Mangal Gochar 2026: धधकते सूर्य की राशि में अग्नि तत्व वाले मंगल का आज प्रवेश, 4 महीने तक 12 राशियों पर कैसा रहेगा असर?
ग्रहों के सेनापति मंगल 12 नवंबर को सूर्य की राशि सिंह में प्रवेश कर रहे हैं. मंगल का यह गोचर बेहद खास है क्योंकि दोनों ही अग्नि तत्व वाले ग्रह हैं. जानिए मंगल के इस राशि परिवर्तन का सभी राशियों पर क्या असर होगा.
मंगल ग्रह करीब डेढ़ से 2 महीने एक राशि में रहते हैं. लेकिन इस बार वे लंबा समय सिंह राशि में गुजारेंगे क्योंकि वे बीच में वक्री भी हो रहे हैं. द्रिक पंचांग के अनुसार, 12 नवंबर 2026 की रात 08:30 बजे मंगल सिंह राशि में प्रवेश करेंगे. जहां वे 9 मार्च की देर रात 11:53 बजे तक रहेंगे और फिर कर्क राशि में गोचर करेंगे.
इस बीच 10 जनवरी 2027 को मंगल सिंह राशि में ही वक्री हो जाएंगे यानी कि उल्टी चाल चलेंगे. इस बीच 9 मार्च की देर रात वक्री स्थिति में ही कर्क में आएंगे और फिर 1 अप्रैल 2027 को मार्गी होंगे यानी कि फिर से सीधी चाल चलने लगेंगे.
कैसे बीतेंगे ये 4 महीने?
मंगल ग्रह साहस, ऊर्जा, आक्रामकता, युद्ध, हिंसा के कारक ग्रह हैं. वहीं ग्रहों के राजा सूर्य यश, सफलता, सेहत, पिता के कारक ग्रह हैं. साथ ही दोनों अग्नि तत्व वाले ग्रह हैं. ऐसे में मंगल का सूर्य की राशि सिंह में 9 मार्च 2027 तक संचरण करना सभी 12 राशियों पर अहम असर डालेगा. ज्योतिषाचार्य दिलीप गुप्ता से जानिए मंगल गोचर का राशियों पर प्रभाव.
मेष राशि : मंगल गोचर मेष राशि वालों का साहस, ऊर्जा बढ़ाएगा, लेकिन उन्हें जल्दबाज भी बनाएगा. जिससे वे गलत निर्णय ले सकते हैं. करियर, व्यापार के लिए समय अच्छा है. अच्छे से प्लानिंग करके काम करें.
वृष राशि : मंगल का राशि परिवर्तन वृष राशि वालों को मिला-जुला प्रभाव देगा. करियर में जिम्मेदारियां बढ़ेंगी. संपत्ति संबंधी काम देखभाल कर करें. गुस्से पर काबू रखें.
मिथुन राशि : मंगल का गोचर मिथुन राशि वालों को लाभ दे सकता है. आपकी आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा. रहन-सहन का स्तर बेहतर होगा. अहंकार और काम में लापरवाही से बचें.
कर्क राशि : कर्क राशि वालों को संभलकर रहना चाहिए. आपकी वाणी आपको नुकसान दे सकती है. काम में लापरवाही भारी पड़ सकती है. कुछ लोगों के घर में मांगलिक आयोजन, पूजा-पाठ आदि अनुष्ठान होने के योग बन रहे हैं.
सिंह राशि : मंगल ग्रह सिंह राशि में आ रहे हैं, यह आपका साहस-ऊर्जा तो बढ़ाएंगे लेकिन स्वभाव में आक्रामकता और घमंड भी देंगे. जिसके चलते आप लोगों से गलत व्यवहार कर सकते हैं और नुकसान उठाएंगे. कुछ लोगों के लिए विदेश यात्रा या लंबी यात्रा के योग बन रहे हैं.
(यह भी पढ़ें: साल 2027 में किन राशियों को मिलेगा किस्मत का साथ, 2026 के अंत में 2 क्रूर ग्रहों का परिवर्तन दे रहा बड़ा इशारा)
कन्या राशि : मंगल का यह गोचर कन्या राशि वालों के खर्च बढ़ा सकता है. साथ ही सेहत पर बुरा असर डाल सकता है. यदि कोई समस्या हो तो विशेषज्ञ को दिखाएं.
तुला राशि : मंगल का राशि परिवर्तन तुला राशि वालों के लिए शुभ संकेत दे रहा है. आपकी इनकम बढ़ सकती है. धन आने के नए रास्ते बन सकते हैं. वहीं करियर में उन्नति होने के प्रबल योग हैं. ऊंचा पद मिल सकता है. खासतौर पर जो लोग किसी बड़ी कॉरपोरेट कंपनी में हैं, वे अहम रोल में आ सकते हैं.
वृश्चिक राशि : मंगल वृश्चिक राशि के स्वामी हैं और इस गोचर के बाद करियर के लिए नए रास्ते बना सकते हैं. कुछ लोगों के लिए नई नौकरी मिलने या व्यापार में कुछ नया करने के योग बना रहे हैं.
धनु राशि : धनु राशि वालों को मंगल धर्म में रुचि बढ़ाने, धार्मिक यात्राओं पर भेजने, संपत्ति से लाभ के संकेत दे रहा है. जो लोग किसी प्रॉपर्टी डील के लिए लंबे समय से प्रयास कर रहे थे, वो अब हो सकती है.
मकर राशि : मकर राशि वालों के लिए संपत्ति और पैसे के मामले में मंगल गोचर शुभ फल दे सकता है. आपकी आर्थिक तंगी दूर हो सकती है. लेकिन लेन-देन में जल्दबाजी न करें.
कुंभ राशि : कुंभ राशि वालों के लिए मंगल गुस्सा बढ़ा सकता है. आप किसी से बुरा बोल सकते हैं. घर में लाइफ पार्टनर से बातचीत करते समय सावधान रहें.
मीन राशि : मीन राशि वालों के लिए मंगल का राशि परिवर्तन अब आपको मेहनत का फल दिला सकता है. तनाव दूर होगा. साथ ही किसी दुश्मन पर जीत हासिल हो सकती है.
(Disclaimer- यह सामग्री पारंपरिक ज्योतिषीय मान्यताओं एवं ग्रह गोचर की व्याख्याओं पर आधारित है. इसे सामान्य सूचना के रूप में देखें, न कि किसी निश्चित परिणाम या भविष्यवाणी के दावे के रूप में. किसी भी व्यक्ति पर ग्रह गोचर का प्रभाव उसकी जन्म कुंडली में ग्रहों की स्थिति, दशा, अंतर्दशा तथा अन्य ज्योतिषीय कारकों के आधार पर अलग-अलग हो सकता है.)