुरुष सिंगल्स SL4 फाइनल में इंडोनेशिया के फ्रेडी सेटियावान को 36 मिनट में 21-9, 21-17 से हराया. पैरा आर्चरी में हरविंदर सिंह और विजय सुंडी ने पुरुष रिकर्व डबल्स इवेंट में चीन को 5-1 से हराकर गोल्ड मेडल जीता.
बैडमिंटन के महिला सिंगल्स में भारत को सिल्वर मेडल
बैडमिंटन के महिला सिंगल्स SH6 फाइनल में भारत को सिल्वर मेडल मिला, जहां नित्या श्री सुमति सिवन को चीन की ली फेंगमेई के हाथों 12-21, 13-21 से हार का सामना करना पड़ा. पैरा एथलेटिक्स में, निमिषा चक्कुंगापरम्बिल ने महिला लॉन्ग जंप T47 इवेंट में 5.37 मीटर की अपनी सर्वश्रेष्ठ छलांग के साथ सिल्वर मेडल जीता. श्रीलंका की धनंजना ने 5.52 मीटर की छलांग लगाकर गोल्ड मेडल जीता, जो कि इन खेलों का एक नया रिकॉर्ड है.
प्रमोद ने सिल्वर मेडल जीता
निमिषा ने अपने तीसरे प्रयास में पदक दिलाने वाला प्रदर्शन किया. इससे पहले दिन में, प्रमोद ने भी पुरुषों की 1500 मीटर T46 स्पर्धा में 4:09.65 का समय निकालकर सिल्वर मेडल जीता. इस तरह उन्होंने 2022 हांगझोऊ पैरा गेम्स में जीते अपने पदक को बरकरार रखा. भारत के प्रवीण शर्मा पुरुषों की डिस्कस थ्रो F11 स्पर्धा में 30.64 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ चौथे स्थान पर रहे, जबकि इस स्पर्धा में ईरान के खिलाड़ियों ने टॉप तीनों स्थान हासिल किए.
एशियन पैरा गेम्स 2026 मेडल टैली (23 अक्टूबर सुबह 9:25 बजे तक अपडेटेड)