रात में बुरे और डरावने सपने सोने नहीं देते? कर लें ये 3 आसान उपाय, फिर कोई नहीं छीन पाएगा आपकी चैन की नींद!
अगर आपको भी बुरे सपने सोने नहीं दे रहे हैं और रात में डरावने सपने देखकर नींद से जाग जाते हैं तो आपको 3 आसान उपाय करने चाहिए. इन उपायों को करने से बुरे सपने से छुटकारा पा सकते हैं.
सपने हमारी नींद का एक ऐसा भाग हैं जिनको चाहकर भी नकारा नहीं जा सकता है. कुछ सपने शुभ होते हैं तो कुछ सपनों के प्रभाव अशुभ भी हो सकते हैं. वहीं, कुछ सपने डरावने भी होते हैं. दिनभर हमारे मन में जो विचार चलते रहते हैं, जो भावनाएं हम महसूस करते हैं, दिनभर में जो हमें अनुभव होता है और जिन चिंताओं से हम दिनभर घिरे रहते हैं, कई बार वे हमें रात के समय सपने के रूप में दिखाई देते हैं.
इस तरह कुछ लोगों को उनके अनुभव के अनुसार अच्छे सपने आते हैं लेकिन कुछ लोग हर रात बुरे सपने देखते हैं और तो और मानसिक तनाव, डर और असुरक्षा की भावना के कारण उनके सपने भी डरावना रूप लेने लगते हैं. ऐसी स्थिति में अगर आप भी हर रात बुरे सपने देखकर अगले दिन परेशान रहते हैं तो आपको कुछ उपाय करने चाहिए. कुछ ऐसे उपाय जो आपके जीवन में और मन में सकारात्मता ला सकें, जिसके प्रभाव से डरावने सपने से छुटकारा मिल सके. आइए उन उपायों के बारे में जानें.
सोने से पहले मानसिक और शरीरिक शुद्धि
हिंदू धर्म में शारीरिक शुद्धि के साथ ही मानसिक शुद्धि का भी विशेष महत्व है. ऐसे में सोने से पहले अपने हाथ पैर जरूर धो लें, संभव हो तो नहा लें. वहीं, मानसिक शुद्धि के लिए मन को शांत रखें और आगे के दिनों के लिए सकारात्मक सोच रखें. सोने से पहले मानसिक और शारीरिक शुद्धि करने से तन और मन दोनों की थकान दूर होगी. बुरे सपने आने भी बंद हो जाएंगे.
सोने से पहले करें इष्टदेव के मंत्र का जाप
हिंदू धर्म में रात को सोने से अपने इष्टदेव का ध्यान करने का विशेष महत्व है. मान्यता है कि अपने आराध्य देव का ध्यान कर और उनके मंत्र का जाप करके सोने से आत्मविश्वास बढ़ता है, मन में सुरक्षा और सकारात्मकता की भावना बढ़ती है. मंत्र भगवान शिव का हो सकता है- 'ॐ नमः शिवाय', महामृत्युंजय मंत्र का जाप कर सकते हैं. वहीं भगवान विष्णु के मंत्र का जाप कर सकते हैं- 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय', गायत्री मंत्र का जाप कर सकते हैं. इन मंत्रों के जाप से मन शांत रहेगा और बुरे सपनों से छुटकारा मिल सकता है.
सूर्य देव को हर सुबह अर्घ्य दें
हिंदू धर्म में सूर्य देव ऊर्जा, प्रकाश और चेतना के कारक माने गए हैं. धार्मिक मान्यता है कि हर दिन उगते सूर्य को अर्घ्य दें व सूर्य पूजा करें तो जीवन में सकारात्मकता आएगी और आत्मविश्वास बढ़ेगा. मन से सभी नकारात्मकता दूर होगी. इस तरह बुरे सपने भी नहीं आएंगे.
(डिस्क्लेमर - यह लेख धार्मिक मान्यताओं और ज्योतिषीय उपायों पर आधारित है, इसका उद्देश्य केवल जानकारी देना है, इसे चिकित्सा सलाह न समझें, समस्या गंभीर होने पर डॉक्टर विद्वानों से परामर्श लें.)